6 दिन से लापता महिला, जांच एजेंसी या पुलिस नहीं! कैसे 2 लावारिस कुत्तों ने सुलझाई मौत की गुत्थी?
बल्लभगढ़ की कबूलपुर कॉलोनी से एक 45 वर्षीय महिला पिछले 6 महीने से लापता था. पुलिस और परिजन उसको खोज नहीं पाए थे, लेकिन 2 लावारिस कुत्तों ने इस गुत्थी को सुलझा दिया.
woman murder case solved two dogs
अक्सर आपने सुना होगा कि किसी हत्या के मामले को पुलिस या जांच एंजेसी ने सुलझा दिया है, लेकिन अब फरीदाबाद से ऐसा मामला सामने आया है जो किसी फिल्म से कम नहीं लगता है. यहां एक लापता महिला की गुत्थी को 2 लावारिस कुत्तों ने सुलझाया है. पूरा मामला बल्लभगढ़ की कबूलपुर कॉलोनी का है, जहां पिछले 6 दिनों से 45 वर्षीय अनीता देवी नाम की महिला लापता थी. परिजन और पुलिस प्रशासन अभी तक इस महिला को खोज नहीं पाए थे.
लेकिन रॉकी और शेरू नाम के दो कुत्तों ने महिला को खोज निकाला, रिपोर्ट के मुताबिक ये महिला रोजाना इन दोनों कुत्तों को अपने हाथ से खाना खिलाया करती थी. इन बेजुबान जानवरों ने ऐसी सूझबूझ दिखाई कि पुलिस भी हैरान रह गई. कुत्तों की सतर्कता के कारण नाले में छिपाए गए शव का पता चला और हत्या की गुत्थी सुलझने लगी.
कब लापता हुई थी महिला?
अनीता देवी 15 अप्रैल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थीं. परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पा रही थी. इस दौरान दोनों कुत्ते ‘शेरू’ और ‘रॉकी’ भी शांत और उदास दिखाई दे रहे थे.
कैसे कुत्तों ने खोला राज?
18 अप्रैल को परिवार मोहला गांव के पास एक नाले के किनारे तलाश कर रहा था. तभी दोनों कुत्ते अचानक झाड़ियों की ओर दौड़े और जोर-जोर से भौंकने लगे. परिजनों ने उन्हें हटाने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों ने नाले के पास पड़ी अनीता की साड़ी खोज निकाली. इसके बाद एक कुत्ता सीधे जलकुंभी से भरे नाले में कूद गया, जिससे पानी के नीचे छिपा शव सामने आ गया.
किसने की हत्या?
पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ, उसने सभी को चौंका दिया. अनीता की हत्या उनके ही पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्र ने मिलकर की थी. जानकारी के अनुसार, आरोपी परमजीत 15 अप्रैल को गैस सिलेंडर देने के बहाने अनीता के घर पहुंचा और फिर बिजली बिल भरवाने के नाम पर उन्हें अपने साथ बाइक पर ले गया. रास्ते में उसने बेरहमी से उनकी हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपी ने अपने पिता जगमिंदर डागर के साथ मिलकर शव को जलकुंभी से भरे नाले में फेंक दिया, ताकि किसी को भनक न लगे। लेकिन कुत्तों की वफादारी ने उनकी योजना को विफल कर दिया.
क्या गिरफ्तार हुए आरोपी?
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता जगमिंदर डागर को गिरफ्तार कर लिया गया है और अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. हालांकि, मुख्य आरोपी परमजीत अभी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा उन दो कुत्तों की हो रही है, जिन्होंने अपनी वफादारी और समझदारी से एक जघन्य अपराध का पर्दाफाश कर दिया.




