दिल्ली को फिर दहलाने की साजिश, हाई अलर्ट पर एजेंसियां ! मंदिर, पुलिस कैंप और भीड़भाड़ वाले इलाके आतंकियों के निशाने पर
दिल्ली में आतंकी हमले के इनपुट के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. पुलिस ने राजधानी के संवेदनशील इलाकों में चेकिंग बढ़ा दी है. जांच एजेंसियों को आशंका है कि IED और टारगेट अटैक के जरिए दहशत फैलाने की साजिश रची जा सकती है.
दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट
Delhi on High Alert After Intelligence Warns of Possible Terror Attack: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं. खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है. सूत्रों के मुताबिक, आतंकवादी राजधानी के प्रमुख ठिकानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के जरिए निशाना बनाने की साजिश रच सकते हैं.
इनपुट मिलते ही दिल्ली पुलिस ने कई संवेदनशील इलाकों में बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया. खासतौर पर राजनीतिक और रणनीतिक महत्व वाले स्थानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. दिल्ली बीजेपी कार्यालय और बीजेपी मुख्यालय के बाहर अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई और पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई.
कहां-कहां हमला कर सकते हैं आतंकी?
सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा बलों की मौजूदगी वाले कुछ स्थान भी आतंकियों के निशाने पर हो सकते हैं. इसी वजह से पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्सेज को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. यह अलर्ट ऐसे समय आया है, जब कुछ हफ्ते पहले ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान से जुड़े एक आतंकी-गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था. इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया था. जांच में सामने आया था कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े कथित ऑपरेटिव शाहजाद भट्टी के इशारों पर काम कर रहा था.
दिल्ली में टारगेट किलिंग की योजना बना रहे आतंकी
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी दिल्ली में टारगेट किलिंग की योजना बना रहे थे. सूत्रों के अनुसार, राजधानी के कुछ हाई-प्रोफाइल इलाकों और एक प्रमुख मंदिर की रेकी भी की गई थी. वहां की वीडियो रिकॉर्डिंग पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेजी गई थी. जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली कि मंदिर परिसर में तैनात पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों को निशाना बनाकर गोलीबारी की साजिश थी, ताकि अफरा-तफरी और दहशत फैलाई जा सके.
इसके अलावा, दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक मशहूर ढाबे पर ग्रेनेड हमला करने की भी योजना सामने आई है. एजेंसियों के मुताबिक, इस जगह को इसलिए चुना गया क्योंकि यहां रोज बड़ी संख्या में लोग आते हैं. सूत्रों ने यह भी दावा किया कि हरियाणा के हिसार में एक सैन्य कैंप की रेकी की गई थी और उसके वीडियो भी सीमा पार भेजे गए. यूपी के कुछ पुलिस थाने भी कथित तौर पर आतंकियों के निशाने पर थे.
लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट में 15 लोगों की हुई थी मौत
पिछले साल लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट के बाद भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं. उस धमाके में 15 लोगों की मौत हुई थी. जांच में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक 'व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल' का खुलासा हुआ था, जिसमें कुछ कट्टरपंथी डॉक्टरों के शामिल होने का आरोप लगा था.
फिलहाल दिल्ली पुलिस, स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं. भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों, सरकारी भवनों और वीआईपी लोकेशनों पर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है.




