भीषण गर्मी के बीच Delhi-NCR वालों को राहत, IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट; कैसा रहेगा आज का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 12 मई को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश, गरज-चमक और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है, जिससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिल सकती है.
Delhi NCR Weather today
Delhi-NCR Weather: उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट लेना शुरू कर दिया है. राजधानी दिल्ली समेत हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अचानक मौसम बदलने के संकेत मिले हैं. मौसम विभाग के अनुसार 12 मई को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश, गरज-चमक और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है, जिससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिल सकती है.
पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ती उमस और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी. हालांकि अब पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है. आने वाले दो दिनों तक मौसम सुहावना बना रह सकता है और तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में धूल भरी आंधी और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है. हल्की बारिश के चलते तापमान में कमी आने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत महसूस हो सकती है.
कैसा रहेगा तापमान?
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. बादलों की आवाजाही और बूंदाबांदी के कारण मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहेगा. पिछले कुछ दिनों से लगातार गर्म रातों और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा था, लेकिन अब मौसम में बदलाव साफ महसूस किया जा रहा है.
क्यों बदल रहा मौसम?
रिपोर्ट्स के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से उत्तर भारत के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है. इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के इलाकों में बादल छाने, हल्की बारिश होने और ठंडी हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है.
क्या लू का खतरा होगा कम?
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में लू जैसी स्थिति बनने की संभावना काफी कम है. हालांकि हवा में नमी बढ़ने के कारण उमस बनी रह सकती है. लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर के समय पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और तेज धूप में बाहर निकलने से बचें.




