Begin typing your search...

कौन हैं हिमंता सरकार के ‘पावरफुल 4’? जिन पर BJP ने जताया भरोसा, आज लेंगे मंत्री पद की शपथ

असम में हिमंता बिस्वा सरमा दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. उनके साथ 4 नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे. जिनमें बड़े नाम शामिल हैं. जानिए राजनीतिक प्रोफाइल और अहम भूमिका.

कौन हैं हिमंता सरकार के ‘पावरफुल 4’? जिन पर BJP ने जताया भरोसा, आज लेंगे मंत्री पद की शपथ
X
( Image Source:  X-@ANI )

असम में नई सरकार के गठन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और मंगलवार यानी आज Himanta Biswa Sarma दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. शपथ ग्रहण समारोह से पहले राज्य की राजनीति में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर थी कि नई कैबिनेट में किन नेताओं को जगह मिलेगी और मंत्रिमंडल का आकार कितना बड़ा होगा. अब मुख्यमंत्री सरमा ने खुद इन अटकलों पर विराम लगा दिया है.

सोमवार देर रात हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए उन चार नेताओं के नामों का ऐलान किया, जो उनके साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे. नई सरकार में फिलहाल सिर्फ चार मंत्रियों को शामिल किया जा रहा है. इनमें भाजपा के दो वरिष्ठ नेता और सहयोगी दलों Asom Gana Parishad तथा Bodoland People's Front के एक-एक प्रतिनिधि शामिल हैं.

जिन नेताओं के नाम तय किए गए हैं, उनमें Rameswar Teli, Ajanta Neog, Atul Bora और Charan Boro शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने स्वयं इसकी जानकारी सार्वजनिक की, जिसके बाद मंत्रिमंडल को लेकर चल रहे तमाम कयास खत्म हो गए.

रामेश्वर तेली कौन?

रामेश्वर तेली को असम के प्रभावशाली जनजातीय नेताओं में माना जाता है. वे केंद्र सरकार में खाद्य प्रसंस्करण और पेट्रोलियम मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. लंबे समय तक लोकसभा और विधानसभा की राजनीति में सक्रिय रहने के बाद उन्हें 2024 में राज्यसभा भेजा गया था. अब वे डुलियाजन सीट से जीतकर फिर विधानसभा पहुंचे हैं. उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन में मजबूत पकड़ को देखते हुए माना जा रहा है कि नई सरकार में उन्हें अहम विभाग मिल सकता है.

अतुल बोरा भी लेंगे शपथ?

वहीं अतुल बोरा असम गण परिषद के प्रमुख चेहरों में से एक हैं. छात्र राजनीति से शुरुआत करने वाले अतुल बोरा की राजनीतिक पहचान असम आंदोलन के दौर में मजबूत हुई थी. वे लंबे समय से क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय हैं और भाजपा के नेतृत्व वाली पिछली दोनों सरकारों में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. सहयोगी दल AGP की ओर से उन्हें एक बार फिर सरकार में शामिल किया जा रहा है.

नई सरकार में बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट की तरफ से चरण बोरो को जगह दी गई है. चरण बोरो लगातार तीसरी बार माजबाट सीट से विधायक चुने गए हैं. पिछले साल अक्टूबर में उन्हें सरमा सरकार में मंत्री बनाया गया था. माना जाता है कि भाजपा और बीपीएफ के बीच राजनीतिक तालमेल मजबूत बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है.

कौन हैं रणजीत कुमार दास?

इसके अलावा पूर्व असम भाजपा अध्यक्ष Ranjeet Kumar Dass को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए एनडीए उम्मीदवार घोषित किया गया है. इससे साफ संकेत मिला है कि भाजपा संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर अनुभवी नेताओं को अहम जिम्मेदारियां देने की रणनीति पर काम कर रही है.

अंजता नियोग के बारे में कितना जानते हैं आप?

अजंता नियोग भी असम की राजनीति का बड़ा नाम मानी जाती हैं. वे लगातार छठी बार गोलाघाट सीट से विधायक चुनी गई हैं. उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी और पूर्व मुख्यमंत्री Tarun Gogoi की सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं. बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया. पिछली हिमंता सरकार में उन्होंने वित्त मंत्री के रूप में काम किया था और असम की पहली महिला वित्त मंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाया था.

हिमंता बिस्वा सरमा के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के साथ अब राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर टिकी है कि नई सरकार राज्य में विकास, गठबंधन राजनीति और प्रशासनिक संतुलन को किस तरह आगे बढ़ाती है. फिलहाल इतना साफ हो चुका है कि भाजपा ने अनुभव, क्षेत्रीय संतुलन और सहयोगी दलों को साथ लेकर नई कैबिनेट की शुरुआती तस्वीर तैयार की है.

अगला लेख