Ranveer Singh बनेंगे भगवान शिव! भारी रकम देकर खरीदे The Immortals of Meluha के राइट्स; 3 पार्ट में बनेगी फिल्म
रणवीर सिंह ने कथित तौर पर ‘द इमॉर्टल्स ऑफ मेलुहा’ के फिल्म राइट्स खरीद लिए हैं और अब इसे तीन भागों वाली भव्य ट्रिलॉजी के रूप में बनाने की तैयारी है. इस पौराणिक-फैंटेसी फ्रेंचाइजी में रणवीर भगवान शिव के आधुनिक सिनेमाई अवतार में नजर आ सकते हैं.
बॉलीवुड के 'धुरंधर' स्टार रणवीर सिंह (Ranveer Singh) एक बार फिर बड़ी और चुनौती भरी फिल्म के लिए तैयार दिख रहे हैं. खबरें आ रही हैं कि वे अमीश त्रिपाठी की प्रसिद्ध किताब 'द इमॉर्टल्स ऑफ मेलुहा' पर बेस्ड फिल्म में भगवान शिव का किरदार निभा सकते हैं. यह प्रोजेक्ट उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक बड़ी फिल्मी फ्रेंचाइजी बन सकता है. पिंकविला ने 11 मई को रिपोर्ट दी कि रणवीर सिंह ने इस फेमस नॉवेल के राइट्स भारी रकम देकर खरीद लिए हैं. यह डील काफी सीक्रेट तरीके से हुई है. फिल्म का पूरा निर्माण रणवीर के अपने प्रोडक्शन हाउस मां कसम फिल्म्स के बैनर तले होगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर ने इस ग्रैंड मैथोलॉजिकल स्टोरी को तीन भागों वाली बड़ी त्रयी (ट्रिलॉजी) के रूप में बनाना तय किया है. इसके लिए उन्होंने आदित्य बिरला के बिरला स्टूडियोज के साथ साझेदारी भी कर ली है.
क्या है कहानी?
अमीश त्रिपाठी की 'शिव ट्रिलॉजी' बेहद मशहूर है. पहली किताब 'द इमॉर्टल्स ऑफ मेलुहा' करीब 1900 ईसा पूर्व की कहानी है. इसमें भगवान शिव को एक तिब्बती योद्धा के रूप में दिखाया गया है, जो मेलुहा नाम के एक बेहद विकसित और शक्तिशाली साम्राज्य में पहुंचते हैं. वहां लोगों की एक भविष्यवाणी होती है कि एक 'नीलकंठ' आएगा जो बुराई से लड़कर सबको बचाएगा. रणवीर सिंह इस ट्रिलॉजी में मुख्य किरदार 'लॉस्ट शिवा' के रूप में नजर आने वाले हैं.
पहले भी हुई थी कोशिश
यह प्रोजेक्ट नया नहीं है, साल 2012 में करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस ने इसे फिल्म बनाने की घोषणा की थी. उस समय अफवाह थी कि फिल्म का नाम 'शुद्धि' होगा और करण मल्होत्रा इसे डायरेक्ट करेंगे। लेकिन कई वजहों से यह प्रोजेक्ट लंबे समय तक ठंडे बस्ते में पड़ा रहा. 2017 में अधिकारों का कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया. बाद में संजय लीला भंसाली, शेखर कपूर जैसे बड़े नामों के भी इस कहानी पर फिल्म बनाने की खबरें आईं, लेकिन कोई सौदा पक्का नहीं हो सका. अब आखिरकार रणवीर सिंह ने इसे अपने हाथ में ले लिया है.
रणवीर के लिए क्यों है यह बड़ा कदम?
'धुरंधर' और 'धुरंधर 2: द रिवेंज' जैसी फिल्मों की सफलता के बाद रणवीर का करियर एक नई ऊंचाई पर पहुंच गया है. अब वे अपनी कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर कुछ नया और बड़ा करना चाहते हैं. पौराणिक-फैंटसी में काम करना उनके लिए नया एक्सपीरियंस होगा. फिलहाल रणवीर कई बड़ी फिल्मों में बिजी हैं. वे मार्च 2027 से आदित्य धर के साथ एक और बड़ी फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले हैं. इसके अलावा जय मेहता द्वारा निर्देशित फिल्म 'प्रलय' की शूटिंग अगस्त 2026 में हो सकती है. ऐसे में 'द इमॉर्टल्स ऑफ मेलुहा' उनकी व्यस्त शेड्यूल में एक और बड़ा ऐडिशन होगा.
आगे क्या है प्लान?
सूत्रों के अनुसार, प्रोजेक्ट अभी डेवलपमेंट स्टेज पर है. स्क्रिप्ट और पूरी दुनिया को तैयार करने के बाद ही दूसरे कलाकारों और डायरेक्टर का ऐलान किया जाएगा. पहली फिल्म की शूटिंग 2028 में शुरू हो सकती है. पूरी ट्रिलॉजी को एक बड़े सिनेमाई ब्रह्मांड के रूप में पेश करने की योजना है, जो दर्शकों को रोमांचित करने वाली हो. रणवीर सिंह इन दिनों पिता बनने की खुशी भी मना रहे हैं. दूसरी बच्चे की उम्मीद के बीच यह नया प्रोजेक्ट उनके लिए एक बड़ा फिल्मी दांव है.




