PM Modi को अपशब्द बोलने वाले सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी कौन? Viral VIDEO के बाद हुई FIR- अब क्या होगा एक्शन
समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र लोधी का पीएम मोदी के लिए अपशब्द बोलने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब FIR दर्ज हो गई है. उनके बयान पर सीएम योगी भी भड़क गए.
SP Mahoba MP Ajendra Singh Lodhi Viral Video Controversy
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन उस समय बड़े राजनीतिक विवाद में बदल गया, जब हमीरपुर-महोबा से सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में अब सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
स मामले ने प्रदेश की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है. सांसद के बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी ने इसे प्रधानमंत्री और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान बताया है.
कब दिया विवादित बयान?
सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर महोबा कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर रहे थे. इस प्रदर्शन का नेतृत्व सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और जिलाध्यक्ष शोभा लाल यादव कर रहे थे. कार्यकर्ता राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे. इसी दौरान मीडिया से बातचीत करते समय सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की टिप्पणी विवादों में आ गई. आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
किस नेता ने दर्ज कराई FIR?
मामले को लेकर भाजपा नेता सत्येंद्र प्रताप गुप्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर महोबा के कोतवाली नगर थाने में सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस अब वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है। मामले को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है.
कौन हैं सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी?
अजेंद्र सिंह लोधी उत्तर प्रदेश की हमीरपुर-महोबा लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद हैं. उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह चंदेल को हराकर जीत दर्ज की थी. वे समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं और लोधी (राजपूत) समुदाय से संबंध रखते हैं. उनके पिता चंद्रनारायण सिंह राजपूत भी राजनीति में सक्रिय रहे हैं और चरखारी व महोबा विधानसभा सीटों से विधायक रह चुके हैं.
अजेंद्र सिंह लोधी ने 12वीं तक शिक्षा प्राप्त की है. चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपना पेशा कृषि बताया है. उनका जन्म 9 अगस्त 1970 को हुआ था. संपत्ति के मामले में भी वे चर्चा में रहे हैं. चुनाव आयोग में दाखिल शपथ पत्र के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 5 करोड़ रुपये है. उन्होंने साल 1991 में रेखा सिंह से विवाह किया था.
क्या बोले सीएम योगी?
अजेंद्र लोधी के विवादित बयान पर टिप्पणी करते हुए सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट शेयर करके लिखा "विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति एक सांसद द्वारा की गई असंसदीय टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात है. यह कृत्य राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और सार्वजनिक जीवन की शालीनता के प्रति अनादर को प्रकट करता है. यह बयान 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश का भी अपमान है."




