Begin typing your search...

मई में बदला मौसम का मिजाज! यूपी-बिहार में आंधी-बारिश, राजस्थान में लू का अलर्ट, जानें IMD अपडेट

भारत मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली में गर्मी बढ़ने वाली है, जबकि यूपी, बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल में मौसम सुहाना रहने की संभावना है.

8 May Weather Update
X
8 May Weather Update
( Image Source:  ANI )

मई का महीना आमतौर पर भारत में बहुत गर्म होता है. भीषण गर्मी और लू लोगों को खूब परेशान करती है. लेकिन इस साल कुछ राज्यों में मौसम बिल्कुल उलटा चल रहा है. उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कई दूसरे राज्यों में तेज़ हवाएं चल रही हैं और बारिश भी हो रही है. इससे मौसम में थोड़ी ठंडक और नरमी महसूस हो रही है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि 10 मई से 13 मई तक उत्तर-पश्चिम भारत में अच्छी बारिश होने की संभावना है. बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है. इस दौरान हवाएँ 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज़ रफ्तार से चल सकती हैं.

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में अब गर्मी फिर से बढ़ने वाली है. 8 से 12 मई तक अगले कुछ दिनों तक दिन में गर्मी ज्यादा महसूस होगी. तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है. शुक्रवार को आसमान साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने की उम्मीद है. 9 मई से 13 मई तक दिन का तापमान 36 से 39 डिग्री और रात का तापमान 25 डिग्री के आसपास रह सकता है. 12 मई के बाद तापमान में फिर थोड़ी कमी आ सकती है. अभी बारिश की कोई साफ संभावना नहीं बताई गई है.

उत्तर प्रदेश का मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 8 से 13 मई तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण यह बदलाव आ रहा है. पश्चिमी और पूर्वी यूपी में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएँ चल सकती हैं. लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, आगरा और बरेली जैसे बड़े शहरों में आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए.

बिहार का मौसम

बिहार में भी 8 से 11 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज़ हवाओं का अलर्ट है. पटना समेत कई जिलों में तेज़ हवाएँ चलने की चेतावनी दी गई है. गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा और बेगूसराय में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उमस बढ़ जाएगी. कुछ इलाकों में अचानक तेज़ आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी है.

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में मौसम दो हिस्सों में बंटा हुआ रहेगा. 8 से 13 मई तक पूर्वी राजस्थान के जयपुर, कोटा, उदयपुर, भरतपुर, अजमेर) में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज़ हवाएँ चलेंगी. पश्चिमी राजस्थान (जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर) में 9 से 13 मई तक लू का अलर्ट है। यहाँ तापमान तेज़ी से बढ़ेगा और गर्म हवाएँ लोगों को ज्यादा परेशान करेंगी.

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का मौसम

उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम बार-बार बदलता रहेगा. देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और चमोली में हल्की बारिश, आंधी और बिजली चमकने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में मौसम बहुत जल्दी बदल जाता है, इसलिए सावधानी जरूरी है. 11 से 13 मई के बीच फिर से बारिश का नया दौर आ सकता है. हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा. 11 से 13 मई के दौरान तेज़ हवाओं के साथ बारिश होगी. शिमला, मनाली, धर्मशाला, मंडी, कुल्लू और चंबा में हल्की बारिश होने की उम्मीद है. ऊंचे इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है.

मौसम
अगला लेख