बंगाल में जलवा, बिहार में हलवा! आखिर क्यूं कट गया मंगल पांडेय का नाम? कोई और तो स्क्रिप्ट नहीं लिखी जा रही
सम्राट चौधरी कैबिनेट विस्तार में कई बड़े बीजेपी नेताओं को जगह नहीं मिली. जानिए किन दिग्गजों का पत्ता कटा और क्या हैं इसके राजनीतिक मायने?
बिहार में शुक्रवार को सीएम सम्राट चौधरी कैबिनेट के विस्तार का काम पूरा हो गया, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में ये बात है कि बीजेपी के जिस कद्दावर नेता और ब्राह्मण चेहरा का सबसे ज्यादा चर्चा जिन नाम रहा, उनमें एक नाम ऐसा भी था, जिन्हें आज कैबिनेट में जगह नहीं मिली. वो नाम है मंगल पांडे. लंबे समय से बिहार बीजेपी का बड़ा ब्राह्मण चेहरा माने जाने वाले मंगल पांडेय को इस बार मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि उनका नाम क्यों कटा, बल्कि यह भी है कि क्या बीजेपी बिहार में कोई नई राजनीतिक पटकथा लिख रही है? हालांकि, सिर्फ पांडे का ही नहीं, संजय जायसवाल, जनकराम, प्रमोद कुमार और शाहनवाज हुसैन को भी इस बार मंत्री नहीं बनाया गया.
बंगाल में संगठन के हीरो, Bihar में साइडलाइन?
मंगल पांडेय उन नेताओं में गिने जाते हैं जिन्होंने पश्चिम बंगाल में बीजेपी के विस्तार के शुरुआती दौर में संगठनात्मक भूमिका निभाई. बंगाल बीजेपी के प्रभारी रहते हुए उन्होंने पार्टी के कैडर विस्तार और बूथ नेटवर्क मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी. यही वजह है कि पार्टी के अंदर उन्हें “संगठन का भरोसेमंद चेहरा” माना जाता रहा. लेकिन बिहार की राजनीति में तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है. कैबिनेट विस्तार में कई नए और विरासत आधारित चेहरों को जगह मिली, मगर मंगल पांडेय जैसे अनुभवी नेता बाहर रह गए. इससे यह संदेश गया कि पार्टी अब केवल पुराने संगठनात्मक चेहरों के भरोसे नहीं चलना चाहती.
क्यों कटा नाम?
इसके पीछे कई राजनीतिक कारण माने जा रहे हैं. उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं. पार्टी के नेताओं का लॉबी ने ही नीतीश सरकार के दौरान लगातार स्वास्थ्य मंत्री रहने और कई घोटालों को अंजाम देने का आरोप है. सूत्रों के अनुसार बाबा नाम का एक शख्य जिसका पटना के हथुआ मार्केट मेडिसिन कंपनी है, को मंगल पांडे का संरक्षण हासिल था. इसी आधार पर बीजेपी के एक और कद्दावर नेता नंद किशोर यादव को भी सरकार में पहले भी स्थान नहीं मिला. बाद में उन्हें साइडलाइन किया गया. फिर मार्च 2026 में उन्हें नागालैंड का गवर्नर बना दिया गया. सूत्र बताते हैं कि मंगल पांडे को भी किसी बड़े राज्य का गवर्नर बना दिया जाए.
फिर, बीजेपी इस समय बिहार में जातीय और सामाजिक संतुलन को नए तरीके से साधने की कोशिश में है. पार्टी ओबीसी, ईबीसी, निषाद, कुशवाहा और युवा चेहरों को ज्यादा प्राथमिकता देती दिखाई दे रही है. ऐसे में ब्राह्मण प्रतिनिधित्व को सीमित करने का फैसला रणनीतिक माना जा रहा है.
नई पीढ़ी को आगे लाने की तैयारी
कैबिनेट विस्तार में कई ऐसे चेहरे शामिल किए गए हैं, जिनकी राजनीतिक पहचान परिवार आधारित है, लेकिन उन्हें भविष्य के निवेश के तौर पर देखा जा रहा है. इससे संकेत मिलता है कि बीजेपी आने वाले दशक की राजनीति के लिए नए चेहरे तैयार कर रही है. मंगल पांडेय जैसे वरिष्ठ नेताओं की भूमिका अब संगठन या चुनाव प्रबंधन तक सीमित की जा सकती है.
बिहार बीजेपी में शक्ति संतुलन
सम्राट चौधरी और अन्य उभरते नेताओं के दौर में बिहार बीजेपी का शक्ति संतुलन बदल रहा है. पार्टी अब कई पावर सेंटर बनाने की बजाय नियंत्रित नेतृत्व मॉडल पर काम करती दिख रही है. ऐसे में कुछ पुराने नेताओं का प्रभाव सीमित होना स्वाभाविक माना जा रहा है.
क्या कोई बड़ी स्क्रिप्ट लिखी जा रही है?
बिहार के सियासी जानकारों का मानना है कि यह केवल कैबिनेट विस्तार नहीं, बल्कि 2029 और उसके बाद की राजनीति की तैयारी भी हो सकती है. बीजेपी बिहार में नेतृत्व की दूसरी और तीसरी लाइन तैयार कर रही है. ऐसे में कुछ वरिष्ठ नेताओं को धीरे-धीरे सक्रिय सत्ता से दूर कर संगठनात्मक या चुनावी भूमिकाओं में शिफ्ट किया जा सकता है. यह भी माना जा रहा है कि पार्टी “एक चेहरा, एक प्रभाव” की रणनीति पर आगे बढ़ना चाहती है. ताकि भविष्य में नेतृत्व संघर्ष की स्थिति न बने. इसी वजह से कुछ ऐसे नेताओं को सीमित किया जा रहा है जिनकी अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पकड़ मजबूत रही है.
संदेश क्या गया?
मंगल पांडेय का नाम कटना केवल एक नेता का बाहर रह जाना नहीं माना जा रहा. यह बीजेपी के भीतर बदलती प्राथमिकताओं, नए सामाजिक समीकरणों और भविष्य की राजनीतिक इंजीनियरिंग का संकेत भी माना जा रहा है. यानी बंगाल में संगठन खड़ा करने वाले नेता को बिहार में “हलवा” तक न मिलना सिर्फ संयोग नहीं, बल्कि रणनीति भी हो सकती है. अब देखना होगा कि आने वाले महीनों में पार्टी उन्हें कोई नई जिम्मेदारी देती है या सचमुच बिहार की राजनीति में कोई नई स्क्रिप्ट लिखी जा रही है.
क्या संकेत देना चाहती है BJP?
इस कैबिनेट विस्तार से साफ संकेत मिला कि बीजेपी अब केवल वरिष्ठता या पुराने कद के आधार पर फैसले नहीं लेना चाहती. पार्टी की प्राथमिकता अब तीन चीजों पर ज्यादा दिख रही है. इनमें जातीय और सामाजिक संतुलन, भविष्य के नए चेहरे तैयार करना, राजनीतिक परिवारों और प्रभावशाली सामाजिक समूहों को साधना है. यही वजह है कि कई अनुभवी नेताओं की जगह नए लेकिन “सामाजिक प्रभाव वाले” चेहरों को मौका मिला. इससे बिहार बीजेपी के भीतर आने वाले समय में शक्ति संतुलन और नेतृत्व संरचना बदलने के संकेत भी दिखाई दे रहे हैं.




