Samrat Chaudhary कैबिनेट में परिवारवाद का चौका! सल्तनत के विस्तार में जरूरी या मजबूरी है ‘पिताजी के कर्मों’ की काया - Explainer
सम्राट चौधरी कैबिनेट विस्तार में चार ऐसे चेहरों को जगह मिली जिनकी पहचान उनके सियासी परिवारों से जुड़ी है. खुद की सियासी जमीन जीरो है. जानिए परिवारवाद की पूरी कहानी.
बिहार की राजनीति में सत्ता और सियासी परिवार का रिश्ता कोई नया नहीं है, लेकिन 7 मई को सम्राट चौधरी सरकार के ताजा कैबिनेट विस्तार ने इस बहस को फिर तेज कर दिया है. बहस इसलिए कि कैबिनेट में शामिल निशांत कुमार, श्रेयसी सिंह, रमा निषाद और दीपक कुमार कुशवाहा, ऐसे मंत्री हैं, जिनका खुद का सियासी रसूख जीरो है. बावजूद इसके इन्हें बिहार सरकार में मंत्री बनाया गया है. इसकी वजह इनके पीछे खड़े राजनीतिक परिवार की ताकत है. यही कारण है कि विपक्ष इस विस्तार को “परिवारवाद का चौका” बता रहा है, जबकि सत्ता पक्ष इसे सामाजिक और राजनीतिक संतुलन की रणनीति कह रहा है.
दरअसल, बिहार की राजनीति लंबे समय से व्यक्तित्व आधारित राजनीति की रही है. यहां संगठन से ज्यादा पहचान परिवार, जातीय समीकरण और राजनीतिक विरासत से सरकार बनती रही है. ऐसे में जब नई पीढ़ी को सत्ता में जगह दी जाती है तो सवाल उठता है कि क्या यह भविष्य की तैयारी है या पुराने नेताओं के प्रभाव को बनाए रखने की मजबूरी?
परिवारवाद की राजनीति आज भी क्यों प्रभावी?
भारतीय राजनीति में परिवारवाद केवल भावनात्मक विरासत नहीं, बल्कि राजनीतिक निवेश माना जाता है. बड़े नेताओं के परिवार के सदस्यों के पास पहले से तैयार वोट बैंक, कार्यकर्ता नेटवर्क और पहचान होती है. यही वजह है कि पार्टियां नए और जमीनी नेताओं पर दांव लगाने की बजाय स्थापित राजनीतिक परिवारों के चेहरों को प्राथमिकता देती हैं.
सम्राट चौधरी सरकार के इस विस्तार को भी इसी नजरिये से देखा जा रहा है. भाजपा और सहयोगी दल जानते हैं कि आने वाले चुनावों में केवल संगठन नहीं, बल्कि प्रभावशाली परिवारों का सामाजिक असर भी निर्णायक होगा. इसलिए कई ऐसे चेहरों को जगह दी गई जिनकी सबसे बड़ी ताकत उनकी निजी राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि उनके परिवार की विरासत है. ऐसे में समझें कि चौका लगाने वाले मंत्रियों की हैसियत क्या?
1. Nishant Kumar: राजनीति से दूरी, विरासत सबसे बड़ी ताकत
निशांत कुमार बिहार में 10 बार मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के बेटे हैं. लंबे समय तक वे सक्रिय राजनीति से दूर रहे हैं. पिछले कुछ समय से ही वह सक्रिय है. न तो विधायक हैं और न ही एमएलसी. उन्होंने न तो कोई बड़ा चुनाव लड़ा और न ही संगठनात्मक राजनीति में कोई अहम भूमिका निभाई. इसके बावजूद बिहार की राजनीति में उनका नाम हमेशा चर्चा में रहा, क्योंकि वे जेडीयू सुप्रीमो और बिहार की राजनीति के सबसे प्रभावशाली चेहरों में से एक नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी माने जाते रहे हैं. हालांकि, निशांत पेशे से इंजीनियर रहे हैं.
अभी तक निशांत कुमार की पहचान एक लो-प्रोफाइल राजनीतिक वारिस की रही है. वे सार्वजनिक मंचों पर कम दिखाई देते हैं, लेकिन जेडीयू कार्यकर्ताओं के बीच उन्हें “भविष्य का चेहरा” मानने वालों की कमी नहीं रही. कैबिनेट में उनकी एंट्री को केवल मंत्री पद नहीं, बल्कि नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत के औपचारिक हस्तांतरण के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है.
सियासी जानकारों का मानना है कि निशांत कुमार की सबसे बड़ी ताकत उनकी खुद की राजनीतिक उपलब्धियां नहीं, बल्कि उनके पिता की दशकों पुरानी साख, सुशासन की छवि और कुर्मी-आधारित सामाजिक समीकरण हैं. यानी यह मौका उन्हें व्यक्तिगत संघर्ष से ज्यादा पारिवारिक विरासत के कारण मिला माना जा रहा है.
2. Shreyasi Singh: खेल से राजनीति, अब पिता की पॉलिटिक्स का असर
श्रेयसी सिंह की पहचान पहले एक अंतरराष्ट्रीय शूटर के रूप में बनी. उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया, लेकिन राजनीति में उनकी एंट्री का रास्ता उनके परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि से होकर निकला.
श्रेयसी सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह की बेटी हैं. दिग्विजय सिंह बिहार और झारखंड की राजनीति में मजबूत राजपूत चेहरे माने जाते थे. उनका व्यापक राजनीतिक नेटवर्क और भाजपा में प्रभाव लंबे समय तक कायम रहा. पिता के निधन के बाद श्रेयसी सिंह को उसी राजनीतिक विरासत का स्वाभाविक उत्तराधिकारी माना गया.
निशांत से इतर श्रेयसी जमुई विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज करा चुकी हैं, लेकिन उनकी राजनीतिक पहचान अभी भी काफी हद तक उनके पिता की विरासत से जुड़ी मानी जाती है. भाजपा के लिए वे सिर्फ एक युवा महिला चेहरा नहीं, बल्कि राजपूत समाज में दिग्विजय सिंह की राजनीतिक पूंजी को आगे बढ़ाने का माध्यम भी हैं.
3. Deepak Prakash Kushwaha: कुशवाहा समीकरण और सियासी परिवार
दीपक प्रकाश कुशवाहा बिहार की उस नई पीढ़ी के नेता माने जा रहे हैं, जिनकी राजनीतिक पहचान उनके परिवार की सियासी पृष्ठभूमि से बनी. वह पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के बेटे हैं. कुशवाहा समाज बिहार की राजनीति में प्रभावशाली वोट बैंक माना जाता है और लगभग हर दल इस समुदाय में अपनी पकड़ मजबूत रखना चाहता है.
दीपक प्रकाश कुशवाहा का नाम लंबे समय से राजनीतिक परिवार और सामाजिक नेटवर्क के कारण चर्चा में रहा. संगठन में उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियां बहुत बड़ी नहीं मानी जातीं, लेकिन कुशवाहा समाज में परिवार की पहचान ने उन्हें तेजी से आगे बढ़ाया. यही वजह है कि कैबिनेट विस्तार में उन्हें प्रतिनिधित्व देकर सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश की गई.
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, बिहार की राजनीति में कई बार ऐसे नेताओं को आगे बढ़ाया जाता है जिनके परिवार पहले से राजनीतिक रूप से स्थापित हों. इससे पार्टी को तुरंत पहचान और सामाजिक समर्थन मिलता है. दीपक प्रकाश कुशवाहा के मामले में भी यही आधार दिखाई देता है.
उनके मंत्री बनने को व्यक्तिगत राजनीतिक संघर्ष की उपलब्धि से ज्यादा परिवार की राजनीतिक विरासत और समुदाय में प्रभाव का परिणाम माना जा रहा है. यानी यहां भी “पिता के कर्मों की काया” सत्ता तक पहुंचने का मजबूत आधार है.
4. Rama Nishad: निषाद समाज और पति की राजनीतिक पूंजी
रमा निषाद बिहार की राजनीति में निषाद समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाला चेहरा मानी जाती हैं. हालांकि, उनकी व्यक्तिगत राजनीतिक यात्रा बहुत लंबी या संघर्षपूर्ण नहीं रही, लेकिन उनके पीछे खड़ा राजनीतिक परिवार उन्हें सत्ता तक पहुंचाने में अहम रहा.
रमा निषाद की पहचान उनके पति अजय निषाद की राजनीतिक सक्रियता और निषाद समाज में प्रभाव से जुड़ी रही है. वह औराई विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. बिहार में पिछले कुछ वर्षों में निषाद वोट बैंक को लेकर राजनीतिक दलों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ी है. ऐसे में भाजपा और सहयोगी दलों ने इस समाज में मजबूत पकड़ बनाने के लिए ऐसे चेहरों को आगे बढ़ाया जो पहले से सामाजिक प्रभाव रखते हों.
राजनीतिक गलियारों में माना जाता है कि रमा निषाद की ताकत उनकी खुद की संगठनात्मक पकड़ से ज्यादा उनके परिवार का सामाजिक नेटवर्क और समुदाय आधारित प्रभाव है. यही कारण है कि उन्हें कैबिनेट में शामिल कर निषाद वोट बैंक को साधने की कोशिश दिखाई देती है.
उनकी नियुक्ति यह भी दिखाती है कि बिहार की राजनीति में अब केवल व्यक्तिगत राजनीतिक संघर्ष ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवार और जातीय प्रभाव भी सत्ता तक पहुंचने का बड़ा माध्यम बना हुआ है. यानी मंत्री पद तक पहुंचने में पति और परिवार की राजनीतिक पूंजी की बड़ी भूमिका मानी जा रही है.
क्या यह भविष्य की राजनीति की तैयारी है?
सम्राट चौधरी सरकार का यह कैबिनेट विस्तार केवल मंत्रियों की संख्या बढ़ाने भर का मामला नहीं है. यह बिहार में आने वाले राजनीतिक दौर की तैयारी भी माना जा रहा है. भाजपा और सहयोगी दल ऐसे चेहरों को आगे बढ़ाना चाहते हैं, जिनके पास विरासत, जातीय प्रभाव और पहचान मौजूद हों.
बड़ा सवाल यह है कि क्या बिहार की राजनीति में अब भी परिवार ही सबसे बड़ा राजनीतिक पासपोर्ट है? क्या जमीनी कार्यकर्ता और संघर्षशील नए चेहरे केवल पोस्टर तक सीमित रह जाएंगे? फिलहाल, इतना तय है कि इस विस्तार ने बिहार की राजनीति में परिवारवाद बनाम राजनीतिक योग्यता की बहस को फिर केंद्र में ला दिया है.
सम्राट चौधरी के कैबिनेट में शामिल मंत्री कौन?
बिहार के कैबिनेट में शामिल नए मंत्रियों में श्रवण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप कुमार जायसवाल, निशांत कुमार, लेशी सिंह, राम कृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह, अशोक चौधरी, भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, मदन सहनी, संतोष कुमार सुमन, रमा निषाद, रत्नेश सादा, कुमार शैलेन्द्र, शीला कुमारी, केदार प्रसाद गुप्ता, लखेन्द्र कुमार रौशन, सुनील कुमार, श्रेयसी सिंह, जमा खान, नन्दकिशोर राम, शैलेश कुमार, प्रमोद कुमार, श्वेता गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र पासवान, संजय कुमार सिंह, संजय कुमार और दीपक प्रकाश कुशवाहा हैं.




