Begin typing your search...

नीतीश का ‘अब यही देखेंगे’ बयान : क्या सम्राट चौधरी होंगे अगला CM? संकेतों में छुपी सियासत समझिए

नीतीश कुमार के “अब यही देखेंगे” बयान ने बिहार की राजनीति में नए संकेत दे दिए हैं. क्या यह सम्राट चौधरी को आगे बढ़ाने का इशारा है या NDA में नया समीकरण बनने वाला है?

Nitish Kumars Statement Samrat Choudhary Next CM Bihar
X
( Image Source:  ANI )

बिहार की राजनीति में बयान अक्सर सिर्फ बयान नहीं होते. वे भविष्य के संकेत होते हैं, संदेश होते हैं और कई बार राजनीति की संभावित पटकथा भी. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को लेकर हालिया बयान कि “अब यही देखेंगे” को लेकर, सियासी गलियारों में नए अर्थ तलाशे जा रहे हैं. सवाल उठ रहा है कि क्या यह भरोसे का इजहार है या किसी नए राजनीतिक संकेत की शुरुआत?

दरअसल, नीतीश कुमार की राजनीति में 'देखेंगे' शब्द का इतिहास काफी दिलचस्प रहा है. इससे पहले भी उन्होंने जिन नेताओं के लिए सार्वजनिक तौर पर सकारात्मक या संतुलित टिप्पणी की, उनके सियासी सफर में अचानक मोड़ आया. यही वजह है कि सम्राट चौधरी को लेकर दिया गया यह बयान भी महज सामान्य रिएक्शन भर नहीं माना जा सकता.

कुशवाहा से तेजस्वी तक: बयान और बदलाव का ट्रैक रिकॉर्ड

सीएम नीतीश कुमार ने सबसे पहले बात कोइरी नेता उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) की थी. कभी नीतीश के करीबी सहयोगी रहे कुशवाहा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कई बार सार्वजनिक तौर पर नरम रुख दिखाया. लेकिन धीरे-धीरे रिश्तों में खटास आई और कुशवाहा अलग राह पर निकल गए. “देखते हैं” और “बात करेंगे” जैसे वाक्य उस समय भी चर्चा में थे, आखिर में दोनों के बीच राजनीतिक दूरी बढ़ती चली गई.

इसी तरह तेजस्वी यादव के साथ भी नीतीश का समीकरण उतार-चढ़ाव भरा रहा. 2022 में जब दोनों साथ आए, तो नीतीश ने तेजस्वी के भविष्य को लेकर सकारात्मक संकेत दिए थे. लेकिन कुछ ही महीनों बाद राजनीतिक परिस्थितियां बदलीं और गठबंधन टूट गया. तेजस्वी, जिन्हें कभी उत्तराधिकारी के तौर पर भी देखा जाने लगा था, अचानक विपक्ष की भूमिका में लौट गए.

'बेहतरी की कामना' का सियासी मतलब क्या?

नीतीश कुमार अक्सर अपने सहयोगियों के लिए 'बेहतरी की कामना' या 'अच्छा काम करें' जैसे वाक्य का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन बिहार की राजनीति में यह वाक्य कई बार 'राजनीतिक दूरी' का संकेत भी बन जाता है. जब कोई नेता सत्ता समीकरण में कमजोर पड़ने लगता है या नेतृत्व को लेकर संशय पैदा होता है, तब ऐसे बयान सामने आते हैं.

पिछले कुछ समय से बिहार में सीएम बदलने की चर्चा सुर्खियों में है. नीतीश कुमार राज्यसभा के सदस्य चुन लिए गए हैं. यही वजह है कि सम्राट चौधरी को लेकर उनके बयान पर सवाल उठ रहे हैं. भाजपा के भीतर उन्हें एक मजबूत ओबीसी चेहरा माना जाता है और बिहार में पार्टी की रणनीति का अहम हिस्सा भी. ऐसे में नीतीश का यह कहना, “अब यही देखेंगे”, क्या उन्हें खुली छूट देने का संकेत है या जिम्मेदारी का पूरा भार उन्हीं पर डालने का?

क्या फिर बदलेंगे NDA के भीतर समीकरण?

नीतीश कुमार और भाजपा के रिश्ते हमेशा स्थिर नहीं रहे हैं. कई बार दोनों साथ आए, कई बार अलग हुए. फिलहाल, वे NDA में साथ हैं, लेकिन अंदरखाने नेतृत्व, प्रभाव और भविष्य की राजनीति को लेकर खींचतान की चर्चा लगातार होती रहती है.

सम्राट चौधरी को भाजपा ने बिहार में एक आक्रामक नेता के रूप में आगे बढ़ाया है. ऐसे में नीतीश का यह बयान NDA के भीतर शक्ति संतुलन की ओर भी इशारा करता है. यह संदेश हो सकता है कि अब भाजपा अपने नेतृत्व को खुद परखे और उसके प्रदर्शन के आधार पर आगे की रणनीति तय होगी.

क्या है आगे का संकेत?

बिहार के सियासी जानकारों का कहना है कि नीतीश कुमार सीधे टकराव से बचते हुए संकेतों की राजनीति करते हैं. उनका “देखेंगे” कहना अक्सर समय खरीदने और विकल्प खुले रखने की रणनीति होती है. सम्राट चौधरी के मामले में भी यह बयान कई संभावनाओं को जन्म देता है.

संकेतों की राजनीति का नया अध्याय तो नहीं?

क्या नीतीश खुद को NDA में फाइनल ऑथोरिटी के रूप में स्थापित करना चाहते हैं? या फिर यह सिर्फ एक सामान्य बयान है, जिसे जरूरत से ज्यादा पढ़ा जा रहा है? बिहार की राजनीति में शब्दों के पीछे छिपे अर्थ अक्सर ज्यादा महत्वपूर्ण होते हैं. दरअसल, नीतीश कुमार का सम्राट चौधरी को लेकर दिया गया बयान भी उसी परंपरा का हिस्सा है. कुशवाहा और तेजस्वी के उदाहरण बताते हैं कि जब-जब “देखेंगे” और “बेहतरी की कामना” जैसे शब्द सामने आए, तब-तब सियासत ने नया मोड़ लिया. अब नजर इस बात पर है कि सम्राट चौधरी इस “देखेंगे” को अवसर में बदलते हैं या यह बयान भी किसी बड़े राजनीतिक बदलाव की प्रस्तावना साबित होता है.

सुशासन बाबू कल, कहां और क्या कहा था?

जेडीयू प्रमुख और सीएम नीतीश कुमार ने 'समृद्धि यात्रा' के दौरान 18 मार्च को जमुई पहुंचे थे. उन्होंने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के साथ मंच शेयर की. उसी मंच से उन्होंने बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर बड़ा इशारा कर दिया. उन्होंने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा और उनके समर्थन में लोगों से हाथ को उठवाया. सीएम ने कहा कि अब सब काम यही करेंगे. तो क्या मुख्यमंत्री के लिए नीतीश की पहली पसंद सम्राट हैं? क्या नीतीश ने यही बताने की कोशिश की है? यहां पर इस बात जिक्र कर दें कि सम्राट चौधरी कभी नीतीश कुमार को हटाने के लिए सिर पर मुरैठा बांध लिए थे, वही नीतीश कुमार आज गले मिल रहे हैं. सीएम पद के लिए उनका नाम ले रहे है. यही है बिहार की राजनीति.

बिहारनीतीश कुमारसम्राट चौधरी
अगला लेख