क्या खान सर की मुश्किलें बढ़ने वाली है? कोचिंग फायरिंग केस में पुलिस ने दो गार्ड्स को हिरासत में लिया, मास्टरमाइंड की तलाश हुई तेज
खान सर कोचिंग फायरिंग केस में नया ट्विस्ट आया है. वायरल वीडियो सामने आने के बाद पटना पुलिस ने खान सर की कोचिंग के ही दो गार्ड्स को हिरासत में ले लिया है.
खान सर की कोचिंग सेंटर के 2 गार्ड हिरासत में लिए गए
Khan Sir Coaching Firing Case Update: बिहार की राजधानी पटना में चर्चित कोचिंग संचालक खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच चल रहे विवाद में अब नया मोड़ आ गया है. जिस फायरिंग मामले को लेकर पहले खान सर ने अपनी कोचिंग के बाहर 10 राउंड गोलियां चलने का दावा किया था और बाद में अपने बयान से पीछे हट गए थे, उसी मामले में अब पटना पुलिस ने उनकी कोचिंग के दो गार्ड्स को हिरासत में लिया है.
जानकारी के मुताबिक, मुसल्लहपुर इलाके में 2 जून की रात खान सर की कोचिंग और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों के बीच मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई थी. शुरुआती आरोप ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों पर लगाए गए थे.
खान सर ने क्या कहा था?
घटना के बाद खान सर ने मीडिया से बातचीत में फायरिंग होने का दावा किया था, लेकिन पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में उन्होंने गोलीबारी का कोई जिक्र नहीं किया. बाद में उन्होंने अपने बयान से भी यू-टर्न ले लिया था.
वायरल वीडियो ने जांच को दी नई दिशा
अब इस मामले में वायरल हुए एक वीडियो ने जांच को नई दिशा दे दी है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कथित तौर पर खान सर की कोचिंग के गार्ड्स फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने यह वीडियो रिकॉर्ड किया था. आरोप है कि बाद में कुछ लोगों ने उसका मोबाइल लेकर वीडियो डिलीट भी करवाया, लेकिन वीडियो किसी तरह सोशल मीडिया पर पहुंच गया और तेजी से वायरल हो गया.
वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई पटना पुलिस ने खान सर की कोचिंग के दो गार्ड्स को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग किस परिस्थिति में हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे.
क्या बोले पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा?
इससे पहले, पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद को भी गिरफ्तार किया था. अब दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई होने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है. पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा पहले ही कह चुके हैं कि पूरे विवाद के पीछे दो कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा प्रमुख वजह है. ऐसे में जांच का दायरा अब और बढ़ सकता है. वहीं, वायरल वीडियो और गार्ड्स की गिरफ्तारी के बाद खान सर की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही हैं. पुलिस जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर सकती है.




