कोचिंग सेंटर पर क्या सच में चलीं गोलियां? खान सर ने लिया यू टर्न, जानें पुलिस ने क्या बताया
पटना में कोचिंग सेंटर के बाहर कथित फायरिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और उलझ गया है. शुरुआती दावों में इसे गोलीबारी की घटना बताया गया था, लेकिन अब खुद खान सर इस बयान से पलट गए हैं.
पटना में बीती रात खान सर की कोचिंग के बाहर कथित फायरिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नया मोड़ ले चुका है. शुरुआत में जिस घटना को गोलीबारी बताया गया था, उसी पर अब सवाल खड़े हो गए हैं. खान सर ने पहले दावा किया था कि उनकी कोचिंग के बाहर फायरिंग हुई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाद में उन्होंने अपने बयान में बदलाव करते हुए कहा कि उस समय स्थिति इतनी भ्रमित करने वाली थी कि सही से समझ नहीं आ पाया.
वहीं दूसरी ओर पटना पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम पर अलग ही तस्वीर पेश की है. पुलिस का कहना है कि जांच में अब तक फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है और यह मामला दो कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद और मारपीट का लग रहा.
खान सर ने क्या बताया?
मंगलवार देर रात मीडिया से बातचीत में खान सर ने कहा था कि रात करीब 10 बजे ऑनलाइन क्लासेस चल रही थीं, तभी अचानक कोचिंग के बाहर हमला हुआ. उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने मौके पर 8 से 10 राउंड फायरिंग होते देखी और इस दौरान एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया. उनके अनुसार, गार्ड के सिर पर चोट भी आई थी और पूरी घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.
बाद में बदला बयान, दी सफाई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाद में मामले की जांच और पुलिस के इनकार के बाद खान सर ने अपने बयान से पीछे हटते हुए कहा कि उस समय माहौल इतना तनावपूर्ण था कि स्थिति को ठीक से समझ पाना मुश्किल था. उन्होंने कहा कि जो जानकारी उन्हें मिली थी, वही उन्होंने मीडिया को बता दी थी. उनके अनुसार, शुरुआत में उन्हें लगा कि स्थिति सामान्य नहीं है, लेकिन बाद में पता चला कि हालात अलग थे.
आपसी विवाद और गंभीर आरोप
खान सर ने आरोप लगाया था कि पास के एक कोचिंग सेंटर के ऑपरेटर की ओर से धमकी दी गई थी और उनके सेंटर को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई थी. उन्होंने यह भी दावा किया कि कम फीस में बेहतर शिक्षा देने के कारण उनके संस्थान को निशाना बनाया जा रहा है. उनके मुताबिक, गार्ड ने भी हमलावरों को कोचिंग से जुड़े लोग बताया था और कई लोगों के चेहरे पहचान में आए थे. इस आधार पर उन्होंने नामजद एफआईआर दर्ज कराने की बात कही.
पुलिस का पक्ष और जांच की स्थिति
वहीं पटना पुलिस ने साफ किया है कि जांच में अब तक किसी फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस के अनुसार, यह मामला दो कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद और मारपीट का है. एफआईआर में भी गोली चलने का कोई जिक्र नहीं है. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर के निर्देश पर उनके स्टाफ और अन्य लोगों द्वारा इस घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई गई है. साथ ही पुलिस फायरिंग के दावों की भी अलग से जांच कर रही है.




