Begin typing your search...

मानसून की एंट्री! 17 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, यूपी-दिल्ली समेत जानें अपने राज्य का वेदर अपडेट

देशभर में जारी भीषण गर्मी के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में दस्तक देने वाला है. मौसम विभाग ने 17 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

मानसून की एंट्री! 17 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, यूपी-दिल्ली समेत जानें अपने राज्य का वेदर अपडेट
X
4 June weather update
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Updated on: 4 Jun 2026 8:01 AM IST

देश के कई राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों को खूब परेशान कर रखा है. लू की वजह से दिन-रात मुश्किल हो रही है. लेकिन अच्छी खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब दस्तक देने वाला है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून आज या अगले 12 घंटों के अंदर केरल में एंट्री कर सकता है. केरल में एक बार मानसून पहुंचने के बाद अगले 6 से 7 दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है. इस बारिश का असर तमिलनाडु और कर्नाटक में भी दिखेगा, जहां कई जगहों पर अच्छी बारिश हो सकती है. इससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

देश के अलग-अलग हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने इस पूरे हफ्ते उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है. इन इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.

बिहार: 5 से 9 जून तक कई जिलों में लू चलने का अलर्ट है

पूर्वी उत्तर प्रदेश: 7 से 9 जून तक गर्मी का कहर रहेगा

पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 8 और 9 जून को लू का खतरा

असम, मेघालय, ओडिशा और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में गर्मी के साथ उमस बनी रहेगी, जिससे लोग काफी परेशान रह सकते हैं

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 8 घंटों के अंदर देश के 17 राज्यों में हल्की आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दोपहर के बाद या शाम की ओर हल्की बारिश हो सकती है. बारिश के साथ गरज-चमक और आंधी भी चलने की संभावना है. इस दौरान हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं. 5 और 6 जून को भी दिल्ली में यही स्थिति बनी रह सकती है. हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी का दौर जारी रहेगा. गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

उत्तर प्रदेश में मौसम की स्थिति

उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलने वाला है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं. पश्चिमी यूपी में हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज चल सकती हैं. 5 और 6 जून को भी तेज हवाओं, आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. 4 जून को लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर, बांदा, प्रयागराज, कौशांबी, मिर्जापुर, जौनपुर, आजमगढ़, चित्रकूट, सोनभद्र, वाराणसी, गाजीपुर, कानपुर समेत कई जिलों में आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है.

बिहार में मौसम अपडेट

बिहार में 4 और 5 जून को मौसम विभाग ने कोई खास अलर्ट नहीं जारी किया है यानी इन दो दिनों में मौसम सामान्य बना रहेगा. लेकिन 6 जून को स्थिति बदल सकती है. 6 जून को गोपालगंज, चम्पारण, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, रोहतास और औरंगाबाद जैसे जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भागलपुर, सुपौल, कटिहार, किशनगंज में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश हो सकती है.

राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान में 4 और 5 जून को पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी. कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं और धूल भरी आंधी चलने की भी आशंका है.

उत्तराखंड में भारी बारिश का खतरा

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में 4 जून को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 4 से 6 जून तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर रहेगा. कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है. अगर आप उत्तराखंड घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं तो मौसम की जानकारी जरूर ले लें और सावधानी बरतें.

मौसम
अगला लेख