Begin typing your search...

पहले शाह, फिर नड्डा और अब आडवाणी! दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मिल रहे सम्राट चौधरी, आखिर कब होगा बिहार में कैबिनेट विस्तार?

बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने दिल्ली में अमित शाह, जेपी नड्डा और लालकृष्ण आडवाणी समेत कई बड़े नेताओं से मुलाकात की. इससे राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं.

पहले शाह, फिर नड्डा और अब आडवाणी! दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मिल रहे सम्राट चौधरी, आखिर कब होगा बिहार में कैबिनेट विस्तार?
X

Bihar Cabinet Expansion: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस दौरान सुरक्षा, सुशासन और बिहार के समग्र विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. सीएम ने X पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने गृह मंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया.

सम्राट चौधरी इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं और लगातार NDA के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं. अमित शाह से पहले उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े से मुलाकात की, वहीं इसके बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ भी बैठक की. यही नहीं, उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से भी मुलाकात की.

किन नेताओं से हुई चर्चा?

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री अपने साथ संभावित मंत्रिमंडल विस्तार की सूची लेकर दिल्ली पहुंचे हैं. इसी सिलसिले में उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से भी मुलाकात की.

क्या नीतीश कुमार से भी हुई बातचीत?

दिल्ली रवाना होने से पहले सम्राट चौधरी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar से उनके आवास पर मुलाकात की थी. दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई, जिसमें जदयू कोटे से संभावित नामों को लेकर चर्चा होने की बात सामने आई है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

मंत्रिमंडल विस्तार पर सस्पेंस बरकरार

रिपोर्ट्स के अनुसार, जदयू और भाजपा, दोनों के कोटे से नए चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं. जदयू की ओर से तीन नए नाम आने की संभावना जताई जा रही है, जबकि कुछ पुराने चेहरों को भी मौका मिल सकता है. हालांकि, 6 मई को मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना फिलहाल टलती नजर आ रही है, क्योंकि उस दिन सीएम ने कैबिनेट बैठक बुलाई है. इससे पहले 5 मई को वह मुंगेर में पार्टी के एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे.

आगे की रणनीति क्या होगी?

मुंगेर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को दिशा देने पर जोर रहेगा. माना जा रहा है कि दिल्ली में हुई बैठकों के बाद ही नए मंत्रियों के नामों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा.

अगला लेख