जापान में नहीं हो रहा फीफा वर्ल्ड कप, फिर भी स्टेडियम की क्यों सफाई करने लग गए जापानी फैन्स? वायरल वीडियो ने जीता लोगों का दिल
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दौरान जापानी फुटबॉल फैंस का स्टेडियम साफ करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसके पीछे जापान की पुरानी Osoji परंपरा है.
स्टेडियम को साफ करते जापानी फैन्स का वीडियो वायरल
Japanese Fans Stadium Clean Up Viral Video: फीफा वर्ल्ड कप में अक्सर चर्चा गोल, जीत और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की होती है, लेकिन जापान के फैंस एक बार फिर मैदान के बाहर अपने व्यवहार को लेकर दुनिया भर में सुर्खियों में हैं. नीदरलैंड के खिलाफ जापान के रोमांचक मुकाबले के बाद जब हजारों दर्शक स्टेडियम से बाहर निकल गए, तब कई जापानी फैंस वहीं रुक गए... लेकिन उनका मकसद जश्न मनाना नहीं था, बल्कि स्टेडियम की सफाई करना था.
हाथों में बड़े प्लास्टिक बैग लिए जापानी समर्थकों ने सीटों के आसपास पड़े कप, खाने के रैपर और कचरा उठाना शुरू कर दिया, जिसका वीडियो देखते ही देखते पूरी दुनिया में वायरल हो गया. लोग जापानी फैंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
ज्यादातर लोगों के लिए किसी बड़े खेल आयोजन के बाद स्टेडियम की सफाई करना हैरान करने वाली बात हो सकती है, लेकिन जापान के लोगों के लिए यह कोई नई चीज नहीं है. यह उनकी रोजमर्रा की जिंदगी और सोच का हिस्सा है, जहां सफाई को सिर्फ व्यवस्था नहीं बल्कि सम्मान से जोड़ा जाता है.
क्या है Osoji?
जापान में सफाई की इस सोच के पीछे एक पुरानी परंपरा है, जिसे Ôsôji (ओसोजी) कहा जाता है. इसका अर्थ होता है- बड़ी सफाई... लेकिन ओसोजी सिर्फ घर या किसी जगह को साफ करने तक सीमित नहीं है. यह एक मानसिकता है, जिसमें इंसान अपने आसपास की जगहों और समाज के प्रति जिम्मेदारी महसूस करता है.
जापानी संस्कृति में माना जाता है कि जिस जगह का इस्तेमाल किया जाए, उसे पहले से बेहतर स्थिति में छोड़ना चाहिए. यानी कोई सार्वजनिक जगह सिर्फ सरकार या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि वहां मौजूद हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है. यही कारण है कि जापान के स्कूलों में भी बच्चों को छोटी उम्र से सफाई की आदत सिखाई जाती है. वहां अक्सर छात्र खुद अपनी क्लासरूम, कॉरिडोर और खाने की जगहों की सफाई करते हैं.
इसके लिए हर काम के लिए अलग से सफाई कर्मचारी पर निर्भर नहीं रहा जाता. इस प्रक्रिया के जरिए बच्चों में अनुशासन, सहयोग और दूसरों के लिए सम्मान की भावना विकसित होती है. यही आदत धीरे-धीरे उनके बड़े होने के बाद भी उनके व्यवहार का हिस्सा बनी रहती है.
स्टेडियम में सफाई करना क्यों बन गया जापानी फैंस की पहचान?
जापानी फैंस बड़े टूर्नामेंट में अक्सर अपने साथ कचरा रखने के लिए बैग लेकर आते हैं. मैच खत्म होने के बाद वे अपनी सीट और आसपास की जगह को साफ करके जाते हैं. उनके लिए यह मेजबान देश, स्टेडियम और वहां मौजूद लोगों के प्रति सम्मान दिखाने का तरीका है. उनका मानना है कि अगला व्यक्ति जब उस जगह पर आए तो उसे साफ वातावरण मिले.
पिछले कई सालों में फीफा वर्ल्ड कप, ओलंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में जापानी समर्थकों का यह व्यवहार देखा गया है. हर बार यह छोटा सा कदम दुनिया भर में चर्चा का विषय बन जाता है.
सिर्फ सफाई नहीं, एक पूरी सोच का प्रदर्शन
आज के समय में सोशल मीडिया पर अक्सर विवाद, बहस और नकारात्मक घटनाएं वायरल होती हैं. ऐसे दौर में जापानी फैंस का यह व्यवहार एक अलग संदेश देता है. यह दिखाता है कि नागरिक जिम्मेदारी बड़े-बड़े भाषणों से नहीं बल्कि छोटे-छोटे कामों से शुरू होती है.
एक कचरा उठाना भले ही छोटा कदम लगे, लेकिन जब हजारों लोग इसे अपनी आदत बना लेते हैं तो वही संस्कृति बन जाती है. जापान का ओसोजी दुनिया को यही सिखाता है कि सफाई सिर्फ जगह की नहीं, बल्कि सोच की भी होती है.




