दिन 12 मई, साल 2025 और समय सुबह के 11:43... Virat Kohli की एक पोस्ट से जब टूट गए थे करोड़ों फैंस के दिल
आईपीएल के बीच फैंस को एक बार फिर से 12 मई 2025 का दिन याद आ गया. जब कोहली ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करके दुनियाभर के करोड़ों फैंस का दिल तोड़ दिया था.
virat kohli test retirement
टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इन दिनों आईपीएल 2026 में धमाल मचा रहे हैं, हालांकि पिछले 2 मैचों में उनका खाता नहीं खुला है लेकिन हर कोई जानता है कोहली को कमबैक करना कितने अच्छा से आता है. अभी तक विराट इस सीजन आरसीबी की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.
लेकिन आईपीएल के बीच फैंस को एक बार फिर से 12 मई 2025 का दिन याद आ गया. जब कोहली ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करके दुनियाभर के करोड़ों फैंस का दिल तोड़ दिया था, हर कोई हैरान था कि कोहली आखिर इतनी जल्दी ये फैसला कैसे कर सकते हैं.
क्या हुआ था 12 मई को?
12 मई 2025 को विराट कोहली ने इंटरनेशनल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया था. सुबह 11:43 बजे कोहली ने इंस्टाग्राम के जरिए अपने टेस्ट रिटायरमेंट की घोषणा की. यूं अचानक संन्यास लेने से हर कोई हैरान था, क्योंकि कोहली ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि उनका सपना है वे टेस्ट में 10 हजार रन बनाए लेकिन ये सपना पूरा करने से पहले ही उन्होंने इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया.
फैंस और कई पूर्व क्रिकेटर्स आज तक इस बात पर यकीन नहीं कर पाए हैं कि कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. कई पूर्व क्रिकेटर्स बोल चुके हैं कि कोहली को संन्यास वापस लेकर दोबारा से टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहिए लेकिन शायद ही ऐसा अब हो पाएगा.
रिटायरमेंट पोस्ट में क्या लिखा था?
कोहली ने अपनी टेस्ट रिटायरमेंट पोस्ट में लिखा था कि "टेस्ट क्रिकेट में बैगी ब्लू जर्सी पहने हुए मुझे 14 साल हो गए हैं. सच कहूं तो, मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि यह फॉर्मेट मुझे किस मुकाम तक ले जाएगा. इसने मेरी परीक्षा ली है, मुझे संवारा है और मुझे ऐसे सबक सिखाए हैं जो जीवन भर मेरे साथ रहेंगे. टेस्ट क्रिकेट खेलने का अपना ही एक अलग अनुभव होता है. खामोश संघर्ष, लंबे दिन, और वो छोटे-छोटे पल जिन्हें कोई नहीं देखता, लेकिन जो हमेशा मेरे साथ रहते हैं."
आगे उन्होंने लिखा था कि "इस फॉर्मेट से संन्यास लेना आसान नहीं है, लेकिन यह सही लगता है. मैंने इसे अपना सब कुछ दिया है, और इसने मुझे उम्मीद से कहीं ज़्यादा दिया है. मैं कृतज्ञता से भरा दिल लेकर जा रहा हूं - खेल के लिए, उन लोगों के लिए जिनके साथ मैंने मैदान साझा किया और हर उस व्यक्ति के लिए जिसने मुझे हर पल अहमियत दी. मैं अपने टेस्ट करियर को हमेशा मुस्कुराते हुए याद करूंगा."
कैसा रहा कोहली का टेस्ट करियर?
विराट कोहली ने टीम इंडिया के लिए अपना टेस्ट डेब्यू साल 2011 में किया था. पहला मुकाबला कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था. अपने 14 साल के करियर में कोहली ने टीम इंडिया के लिए 123 टेस्ट मैच खेले थे. इस दौरान बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 9230 रन बनाए थे. जिसमें 7 दोहरे शतक, 30 शतक और 31 अर्धशतक शामिल रहे. टेस्ट क्रिकेट में कोहली बल्लेबाजी औसत 46.85 का रहा था. विराट कोहली ने अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था.




