पहले अनफॉलो, फिर फॉलो, क्या Mumbai Indians और Hardik Pandya के बीच सबकुछ सही? RCB से मिली हार के बाद सोशल पर मचा बवाल
सोशल मीडिया पर मुंबई इंडियंस की आरसीबी से हार के बीच हार्दिक के इंस्टाग्राम से मुंबई इंडियंस को अनफॉलो करने की पोस्ट सामने आने लगी थी, कई यूजर्स ने इसके स्क्रीनशॉट्स भी शेयर किए.
Hardik pandya unfollow Mumbai Indians
IPL 2026: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम अब प्लेऑफ से बाहर हो गई है. बीते दिन सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में मुंबई को आरसीबी के हाथों 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. वैसे तो मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या हैं लेकिन इंजरी के चलते वे पिछले 2 मैचों से बाहर चल रहे हैं.
वहीं सोशल मीडिया पर मुंबई इंडियंस की आरसीबी से हार के बीच हार्दिक के इंस्टाग्राम से मुंबई इंडियंस को अनफॉलो करने की पोस्ट सामने आने लगी थी, कई यूजर्स ने इसके स्क्रीनशॉट्स भी शेयर किए. ऐसे में फैंस के मन में सवाल उठने लगा था कि क्या हार्दिक पांड्या और मुंबई इंडियंस के बीच कोई अनबन चल रही है? क्या हार्दिक के प्रदर्शन से फ्रेंचाइजी नाराज है?
क्या हार्दिक ने सच में किया अनफॉलो?
आरसीबी के साथ मैच के बीच सोशल मीडिया पर यूजर्स ने कुछ स्क्रीनशॉट्स शेयर किए थे. जिसमें देखा गया कि हार्दिक 150 लोगों को इंस्टाग्राम पर फॉलो करते हैं लेकिन उनमें मुंबई इंडियंस है ही नहीं. इसके अलावा हार्दिक ने अपने अकाउंट्स से मुंबई इंडियंस की पोस्ट भी हटा दी थी.
इसको लेकर फैंस के मन में तरह-तरह के सवाल उठने लगे. लेकिन कुछ देर के बाद देखा गया कि हार्दिक 151 लोगों को फॉलो करते हैं और उनमें मुंबई इंडियंस भी शामिल है. इसके स्क्रीनशॉट्स भी यूजर्स ने सोशल मीडिया पर शेयर किए. हालांकि इसको लेकर हार्दिक की तरफ से कोई कमेंट नहीं आया है.
कैसा रहा हार्दिक के लिए ये सीजन?
ये सीजन हार्दिक पांड्या के लिए बल्लेबाजी, गेंदबाजी से लेकर कप्तानी तक में बेहद खराब रहा है. इस सीजन हार्दिक ने 8 मैच खेले जिसमें बल्लेबाजी करते हुए उनके बल्ले से महज 146 रन निकले. इसके गेंदबाजी करते हुए हार्दिक 4 विकेट ही चटका पाए. वहीं अब मुंबई इंडियंस की टीम प्लेऑफ की रेस से भी बाहर हो चुकी है. जिसके बाद से एक बार फिर उनकी कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं.
किस पायदान पर मुंबई इंडियंस?
आईपीएल 2026 में अभी तक मुंबई इंडियंस 10 मैच खेल चुकी है, जिसमें से टीम ने 3 मैचों में जीत और 7 मैचों में हार का सामना किया है. अब 6 अंक के साथ मुंबई पॉइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर बनी हुई है. फिलहाल मुंबई के पास 4 लीग मैच बचे हैं.




