Begin typing your search...

MI को सूर्यकुमार यादव ने किया अनफॉलो, टीम इंडिया से बाहर होने के बाद क्या बदलने वाली है IPL टीम? 10 पॉइंट्स में समझें

सूर्यकुमार यादव ने इंस्टाग्राम पर मुंबई इंडियंस को अनफॉलो कर दिया है और उनके प्रोफाइल से टीम की जर्सी वाली तस्वीरें भी गायब दिखाई दे रही हैं. ऐसे में क्रिकेट फैंस के बीच यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि क्या आईपीएल 2027 से पहले मुंबई और सूर्या का साथ खत्म होने वाला है?

Suryakumar Yadav Unfollow Mumbai Indians
X

Suryakumar Yadav Unfollow Mumbai Indians

( Image Source:  X/ X/@sky_63_mr_t20i, @micchamasala )

भारतीय टी20 टीम से बाहर किए जाने के बाद स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हाल ही में इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ घोषित टी20 सीरीज के लिए उन्हें भारतीय टीम में जगह नहीं मिली, इसके अलावा उनको कप्तानी से भी हटा दिया गया. अब चर्चा इस बात की है कि क्या सूर्यकुमार यादव आईपीएल में भी अपनी टीम मुंबई इंडियंस से अलग होने वाले हैं?

सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ संकेतों ने इन अटकलों को और हवा दे दी है. सूर्यकुमार यादव ने इंस्टाग्राम पर मुंबई इंडियंस को अनफॉलो कर दिया है और उनके प्रोफाइल से टीम की जर्सी वाली तस्वीरें भी गायब दिखाई दे रही हैं. ऐसे में क्रिकेट फैंस के बीच यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि क्या आईपीएल 2027 से पहले मुंबई और सूर्या का साथ खत्म होने वाला है?

10 पॉइंट्स में समझें

1. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से मुंबई इंडियंस को अनफॉलो कर दिया है. क्रिकेट जगत में अक्सर खिलाड़ियों की सोशल मीडिया गतिविधियों को उनके भविष्य के संकेत के तौर पर देखा जाता है. ऐसे में यह कदम चर्चा का विषय बन गया है.

2. सिर्फ अनफॉलो ही नहीं, बल्कि सूर्यकुमार यादव के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर मुंबई इंडियंस की जर्सी में उनकी तस्वीरें भी नजर नहीं आ रही हैं. फैंस इसे संभावित विदाई का संकेत मान रहे हैं. हालांकि, खिलाड़ी या फ्रेंचाइजी की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

3. दिलचस्प बात यह है कि सूर्यकुमार यादव की पत्नी देविशा शेट्टी अभी भी इंस्टाग्राम पर मुंबई इंडियंस को फॉलो कर रही हैं. यही वजह है कि कुछ लोग इसे सिर्फ सोशल मीडिया बदलाव मान रहे हैं, जबकि अन्य इसे बड़े फैसले से जोड़कर देख रहे हैं.

4. आईपीएल 2026 सीजन से पहले मुंबई इंडियंस ने सूर्यकुमार यादव को 16.25 करोड़ रुपये की बड़ी रकम देकर रिटेन किया था. फ्रेंचाइजी ने उन्हें अपनी टीम के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में शामिल रखा था, लेकिन इस सीजन उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा.

5. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अगर सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस छोड़ते हैं, तो उनकी पुरानी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) उन्हें अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर सकती है.

6. KKR फिलहाल एक अनुभवी भारतीय बल्लेबाज और संभावित कप्तान की तलाश में नजर आ रही है. ऐसे में सूर्यकुमार उनके लिए एक मजबूत विकल्प साबित हो सकते हैं.

7. कोलकाता के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल किया जा रहा है. चेन्नई को मिडिल ऑर्डर में अनुभवी भारतीय बल्लेबाज की जरूरत है और सूर्यकुमार यादव जैसा खिलाड़ी टीम की बल्लेबाजी को नई मजबूती दे सकता है.

8. सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल में अपना सफर मुंबई इंडियंस के साथ ही शुरू किया था. हालांकि शुरुआती सीजन में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और 2011 में वह सिर्फ एक मैच खेल पाए थे. इसके बाद वह KKR में शामिल हुए और वहां कई सीजन बिताने के बाद 2018 में दोबारा मुंबई इंडियंस में लौटे.

9. मुंबई इंडियंस की जर्सी में सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है. उन्होंने 127 मैचों में 4020 रन बनाए, जिसमें 2 शतक शामिल रहे.

10. अब सभी की नजरें आगामी ट्रेड विंडो और आईपीएल 2027 की तैयारियों पर टिकी हैं, जहां यह साफ हो सकेगा कि सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस के साथ बने रहते हैं या फिर किसी नई टीम के साथ नई शुरुआत करते हैं.

अगला लेख