पश्चिम बंगाल की राजनीति में कभी 'फाल्टा का पुष्पा' कहे जाने वाले टीएमसी नेता जहांगीर खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने उसे नेपाल सीमा के पास से हिरासत में लिया. जहांगीर खान लंबे समय से फरार चल रहा था और कई मामलों में वांछित बताया जा रहा था. उस पर कथित तौर पर रंगदारी, धमकी, राजनीतिक हिंसा और चुनावी अनियमितताओं से जुड़े आरोप हैं. गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर फाल्टा विधानसभा चुनाव के दौरान हुए विवाद चर्चा में आ गए हैं. जहांगीर खान चुनाव के समय अपने वायरल बयान 'पुष्पा झुकेगा नहीं' की वजह से सुर्खियों में आया था. अब उसकी गिरफ्तारी ने राज्य की राजनीति और कानून-व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है.