Begin typing your search...
हिंडन पुल पर शुरू होगा डेढ़ महीने का मरम्मत कार्य, नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों यात्री होंगे प्रभावित
ग्रेटर नोएडा वेस्ट और नोएडा के बीच आवागमन करने वाले लाखों लोगों को अगले डेढ़ महीने तक ट्रैफिक की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. हिंडन पुल पर मंगलवार से सड़क की मरम्मत और मैस्टिक कार्य शुरू किया जा रहा है.
हिंडन पुल की 9 जून से होगी मरम्मत
Hindon Bridge Repair Work: ग्रेटर नोएडा वेस्ट और नोएडा के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए अहम खबर है. चार मूर्ति चौक से नोएडा को जोड़ने वाले हिंडन पुल पर मंगलवार से सड़क की मैस्टिक (मरम्मत) का कार्य शुरू होने जा रहा है. इस दौरान पुल की एक-एक लेन पर काम किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है. ऐसे में वाहन चालकों को अगले करीब डेढ़ महीने तक सावधानी और अतिरिक्त समय लेकर सफर करना पड़ सकता है.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, हिंडन पुल पर दोनों तरफ की सड़क कई जगह से टूट चुकी है. खासकर चार मूर्ति चौक से नोएडा जाने और नोएडा से चार मूर्ति चौक आने वाले हिस्से पर सड़क की स्थिति खराब हो गई है. इसे देखते हुए सड़क की मरम्मत और मैस्टिक कार्य कराने का फैसला लिया गया है.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने क्या कहा?
- प्राधिकरण ने कहा कि उनकी मंशा है कि चार मूर्ति चौक पर बन रहे अंडरपास के साथ ही हिंडन पुल का कार्य भी पूरा कर लिया जाए, ताकि भविष्य में ट्रैफिक व्यवस्था और बेहतर हो सके.
- वर्क सर्किल-7 की ओर से मंगलवार से काम शुरू किया जाएगा. ट्रैफिक पुलिस के सुझाव पर पहले नोएडा से चार मूर्ति चौक आने वाली दिशा में एक लेन बंद कर कार्य होगा. एक लेन का काम पूरा होने के बाद दूसरी लेन पर काम किया जाएगा. सोमवार को इसका ट्रायल भी किया गया.
- ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह ने बताया कि सड़क की स्थिति को देखते हुए मैस्टिक कार्य बेहद जरूरी है और इसे लगभग डेढ़ माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने वाहन चालकों से सहयोग और सावधानी बरतने की अपील की है.
- रोजाना नोएडा, दिल्ली और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच आने-जाने वाले आईटी कर्मचारियों, छात्रों और ऑफिस जाने वाले लोगों को ट्रैफिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है. खासकर पीक आवर्स में जाम की स्थिति बनने की आशंका है.




