13 मैच में महज 269 रन! क्या IPL 2026 में अपने धुरंधर अंदाज में दिखेगा 27 करोड़ का खिलाड़ी? दबाव चरम पर, उम्मीदें बहुत ज्यादा
Rishabh Pant पर IPL 2026 में सबसे ज्यादा दबाव रहेगा, क्योंकि पिछले सीजन में उनका प्रदर्शन कमजोर रहा था. 27 करोड़ की कीमत और कप्तानी की जिम्मेदारी के चलते उनसे बड़ी उम्मीदें हैं. अब देखना होगा कि वो इस बार खुद को साबित कर पाते हैं या नहीं.
Rishabh Pant
IPL 2026 की शुरुआत से पहले Rishabh Pant के ऊपर दबाव की चर्चा तेज हो गई है. पिछले सीजन में 27 करोड़ रुपये में खरीदे जाने के बाद Lucknow Super Giants के कप्तान पंत उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए थे. अब नए सीजन में उनसे न सिर्फ रन बनाने बल्कि टीम को प्लेऑफ तक ले जाने की भी बड़ी जिम्मेदारी होगी.
IPL 2025 में पंत का प्रदर्शन बेहद साधारण रहा. उन्होंने 13 मैचों में सिर्फ 269 रन बनाए, जिसमें एक शतक जरूर शामिल था, लेकिन वह तब आया जब टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थी. उनकी औसत भी महज 24.45 रही, जो उनके कद के खिलाड़ी के लिए निराशाजनक मानी गई.
IPL 2026 में सबसे ज्यादा दबाव किस खिलाड़ी पर होगा?
इसी बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान Faf du Plessis ने बड़ा बयान दिया है. उनका मानना है कि IPL 2026 में सबसे ज्यादा दबाव अगर किसी खिलाड़ी पर होगा, तो वह पंत हैं. उन्होंने कहा कि भारी कीमत और कप्तानी दोनों का दबाव पंत पर साफ दिखा था, और यही वजह रही कि वह खुलकर प्रदर्शन नहीं कर पाए.
डु प्लेसिस के अनुसार, एक कप्तान के तौर पर पंत का पहला काम खुद रन बनाना है. अगर वह बल्लेबाजी में सफल रहते हैं, तो टीम का दबाव काफी हद तक कम हो जाता है, लेकिन पिछले सीजन में न तो पंत का बल्ला चला और न ही टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा.
Lucknow Super Giants का पहला मैच कब है?
अब IPL 2026 में Lucknow Super Giants की शुरुआत 1 अप्रैल को Delhi Capitals के खिलाफ लखनऊ के एकाना स्टेडियम में होगी. ऐसे में सभी की नजरें पंत पर रहेंगी कि क्या वह पिछले सीजन की असफलताओं को पीछे छोड़कर नई शुरुआत कर पाते हैं या नहीं.




