किसी विदेशी को कैसे मिलती है भारत की नागरिकता, Rashid Khan को किसने और क्यों दिया था ऑफर?
आईपीएल 2026 के बीच राशिद खान ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें भारत और ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता लेने का ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने ठुकरा दिया था.
Rashid Khan
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान लंबे समय से आईपीएल में खेल रहे हैं. इस दौरान वे अलग-अलग टीमों के लिए कमाल का प्रदर्शन कर चुके हैं. हालांकि पिछले कुछ सालों से राशिद गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे हैं. वहीं अब आईपीएल 2026 के बीच राशिद खान ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें भारत और ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता लेने का ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने अपने देश के प्रति वफादारी दिखाते हुए इन ऑफर्स को ठुकरा दिया था.
आईपीएल 2026 के दौरान सामने आई इस जानकारी ने फैंस को हैरान कर दिया है. राशिद खान ने अपनी किताब Rashid Khan: From Streets to Stardom में इस पूरे घटनाक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने हर बार अपने देश अफगानिस्तान को प्राथमिकता दी?
किसने दिया था ऑफर?
राशिद खान ने खुलासा किया कि IPL 2023 के दौरान एक टीम अधिकारी ने उन्हें एक वरिष्ठ व्यक्ति से मिलने के लिए कहा था. इस मुलाकात में उन्हें भारत में बसने और क्रिकेट खेलने का प्रस्ताव दिया गया. उन्होंने उस पल को याद करते हुए कहा "मैं उनसे मिलने गया और हमने बात शुरू की. उन्होंने कहा- तुम्हारे देश (अफगानिस्तान) की स्थिति बहुत खराब है. भारत आ जाओ, यहीं रहो. हम तुम्हें भारतीय दस्तावेज देंगे, यहीं क्रिकेट खेलो. मैं उनकी बात सुनकर हैरान था और समझ नहीं पाया क्या जवाब दूं, लेकिन मैंने मुस्कुराते हुए कहा- बहुत-बहुत धन्यवाद, मैं अपने देश अफगानिस्तान के लिए खेल रहा हूं."
ऑस्ट्रेलिया से मिले ऑफर पर क्या बोले राशिद?
राशिद खान ने यह भी बताया कि उन्हें सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया से भी इसी तरह का प्रस्ताव मिला था. उन्होंने अपनी किताब में लिखा "मुझे भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों से ऐसे ऑफर मिले थे. लेकिन मैंने उनसे कहा- अगर मैं अपने देश के लिए नहीं खेलूंगा, तो मैं किसी और देश के लिए भी नहीं खेलूंगा."
कैसे मिलती है भारत की नागरिकता?
भारत में किसी विदेशी नागरिक को नागरिकता मुख्य रूप से Citizenship Act, 1955 के तहत दी जाती है. जिसके उस लिए विदेशी नागरिक को कम से कम भारत में 12 सालों तक रहना अनिवार्य है. इसके अलावा भारतीय मूल (PIO), विवाह या वंश के आधार पर भी नागरिकता प्राप्त की जा सकती है.
किन लोगों को मिली नागरिकता?
भारत सरकार ने पिछले कई सालों में नागरिकता नीति के तहत बड़ी संख्या में विदेशियों को भारतीय नागरिकता प्रदान की है. इनमें प्रमुख रूप से पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए धार्मिक अल्पसंख्यक समुदायों के लोग शामिल हैं, जिन्हें भारत में शरण मिली और बाद में कानूनी प्रक्रिया के तहत नागरिकता दी गई. सरकार के आंकड़ों के अनुसार, Citizenship Act, 1955 और Citizenship Amendment Act के तहत वर्ष 2017 से 2022 के बीच 5220 से अधिक विदेशियों को भारतीय नागरिकता दी गई.
कब और कैसे मिली थी अदनान सामी को नागरिकता?
पाकिस्तानी मूल के मशहूर गायक अदनान सामी को 1 जनवरी 2016 को भारत की नागरिकता दी गई थी. उन्होंने मानवीय आधार पर भारत सरकार से नागरिकता के लिए आवेदन किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया. अदनान सामी पहली बार 13 मार्च 2001 को विजिटर वीजा पर भारत आए थे. इसके बाद वे लगातार भारत में रह रहे थे और करीब 15 सालों तक वीजा पर ही भारत में रहे.




