Begin typing your search...

PSL 2026: विराट-रोहित भी जो नहीं कर पाए, वो Babar Azam ने कर दिखाया; 783 दिनों बाद ठोका ऐतिहासिक शतक

फैंस को लंबे समय के बाद बाबर के बल्ले से शानदार शतकीय पारी देखने को मिली है. पिछले काफी समय से बाबर को अपनी खराब बल्लेबाज और स्ट्राइक रेट के चलते काफी ज्यादा ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा है.

babar azam
X

babar azam

( Image Source:  X/ @Sheiikhabdulah, @WasiuddinSiddi1 )
विशाल पुंडीर
Edited By: विशाल पुंडीर3 Mins Read

Updated on: 20 April 2026 9:54 AM IST

PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में बीते दिन 29वां मैच पेशावर ज़ल्मी और क्वेटा ग्लैडिएटर्स के बीच खेला गया. इस मैच में बाबर आजम की कप्तानी वाली पेशावर ज़ल्मी ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए क्वेटा ग्लैडिएटर्स पर 118 रनों से जीत हासिल की. वहीं इस मैच में कप्तान बाबर आजम की भी शानदार बल्लेबाजी देखने को मिली. फैंस को लंबे समय के बाद बाबर के बल्ले से शानदार शतकीय पारी देखने को मिली है. पिछले काफी समय से बाबर को अपनी खराब बल्लेबाज और स्ट्राइक रेट के चलते काफी ज्यादा ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा है.

इसके अलावा प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी उनसे इसको लेकर सवाल पूछे जाते रहे हैं लेकिन अब 783 दिनों के बाद शतकीय पारी खेलकर बाबर ने आलोचकों को करारा जवाब दिया है. बाबर आजम की पारी की खास बात ये रही कि उन्होंने महज 1 गेंद डॉट खेली. टी20 क्रिकेट में ये कारनामा आज तक दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा से लेकर कोई नहीं कर पाया है.

कैसी रही बाबर आजम की पारी?

क्वेटा ग्लैडिएटर्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए बाबर आजम ने 52 गेंदों पर 100 रनों की नाबाद पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 4 छक्के देखने को मिले. वहीं बाबर का स्ट्राइक रेट 192.31 का रहा. पारी की आखिरी गेंद पर बाबर ने अपना शतक पूरा किया. 19.5 ओवर तक बाबर 98 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे. इसके बाद आखिरी गेंद पर उन्होंने शॉट लगाकर जोखिम भरे 2 रन लेकर अपना शतक पूरा किया. ये बाबर के टी20 करियर का दूसरा सबसे तेज शतक है.

कितने शतक लगा चुके हैं बाबर?

टी20 क्रिकेट में बाबर आजम के शानदार आंकड़े रहे हैं. वे इस फॉर्मेट में दिग्गज क्रिस गेल के बाद सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं. अभी तक टी20 फॉर्मेट में बाबर 12 शतक लगा चुके हैं. हालांकि अभी वे क्रिस गेल से काफी पीछे हैं क्योंकि गेल के नाम टी20 क्रिकेट में 22 शतक दर्ज हैं. वहीं पीएसएल में बाबर का ये तीसरा शतक है. इसके अलावा क्वेटा ग्लैडिएटर्स के खिलाफ पीएसएल में ये उनका दूसरा शतक है.

कैसा रहा मैच का हाल?

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पेशावर ज़ल्मी ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 255 रन बनाए. जिसमें बाबर आजम के नाबाद 100 और कुसल मेंडिस के 44 गेंदों पर ताबड़तोड़ 83 रन शामिल रहे. दूसरी तरफ 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए क्वेटा ग्लैडिएटर्स की टीम 18.1 ओवर में 137 रनों पर ही ढेर हो गई थी. गेंदबाजी में पेशावर की तरफ से मोहम्मद बासित और अली रजा ने 3-3 विकेट चटकाए थे.

पीएसएल
अगला लेख