बेंगलुरु का चहेता बना MP का 'धुरंधर' ! कप्तानी करते हुए पहले ही सीजन RCB को दिलाई ट्रॉफी, अब IPL 2026 में कर रहा तूफानी बैटिंग
RCB के कप्तान Rajat Patidar इस समय धुरंधर अंदाज में नजर आ रहे हैं. MI के खिलाफ उन्होंने महज 17 गेंद में फिफ्टी जड़ दी. मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार ने अपनी कप्तानी में RCB को वह खुशी दी है, जिसका वह 17 साल से इंतजार कर रही थी.
रजत पाटीदार का ‘धुरंधर’ अंदाज, 17 साल बाद RCB को चैंपियन बनाने वाला कप्तान IPL 2026 में भी छाया
13 फरवरी, दिन गुरुवार और साल 2025... इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) की टीम एक ऐसा फैसला लेती है, जिसने टीम की तकदीर पलट कर रख दी. . और जो 17 साल तक नहीं हुआ, वह 18वें सीजन में हो गया. RCB की टीम आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम करती है... इसके साथ ही विराट कोहली का आईपीएल जीतने का सपना भी पूरा हो गया. यह फैसला था- रजत पाटीदार को कप्तान बनाना. पाटीदार ने 2021 में अपना आईपीएल डेब्यू किया था.
मध्य प्रदेश से अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत करने वाले रजत पाटीदार से पहले फाफ डु प्लेसिस RCB के कप्तान थे. उन्होंने यह जिम्मेदारी 2022 से 2024 तक संभाली. पाटीदार ने कप्तान के रूप में अपने पहले सीजन में ही आरसीबी को वह खुशी दे दी, जिसका वह 17 साल से इंतजार कर रही थी. वह खुशी थी- आईपीएल ट्रॉफी जीतने की...
पाटीदार का दिख रहा 'धुरंधर' अंदाज
IPL 2026 में RCB डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान में उतरी है. उसके सामने खिताब बचाने की चुनौती है.. इस सीजन कप्तान रजत पाटीदार का 'धुरंधर' अंदाज देखने को मिला. रणवीर सिंह की तरफ पाटीदार ने भी लंबे बाल रख लिए हैं, जो फैंस के बीच चर्चा का विषय है. उनका धुरंधर अंदाज सिर्फ बालों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मैदान पर भी देखने को मिला.
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मयंक मार्कंडे की गेंद पर पाटीदार ने लगातार 3 छक्के मारे, जिससे RCB ने तेजी से फिल साल्ट के आउट होने के बावजूद तेजी से रन बनाने का सिलसिला जारी रखा. इससे पहले, पाटीदार ने शार्दुल ठाकुर की पहली ही गेंद को बाउंड्री लाइन के पार चौके के लिए भेजा. इसके बाद उन्होंने ट्रेंट बोल्ट को भी नहीं बख्शा और उनके ओवर की पहली दो गेंदों पर चौका और छक्का लगााया.
पाटीदार ने 17 गेंद में फिफ्टी पूरी की. इस तरह वे RCB की ओर से सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज बन गए. उनसे पहले क्रिस गेल ने 17, जबकि रोमारियो शेफर्ड ने 14 गेंद में फिफ्टी जड़ी थी.
IPL में RCB के लिए सबसे तेज अर्धशतक (गेंद के हिसाब से)
- 14 - रोमारियो शेफर्ड बनाम CSK, बेंगलुरु, 2025
- 17 - क्रिस गेल बनाम PWI, बेंगलुरु, 2013
- 17 - रजत पाटीदार बनाम MI, वानखेड़े, 2026
- 18 - फाफ डु प्लेसिस बनाम GT, बेंगलुरु, 2024
- 19 - रॉबिन उथप्पा बनाम KXIP, बेंगलुरु, 2010
- 19 - रजत पाटीदार बनाम SRH, हैदराबाद, 2024
IPL 2026 में अब तक कैसा रहा है रजत पाटीदार का प्रदर्शन?
रजत पाटीदार इस सीजन में शानदार फॉर्म में हैं. वे 4 मैचों में 65 की औसत और 214.29 के स्ट्राइक रेट से 195 रन बना चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 2 तूफानी फिफ्टी जड़ी है.
- पहला मैच- सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 28 मार्च को 12 गेंद में 31 रन बनाए.
- दूसरा मैच- चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 5 अप्रैल को 19 गेंद में 48 रन बनाए.
- तीसरा मैच- राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 10 अप्रैल को 40 गेंद में 63 रन बनाए.
- चौथा मैच- मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 12 अप्रैल 53 (20) जीत
रजत पाटीदार का घरेलू क्रिकेट में कैसा रहा सफर?
रजत पाटीदार के घरेलू करियर की शुरुआत उनके गृह राज्य मध्य प्रदेश से हुई. उन्होंने 30 अक्टूबर 2015 को रणजी ट्रॉफी में बड़ौदा के खिलाफ अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच खेला. इसके बाद मध्य प्रदेश के लिए उन्होंने 8 जनवरी 2018 को जोनल टी-20 लीग में डेब्यू किया. क्रिकेट के शुरुआती दिनों में वे एक गेंदबाज बनना चाहते थे, लेकिन अंडर-15 स्तर पर कोचों की सलाह के बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देना शुरू किया.
घरेलू सत्र 2025-26 में रजत पाटीदार का प्रदर्शन
- रणजी ट्रॉफी में 15 अक्टूबर 2025 को हरियाणा के खिलाफ 205 रनों की शानदार पारी खेली.
- सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में 2024-25 सीजन में उन्होंने मध्य प्रदेश की कप्तानी करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया और टूर्नामेंट में 428 रन बनाकर दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे.
- दलीप ट्रॉफी 2025 में उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 382 रन बनाए, जिसमें 2 शतक शामिल रहे.
रजत पाटीदार कप्तान के रूप में कैसे चमक बिखेर रहे?
रजत पाटीदार की कप्तानी शैली की सबसे बड़ी विशेषता उनका 'शांत स्वभाव और आक्रामक दृष्टिकोण' है. आईपीएल 2025 में आरसीबी (RCB) को पहला खिताब जिताने के बाद उनकी कप्तानी की तुलना अक्सर महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के मिश्रण से की जाती है. उनकी सबसे बड़ी खासियब है;
- दबाव में शांत रहना (Ice-cool Composure): विराट कोहली की ऊर्जावान कप्तानी के विपरीत, पाटीदार मैदान पर बहुत शांत दिखते हैं. मैच की कठिन परिस्थितियों में भी वे हड़बड़ाते नहीं हैं, जो पूरी टीम को भरोसा दिलाता है.
- 'लीड फ्रॉम द फ्रंट' (Lead from the Front): पाटीदार खुद अपनी बल्लेबाजी से उदाहरण पेश करते हैं. आईपीएल 2026 में उनकी 200+ की स्ट्राइक रेट यह दर्शाती है कि वे अपनी टीम से जिस तरह के निडर क्रिकेट की उम्मीद करते हैं, वह खुद भी वैसा ही खेलते हैं.
- स्पिनर्स का चतुराई से उपयोग: घरेलू क्रिकेट (मध्य प्रदेश) के अनुभव के कारण वे स्पिनरों की भूमिका को बहुत महत्व देते हैं. वे बीच के ओवरों में विकेट निकालने के लिए रिस्ट स्पिनर्स (क्रुणाल पांड्या या अन्य) पर भरोसा करते हैं और फील्ड सेटिंग में काफी प्रयोग करते हैं.
- युवा खिलाड़ियों पर भरोसा: पाटीदार ने आरसीबी के युवा प्रतिभाओं को खुलकर खेलने की आजादी दी है. उनकी कप्तानी में सुयश शर्मा और रासिख डार सलाम जैसे नए खिलाड़ियों को आत्मविश्वास के साथ खेलते देखा गया है.
- डेटा और सहज ज्ञान (Data + Instinct) का तालमेल: वे एनालिस्ट के डेटा का उपयोग तो करते ही हैं, लेकिन मैच के दौरान अपने 'इंस्टिंक्ट' (सहज ज्ञान) पर ज्यादा भरोसा करते हैं. आईपीएल 2026 के मैचों में उनके द्वारा किए गए अचानक गेंदबाजी बदलाव अक्सर सफल रहे हैं.
रजत पाटीदार एक ऐसे कप्तान के रूप में उभरे हैं जो विवादों से दूर रहते हैं और केवल प्रदर्शन पर ध्यान देते हैं. उनकी इसी शैली ने आरसीबी को एक 'चैंपियन यूनिट' में बदल दिया है. मध्य प्रदेश के इस खिलाड़ी की बल्लेबाजी और कप्तानी का लोहा अब पूरी दुनिया मान रही है.




