Begin typing your search...

कौन हैं IPL इतिहास में रफ्तार का किंग? 157.71 की स्पीड से डाली गेंद, सीजन-19 में अशोक शर्मा तोड़ सकते हैं रिकॉर्ड

IPL हमेशा से ही तेज गेंदबाजों के लिए एक बड़ा मंच रहा है, हालांकि अशोक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन आईपीएल इतिहास की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड अब भी शॉन टैट के नाम दर्ज है.

ipl fastest ball record
X

तेज गेंदबाज अशोक शर्मा

( Image Source:  X/ @Mamtasulaniya )

IPL 2026: गुजरात टाइटंस को अपने दूसरे आईपीएल 2026 के मैच में भी हार का सामना करना पड़ा. मैच में भले ही गुजरात को राजस्थान रॉयल्स के हाथों 6 रनों से हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने अपनी रफ्तार से सभी का ध्यान खींच लिया. उन्होंने इस सीजन की अब तक की सबसे तेज गेंद फेंककर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी.

अशोक शर्मा की घातक गेंदबाजी ने राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों को पूरे मैच के दौरान मुश्किल में डाले रखा. 16वें ओवर की आखिरी गेंद ने इस मुकाबले को खास बना दिया.

कितनी थी अशोक की स्पीड?

गुजरात टाइटंस के इस युवा गेंदबाज ने पूरे मैच में आक्रामक अंदाज में गेंदबाजी की. उनकी तेज गति और सटीक यॉर्कर ने बल्लेबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया. 16वें ओवर में 154.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी गई गेंद इस सीजन की सबसे तेज डिलीवरी साबित हुई और इसने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में शामिल कर दिया.

किसके नाम है रिकॉर्ड?

इंडियन प्रीमियर लीग हमेशा से ही तेज गेंदबाजों के लिए एक बड़ा मंच रहा है, जहां गेंदबाज अपनी गति और कौशल का प्रदर्शन करते हैं. हालांकि अशोक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन आईपीएल इतिहास की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड अब भी शॉन टैट के नाम दर्ज है.

शॉन टैट ने 2011 में 157.71 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर इतिहास रचा था. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने जयपुर में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ यह कारनामा किया था. उस दौरान उनकी एक तेज गेंद एरोन फिंच को पूरी तरह चकमा देते हुए स्टंप्स के ऊपर से निकल गई थी.

कितने गेंदबाज पहुंचे रिकॉर्ड के करीब?

पिछले कुछ सालों में कई गेंदबाजों ने इस रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश की है. आईपीएल 2022 के फाइनल में लॉकी फर्ग्यूसन ने गुजरात टाइटन्स के लिए खेलते हुए 157.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी, जो रिकॉर्ड के बेहद करीब थी.

वहीं, उमरान मलिक ने उसी सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर भारतीय क्रिकेट में नई उम्मीद जगाई. उनके शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें भारतीय टीम में भी मौका मिला. उन्होंने 2023 में श्रीलंका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 155 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी.

आईपीएल 2024 में मयंक यादव ने भी अपनी तेज गेंदबाजी से सबका ध्यान खींचा था. लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 156.7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी, जो किसी भारतीय द्वारा फेंकी गई सबसे तेज गेंदों में से एक मानी जाती है.

आईपीएल
अगला लेख