IPL 2026: Rajat Patidar के कैच पर मचा बवाल, अंपायर से भिड़े कोहली! क्या कहता है नियम?
मैच के दौरान आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार का कैच विवाद का कारण बन गया. जेसन होल्डर द्वारा पकड़े गए इस कैच पर जमकर बवाल देखने को मिला.
Rajat Patidar Catch Controversy
IPL 2026, GT vs RCB: आईपीएल 2026 में 42वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया. इस मैच में आरसीबी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. वहीं मैच के दौरान आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार का कैच विवाद का कारण बन गया. जेसन होल्डर द्वारा पकड़े गए इस कैच पर जमकर बवाल देखने को मिला. विराट कोहली भी अंपायर के फैसले से काफी नाखुश दिखे.
यह विवाद तब शुरू हुआ जब जेसन होल्डर ने डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर एक मुश्किल कैच लपका, जिसे अंपायरों ने वैध मान लिया. हालांकि, रिप्ले में कैच को लेकर कई सवाल खड़े हुए, जिससे आरसीबी खेमा बेहद निराश दिखा.
होल्डर के कैच पर विवाद क्यों?
मैदान पर जैसे ही जेसन होल्डर ने कैच पकड़ा, अंपायर ने रजत पाटीदार को आउट करार दे दिया लेकिन आरसीबी के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को इस फैसले पर भरोसा नहीं हुआ. उनका मानना था कि होल्डर ने कैच पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल नहीं किया था और डाइव लगाते वक्त गेंद जमीन से टकरा गई थी.
इस फैसले से आरसीबी के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली बेहद नाराज दिखे. उन्होंने तुरंत मैच अधिकारी से इस मुद्दे पर बहस की. कोहली के साथ टीम के मुख्य कोच एंडी फ्लावर भी शामिल हो गए और उन्होंने भी अंपायरिंग फैसले पर सवाल उठाए. डगआउट में यह असहमति साफ नजर आई.
क्या बोले दिग्गज कमेंटेटर आकाश चोपड़ा?
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भी इस कैच को लेकर सवाल उठाए हैं उन्होंने कहा "मेरी राय में, और मुझे पता है कि अंपायरों को बेहतर पता होगा, कैच लेते समय उनका गेंद पर पूरा नियंत्रण था, लेकिन जब उन्होंने डाइव लगाई और फिर स्लाइड किया, तब उनका नियंत्रण पूरी तरह से नहीं था. अगर आप रुकते हैं और उसके बाद खड़े होने के लिए गेंद का सहारा लेते हैं, तो मेरे विचार से कैच मान्य होगा, क्योंकि तब तक कैच पूरा हो चुका होता है. लेकिन स्लाइड करते समय ऐसा नहीं होता और मुझे लगा - हम सभी ने जो दृश्य देखे, उनके आधार पर - गेंद जमीन को छू गई थी. इसलिए शायद वह आउट नहीं थे, लेकिन उन्हें आउट दे दिया गया."
क्या कहता है नियम?
क्रिकेट के नियम बनाने वाली संस्था MCC के नियम 33 के तहत धारा 33.3 में स्पष्ट कहा गया है "कैच बनाने की क्रिया उस समय से शुरू होगी जब गेंद पहली बार किसी फील्डर के शरीर के संपर्क में आती है और तब समाप्त होगी जब फील्डर गेंद और अपनी खुद की गति दोनों पर पूर्ण नियंत्रण प्राप्त कर लेता है."




