सीतापुर की छात्रा प्राची निगम ने एक बार फिर अपनी मेहनत और प्रतिभा से उन लोगों को करारा जवाब दिया है, जिन्होंने दो साल पहले 10वीं में टॉप करने के बाद उनके चेहरे के बालों को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया था. यूपी बोर्ड 12वीं परीक्षा में प्राची ने 500 में से 456 अंक हासिल कर करीब 92% नंबर प्राप्त किए हैं. मैथ्स में 99, हिंदी में 96 और केमिस्ट्री में 95 अंक लाकर उन्होंने जिले का नाम रोशन किया है. हालांकि प्राची का कहना है कि उन्हें ट्रोलिंग से फर्क नहीं पड़ता, लेकिन सोशल मीडिया पर आज भी लोग उनकी तस्वीरों को एडिट कर मजाक उड़ाते हैं. 2024 में 10वीं टॉपर बनने के बाद उनकी उपलब्धि से ज्यादा उनके लुक्स की चर्चा हुई थी, जिससे वह काफी आहत हुई थीं. अब 12वीं में शानदार प्रदर्शन कर प्राची ने साबित कर दिया कि सफलता चेहरे से नहीं, मेहनत और हौसले से मिलती है.