Team India के Zimbabwe दौरे का एलान, Vaibhav Sooryavanshi समेत इन युवा खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
भारत जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज खेलेगा. इस दौरे पर वैभव सूर्यवंशी समेत कई युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है. यह टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद भारत का पहला विदेशी दौरा होगा.
Vaibhav Sooryavanshi और Ayush Mhatre
India vs Zimbabwe T20I Series Schedule: भारत जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी. बीसीसीआई ने 1 अप्रैल को इसका शेड्यूल जारी किया. ये तीनों मैच जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे. माना जा रहा है कि इस दौरे पर वैभव सूर्यवंशी, आकिब नबी, आयुष म्हात्रे और प्रियांश आर्य जैसे युवा खिलाड़ियों को आजमाया जा सकता है.
BCCI के मुताबिक, जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज 23 जुलाई से होगा. इसके बाद 25 जुलाई को दूसरा, जबकि 25 जुलाई को आखिरी मैच खेला जाएगा. यह टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद भारत का पहला विदेशी दौरा होगा.
पिछले दौरे पर किसका था दबदबा?
भारत ने पिछली बार 2024 में जिम्बाब्वे का दौरा किया था. उसी दौरे पर अभिषेक शर्मा ने अपना डेब्यू किया था. भारत ने पांच मैचों की सीरीज 4-1 से अपने नाम की थी. ऐसी उम्मीद है कि इस सीरीज में सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है.
जिम्बाब्वे की टीम कब आएगी भारत?
जिम्बाब्वे की टीम अगले साल जनवरी में भारत आएगी. इस दौरे पर वह तीन वनडे मैच खेलेगी, ये मैच 3,6 और 9 जनवरी को खेले जाएंगे. पहला मैच कोलकाता में, जबकि दूसरा मैच हैदराबाद और आखिरी मैच चेन्नई में खेला जाएगा.
किन खिलाड़ियों को मिल सकती है टीम में जगह?
जिम्बाब्वे दौरा सीनियर खिलाड़ियों को आराम देकर बेंच स्ट्रेंथ और युवा प्रतिभाओं को परखने का शानदार मौका है. ऐसी उम्मीद है कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल किया जा सकता है, क्योंकि उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसमें फाइनल में शतकीय पारी भी शामिल है. उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया. यही नहीं, वैभव ने आईपीएल 2026 के अपने पहले ही मैच में 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर अपने तूफानी फॉर्म की एक और झलक दिखाई है. ऐसे में उनका चयन लगभग पक्का माना जा रहा है.
रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले आकिब नबी को भी टीम में जगह मिल सकती है. नबी ने 2025-26 सीजन के 10 मैचों में 60 विकेट चटकाए थे. इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया. वहीं, आईपीएल में पंजाब किंग्स की तरफ से खेलने वाले प्रियांश आर्य को भी टीम में जगह मिल सकती है. वहीं, चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से खेलने वाले आयुष म्हात्रे और प्रशांत वीर को भी टीम में शामिल किया जा सकता है.




