Begin typing your search...

तंत्र-मंत्र, काला जादू-बलि और बंगाल चुनाव : सिर्फ डर, अफवाह या सियासी सच्चाई?

पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 में तंत्र-मंत्र, काला जादू और बलि की चर्चाएं तेज हैं. जानिए इन दावों की सच्चाई, अफवाहें और चुनावी हकीकत क्या कहती है.

West Bengal election 2026, tantra mantra election news
X

पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 को लेकर चुनाव प्रचार चरम पर है. इसके साथ एक बार फिर राजनीति में “तंत्र-मंत्र”, “काला जादू” और “बलि” जैसे शब्द चर्चा में हैं. चुनावी माहौल में अक्सर यह दावा किया जाता है कि कुछ प्रत्याशी जीत हासिल करने के लिए गुप्त अनुष्ठानों या तांत्रिक साधनाओं का सहारा लेते हैं. सोशल मीडिया पर भी नरबलि की अफवाहें फैलने लगी हैं. जब इन दावों की जांच की जाती है तो वास्तविकता इससे काफी अलग नजर आती है. अधिकतर मामलों में ये घटनाएं या तो अंधविश्वास से जुड़ी होती हैं या फिर राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने के लिए गढ़ी गई कहानियां. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि इन दावों की सच्चाई आखिर क्या है?

1. कथित बलि मामलों की सच्चाई क्या है?

दरअसल, West Bengal के ग्रामीण क्षेत्रों में साल 2014–15 के दौरान कुछ ऐसे मामले सामने आए, जहां बच्चों की हत्या को कथित तौर पर तांत्रिक अनुष्ठानों से जोड़ा गया. शुरुआती दौर में इन घटनाओं ने भारी सनसनी फैलाई, लेकिन पुलिस और जांच एजेंसियों की पड़ताल में सामने आया कि इनके पीछे व्यक्तिगत दुश्मनी, पारिवारिक विवाद या अंधविश्वास जैसे कारण थे. इन घटनाओं को 2016 में संपन्न विधानसभाओं में राजनेताओं के पूजा पाठ और अनुष्ठानों से जोड़ दिया गया. जबकि बंगाल में कोई भी नया काम करने से पहले पूजा पाठ परंपरा में शामिल है. इस मामले में राजनीतिक या चुनावी लाभ से जुड़ा ठोस प्रमाण अभी तक नहीं मिले हैं. हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि नेता लोग अपनी जीत के लिए तत्र साधना करवाते हैं.

2. असम-बंगाल बॉर्डर पर “काला जादू” क्या?

Assam और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में लंबे समय से “काला जादू” और तांत्रिक धोखाधड़ी के मामले सामने आते रहे हैं. यहां कुछ लोग डर और अंधविश्वास का फायदा उठाकर पैसे ऐंठने या निजी दुश्मनी निकालने के लिए ऐसे हथकंडे अपनाते हैं. पुलिस रिकॉर्ड और जांच रिपोर्टों के अनुसार ये सभी घटनाएं आपराधिक गतिविधियों की श्रेणी में आती हैं. इनका चुनावी रणनीति या राजनीतिक जीत से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं पाया गया है.

3. “विजय यज्ञ” और पूजा-पाठ - आस्था या रणनीति?

भारत में चुनाव के दौरान उम्मीदवारों द्वारा मंदिरों में पूजा करना, “विजय यज्ञ” कराना या धार्मिक अनुष्ठान करना एक सामान्य परंपरा है. यह प्रथा पंचायत चुनाव से लेकर लोकसभा चुनाव तक देखी जाती है. हालांकि इसे लेकर अक्सर तांत्रिक प्रभाव की चर्चाएं भी होती हैं, लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि यह अधिकतर व्यक्तिगत आस्था, मानसिक संतुष्टि और सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा होता है. इसका चुनाव जीतने की किसी गारंटी से कोई संबंध नहीं है, बल्कि यह एक प्रतीकात्मक मामला है.

4. तारापीठ मंदिर में क्या होता है?

बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित Tarapith Temple एक प्रसिद्ध धार्मिक और तांत्रिक साधना स्थल है. चुनाव के समय कई नेताओं के यहां दर्शन करने की खबरें अक्सर सुर्खियों में रहती हैं, जिससे यह धारणा बनती है कि यहां से चुनावी सफलता जुड़ी होती हैं. जबकि यह यह एक धार्मिक आस्था का केंद्र है, जहां पूजा और साधना होती है. राजनीतिक सफलता या चुनावी जीत से इसका कोई वैज्ञानिक या प्रमाणित संबंध नहीं है. कई राजनीतिक दलों के नेता और यहां तक कि विचारधारा से अलग लोग भी यहां आस्था के साथ पहुंचते हैं.

5. आखिर ऐसी बातें फैलती क्यों हैं?

चुनाव का माहौल स्वभाविक रूप से तनावपूर्ण और प्रतिस्पर्धी होता है. ऐसे में राजनीतिक दल एक-दूसरे पर नैरेटिव बनाने और दबाव डालने के लिए कई तरह की कहानियों का सहारा लेते हैं. इसके अलावा West Bengal की सांस्कृतिक परंपराएं, लोकविश्वास और सोशल मीडिया का तेज प्रसार इन अफवाहों को और हवा देता है, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है.

6. ग्राउंड रियलिटी क्या कहती है?

जमीनी स्तर पर चुनाव का परिणाम पूरी तरह मतदाताओं के निर्णय पर निर्भर करता है. उम्मीदवार की छवि, संगठन की ताकत, विकास कार्य, रोजगार और स्थानीय मुद्दे ही असली फैक्टर होते हैं. तंत्र-मंत्र या बलि जैसी बातें चुनावी गणित में कोई निर्णायक भूमिका नहीं निभातीं. विशेषज्ञों और पत्रकारों के अनुसार, ग्रामीण इलाकों में धार्मिक परंपराएं जरूर मौजूद हैं, लेकिन उनका संबंध चुनावी जीत से नहीं बल्कि आस्था और संस्कृति से होता है.

7. डर, आस्था और लोकतंत्र का असली सच

वरिष्ठ पत्रकारों और सामाजिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव के दौरान पूजा-पाठ और साधना को गलत तरीके से तांत्रिक शक्ति से जोड़ दिया जाता है. कुछ जानकारों के अनुसार असम और बंगाल में धार्मिक परंपराएं अधिक दिखती हैं, लेकिन उनका उद्देश्य केवल शुभ कार्य की शुरुआत और मानसिक विश्वास होता है. चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार राज्य में मतदान चरणबद्ध तरीके से संपन्न होगा और परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे.

8. क्या राजनीतिक दल पूजा-पाठ से दूरी बनाते हैं?

क्या बंगाल और असम में चुनाव के दौरान तंत्र-मंत्र का प्रभाव सच में ज्यादा होता है? इस पर आरएसएस के नॉर्थ ईस्ट में लंबे समय तक कार्य कर चुके लक्ष्मी नारायण भाला का कहना है कि ऐसी गतिविधियां बंगाल से ज्यादा असम में देखने को मिलती हैं, लेकिन इसे तंत्र साधना नहीं बल्कि नए कार्य की शुरुआत से पहले की शुभ परंपरा माना जाता है. उनके अनुसार, नरबलि जैसी घटनाओं का कोई प्रत्यक्ष अनुभव या प्रमाण उनके कार्यकाल में नहीं मिला.

लक्ष्मी नारायण भाला बताते हैं कि कुछ वामपंथी विचारधारा के लोग सार्वजनिक रूप से धार्मिक अनुष्ठानों से दूर रहते हैं, लेकिन निजी जीवन में आस्था रखते हैं. चुनाव के समय वामपंथी प्रत्याशी भी मंदिरों में आशीर्वाद लेने जाते हैं.

9. क्या चुनाव में तांत्रिक क्रिया का असर होता है?

न्यूज एशिया के चीफ एडिटर संतोष मंडल के अनुसार, पश्चिम बंगाल में पूजा-पाठ और कीर्तन की परंपरा है, लेकिन इसका चुनाव जीतने से कोई संबंध नहीं है. नरबलि या तंत्र साधना से नुकसान पहुंचाने के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं. असली चुनावी परिणाम जनता के वोट पर निर्भर करते हैं.

विधानसभा चुनाव 2026
अगला लेख