Noida E-Rickshaw Fare Hike: 10 से 20 रुपये हुआ किराया, जानें किस रूट्स पर कितना देना होगा पैसा
नोएडा में ई-रिक्शा किराया दोगुना होकर 10 से 20 रुपये हो गया है. अलग-अलग रूट्स पर नई दरें लागू, जिससे रोजाना यात्रियों की जेब पर सीधा असर पड़ा है. इस बीच स्टेट मिरर से बातचीत पर रिक्शा चालकों ने खुद बताई है किराया बढने की वजह.
नोएडा में महंगाई की मार अब आम लोगों की रोजमर्रा की यात्रा पर भी साफ दिखने लगी है. शहर में ई-रिक्शा चालकों ने अचानक किराया बढ़ा दिया है, जिससे लाखों यात्रियों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है. जहां पहले 10 रुपये में सफर तय हो जाता था, अब उसी दूरी के लिए 20 रुपये देने पड़ रहे हैं.
इस फैसले से सबसे ज्यादा असर लोअर मिडिल क्लास और रोज कमाकर खाने वाले लोगों पर पड़ा है, जो रोजाना ऑफिस, फैक्ट्री या मेट्रो स्टेशन तक आने-जाने के लिए ई-रिक्शा का इस्तेमाल करते हैं. नोएडा के अलग-अलग सेक्टरों में रहने वाले लोगों के लिए यह बढ़ोतरी एक बड़ी आर्थिक चुनौती बन गई है.
क्या वजह है किराया बढ़ाने के पीछे?
ई-रिक्शा चालकों का कहना है कि बढ़ती महंगाई ने उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया है. एक चालक ने बताया कि 'चार्जिंग का खर्च 100 रुपये तक बढ़ गया है. जहां पहले 10 रुपये किराया लगता था, अब 20 रुपये लेना पड़ रहा है. खुला गैस 400 रुपये किलो मिल रही है, चाय जो 5 रुपये में मिलती थी अब 10 रुपये की हो गई है, यहां तक कि गुटका भी महंगा हो गया है.'
एक अन्य चालक ने कहा कि 'हम लोगों ने किराया बढ़ाने को लेकर हड़ताल भी की थी. पहले 10 रुपये में जो खर्च निकल जाता था, अब नहीं निकलता. पहले 20 रुपये का पराठा खाते थे, अब 50 रुपये का खाना पड़ता है.”
क्या सवारियों में दिख रहा है गुस्सा?
किराया बढ़ने से यात्रियों में नाराजगी साफ नजर आ रही है. संजीव कुमार ठाकुर नाम के एक सवारी ने कहा कि 'पहले 10 रुपये लेते थे, अब 20 रुपये लेने लगे हैं. इसका सीधा असर हमारी जेब पर पड़ा है.' वहीं मुकुल राय ने कहा कि “दो दिन पहले आया था तो 10 रुपये लगे थे, अब 20 रुपये मांग रहे हैं. ये पूरी तरह मनमानी है.' दीनानाथ नाम के एक अन्य यात्री ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि जहां पहले 10 रुपये लगता था, अब सीधे 20 रुपये देना पड़ रहा है. इससे जेब पर भारी असर पड़ा है.”
नोएडा में किन रूट्स पर कितना बढ़ा किराया?
नोएडा के कई प्रमुख रूट्स पर किराया बढ़ा दिया गया है-
- सेक्टर 12/22 से मोदी मॉल तक: पहले 10 रुपये, अब आगे 18 तक 20 रुपये
- सेक्टर 18 से डीएम चौक: पहले 10 रुपये, अब 20 रुपये
- सेक्टर 12/22 से सेक्टर 10: 10 रुपये, आगे सेक्टर 16 और 18 तक 20 रुपये
- सेक्टर 12/22 से एडॉब चौराहा: 10 रुपये, आगे नोएडा सिटी सेंटर तक 20 रुपये
किन इलाकों में ज्यादा असर?
किराया बढ़ोतरी का असर नोएडा के कई इलाकों में देखने को मिल रहा है, जिनमें- सेक्टर 15, सेक्टर 16, हरौला, बरौला, मामूरा, सेक्टर 12/22, नोएडा स्टेडियम, नोएडा सिटी सेंटर, एडॉब चौराहा, सेक्टर 18, मोदी मॉल और डीएम चौराहा शामिल हैं. इन इलाकों में रहने वाले हजारों-लाखों लोग रोजाना ई-रिक्शा से सफर करते हैं, इसलिए यह बढ़ोतरी सीधे उनकी जेब पर असर डाल रही है.
क्या मजदूर और नौकरीपेशा लोग सबसे ज्यादा प्रभावित?
नोएडा की औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले बड़ी संख्या में लोग अलग-अलग राज्यों से आकर यहां बसे हैं. ये लोग रोजाना फैक्ट्री, दफ्तर या मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा पर निर्भर रहते हैं. ऐसे में किराया दोगुना होने से उनकी दैनिक खर्च में बड़ा इजाफा हो गया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है.
क्या आगे और बढ़ सकता है किराया?
चालकों का कहना है कि अगर महंगाई ऐसे ही बढ़ती रही, तो किराया और बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है. फिलहाल, अचानक हुई इस बढ़ोतरी ने नोएडा में एक नई बहस छेड़ दी है. क्या यह जरूरत है या मनमानी? लेकिन इतना तय है कि इस फैसले से लाखों सवारियां प्रभावित हुई हैं और आने वाले दिनों में इसका असर और गहराने की संभावना है.




