करोड़ों लगेंगे तो उम्मीद भी होगी, टीम के लिए जुनून गलत नहीं; LSG के मालिक Sanjiv Goenka की आलोचना पर बोले Shami
Mohammed Shami ने वायरल वीडियो के आधार पर संजीव गोयनका की आलोचना का बचाव किया है. उन्होंने कहा कि टीम में बड़ा निवेश करने वाले मालिक की उम्मीदें होना स्वाभाविक है. अगर कोई आम आदमी भी 5000 या 10,000 रुपये निवेश करता है, तो उसे भी चिंता होती है.
संजीव गोयनका पर उठे सवालों के बीच मोहम्मद शमी का बड़ा बयान
Lucknow Super Giants आज IPL 2026 के अपने पहले मैच में Delhi Capitals से भिड़ेगी. दोनों टीमों की कोशिश जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करने की होगी. उससे पहले, लखनऊ के तेज गेंदबाज Mohammed Shami ने खुलकर टीम के मालिक Sanjiv Goenka का बचाव किया है, क्योंकि गोयनका के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिसमें वे कप्तान पर चिल्लाते हुए नजर आए थे.
दरअसल, आईपीएल 2024 में KL Rahul से और 2025 में Rishabh Pant से हार के बाद बाउंड्री लाइन पर बातचीत करते हुए संजीव गोयनका के वीडियो वायरल हुए थे. इन वीडियो को लेकर फैंस ने मालिक के रवैये पर सवाल उठाए थे. उनका कहना था कि वे खिलाड़ियों पर ज्यादा दबाव बनाते हैं. हालांकि, मोहम्मद शमी ने इन आलोचनाओं को गलत बताते हुए कहा कि गोयनका क्रिकेट के प्रति बेहद जुनूनी हैं और खिलाड़ियों से तार्किक तरीके से बात करते हैं.
शमी ने क्या कहा?
शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान शमी ने कहा कि उन्होंने अब तक 2-3 बार संजीव गोयनका से मुलाकात की है और हर बार बातचीत सकारात्मक रही है. शमी ने कहा, "जब कोई टीम बनाने में इतना बड़ा निवेश करता है, तो उम्मीदें होना स्वाभाविक है. अगर कोई मालिक टीम से बेहतर प्रदर्शन चाहता है तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है."
शमी ने आगे कहा कि सोशल मीडिया पर जो मीम्स और बातें चल रही हैं, वह सही नहीं हैं. उन्होंने कहा, "अगर कोई आम आदमी भी 5000 या 10,000 रुपये निवेश करता है, तो उसे भी चिंता होती है. यहां तो करोड़ों रुपये लगे हैं, इसलिए उम्मीदें ज्यादा होना स्वाभाविक है."
LSG पर क्यों रहेंगी निगाहें?
Lucknow Super Giants ने 2022 और 2023 में प्लेऑफ में जगह बनाई थी, लेकिन 2024 और 2025 में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी. इसी वजह से मालिक की प्रतिक्रिया चर्चा में रही.
LSG के लिए पहला मैच खेलेंगे शमी
मोहम्मद शमी अब Delhi Capitals के खिलाफ Ekana Cricket Stadium में अपने नए फ्रेंचाइजी के लिए पहला मैच खेल सकते हैं. शमी को आईपीएल 2026 ऑक्शन में 10 करोड़ रुपये में खरीदा गया था. उन्होंने अब तक 119 आईपीएल मैचों में 133 विकेट लिए हैं. शमी पहले Kolkata Knight Riders, Delhi Capitals, Punjab Kings, Gujarat Titans और Sunrisers Hyderabad जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं.




