Vipraj Nigam ने ऐसा क्या कर दिया, जिससे SL A के खिलाफ IND A पर लग गया 10 रन का जुर्माना; 10 Points में जानें पूरा मामला
भारत A के खिलाड़ी विप्रज निगम की एक गलती की वजह से टीम पर 10 रन की पेनल्टी लग गई. हालांकि, निगम ने बल्ले से शानदार वापसी करते हुए भारत A की पारी को संभालने में अहम भूमिका निभाई.
Vipraj Nigam
IND A vs SL A 2026 Tri-Series Match: भारत A और श्रीलंका A के बीच ट्राई सीरीज का आज चौथा मैच खेला जा रहा है. इस मैच के दौरान एक अनोखी घटना देखने को मिली. भारतीय टीम को पिच के नियम तोड़ने की वजह से 10 रन का जुर्माना झेलना पड़ा. यह कार्रवाई ऑलराउंडर विप्रज निगम के खिलाफ की गई, जिन्होंने चेतावनी मिलने के बाद भी दो बार पिच के प्रतिबंधित हिस्से (Protected Area) में दौड़ लगाई.
मुकाबले के दौरान ऑन-फील्ड अंपायर Prageeth Rambukwella और Shantha Fonseka ने 34वें और 37वें ओवर के बीच भारत A पर पांच-पांच रन की पेनल्टी लगाई. इसके चलते श्रीलंका A की पारी शुरू होने से पहले ही उसके स्कोर में 10 रन जुड़ गए.
क्या है पूरा मामला?
1- मामला भारतीय पारी के 37वें ओवर का है, जब विप्रज निगम ने गेंद को शॉर्ट थर्ड की तरफ खेला और रन लेने के लिए आगे बढ़े. हालांकि, नॉन-स्ट्राइकर सूर्यांश शेडगे ने उन्हें वापस भेज दिया. वापस क्रीज पर लौटने की कोशिश में निगम पिच के बीच बने प्रतिबंधित हिस्से से होकर गुजरे, जो क्रिकेट के नियमों के खिलाफ है.
2- इससे पहले भी निगम ने इसी तरह की गलती की थी. अंपायरों ने उन्हें पहले ही चेतावनी दे दी थी, लेकिन दोबारा वही गलती करने के बाद नियमों के अनुसार भारत A पर पांच रन की अतिरिक्त पेनल्टी लगा दी गई.
3- हालांकि, इसी मुकाबले में विप्रज निगम ने बल्ले से शानदार योगदान दिया. जब भारत A की टीम 143 रन पर 7 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, तब निगम और सूर्यांश शेडगे ने आठवें विकेट के लिए 104 रन की अहम साझेदारी की.
4- निगम ने 49 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि सूर्यांश शेडगे ने 66 गेंदों पर 72 रन की शानदार पारी खेली. दोनों की साझेदारी की बदौलत भारत A ने अपना स्कोर 265 रन तक पहुंचाया.
5- दिलचस्प बात यह रही कि इसी पारी में श्रीलंका A को भी पांच रन का नुकसान झेलना पड़ा था. 16वें ओवर में विकेटकीपर निरोशन डिकवेला वाइड गेंद को ठीक से पकड़ नहीं पाए और गेंद पीछे रखे हेलमेट से टकरा गई, जिसके कारण भारत A को पांच अतिरिक्त रन मिले.
6- श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया. भारत ने शेडगे और निगम की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर 49.2 ओवर में 265 रन बनाए.
7- वैभव सूर्यवंशी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. उन्होंने 14 गेंद में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 21 रन बनाए.
8- प्रभसिमरन सिंह ने 11, रुतुराज गायकवाड़ ने 37, कप्तान तिलक वर्मा ने 23, आयुष बडोनी ने 15, निशांत सिंधु ने 6, अनुकूल रॉय ने 8 और अरशद खान ने 2 रन बनाए. यश ठाकुर 2 रन बनाकर नाबाद रहे.
9- श्रीलंका की ओर से Mohamed Shiraz ने 7.2 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट चटकाए. वहीं, Vishen Halambage ने 2 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट चटकाए. कप्तान Sahan Arachchige, Kugathas Mathulan और Wanuja Sahan ने 1-1 विकेट लिए.
10- भारत ए ने अपने पहले मैच में श्रीलंका ए को 8 रन से हराया था, जबकि बारिश से प्रभावित दूसरे मैच में उसे अफगानिस्तान ए के हाथों 4 रन से हार का सामना करना पड़ा.




