IND W Vs PAK W: दीप्ति का 'पंजा', भारत ने पाक को 64 रन से हराया; पहली बार महिला WC में बना यह 'खास' रिकॉर्ड-10 बड़ी बातें
भारत ने महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को हराकर जीत के साथ शुरुआत की. दीप्ति शर्मा की शानदार पांच विकेट वाली गेंदबाजी और भारतीय स्पिन अटैक के सामने पाकिस्तान की टीम टिक नहीं पाई.
दीप्ति शर्मा और स्मृति मंधाना
IND W Vs PAK W Match Highlights: भारत ने महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत के साथ की. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 171 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम भारतीय स्पिन गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी.
मैच की सबसे बड़ी स्टार रहीं Deepti Sharma, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. भारत ने मुकाबला पूरी तरह अपने नियंत्रण में लेते हुए टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की.
IND W vs PAK W मैच की 10 बड़ी बातें
1- भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का मौका मिला और टीम ने शुरुआत में संभलकर खेलते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया. Smriti Mandhana की शानदार पारी ने टीम को मजबूत आधार दिया और भारत ने पाकिस्तान के सामने 171 रनों का लक्ष्य रखा.
2- स्मृति मंधाना ने 44 गेंद में 68 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल हैं. वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 4 चौकों की मदद से 35 गेंद में 36 रन बनाए, जबकि रिचा घोष ने 17 गेंद में 34 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल हैं.
3- लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम ने शुरुआत में तेजी दिखाई. ओपनर मुनीबा अली ने पावर प्ले में तेजी से रन बनाए और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की. मुनीबा ने 35 गेंद में 5 चौके की मदद से 41 रन बनाए.
4- हालांकि, भारतीय फील्डिंग में कुछ गलतियां भी हुईं, जिसका फायदा पाकिस्तान को मिला, लेकिन पावरप्ले के बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी की. कप्तान Harmanpreet Kaur ने टीम को संभाला और स्पिन गेंदबाजों ने पाकिस्तान के बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका नहीं दिया.
5- दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी को पूरी तरह बिखेर दिया. वहीं Shree Charani ने तीन विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया और Shafali Verma ने भी एक सफलता हासिल की.
6- प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं दीप्ति शर्मा ने कहा कि उन्हें ऐसे विकेट पसंद हैं जहां गेंद थोड़ा टर्न करती है. उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद पर भरोसा रखा और सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करने की कोशिश की.
7- दीप्ति ने टीम की जीत का श्रेय पूरे ग्रुप को दिया और स्मृति मंधाना की पारी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी बल्लेबाजी ने टीम को जरूरी गति दी. उन्होंने कहा कि विकेट नहीं मिलने पर भी उनका आत्मविश्वास कम नहीं हुआ और उन्हें भरोसा था कि जरूरत के समय वह टीम के लिए प्रदर्शन कर सकती हैं.
8- भारत-पाकिस्तान मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम में भारी भीड़ पहुंची. इस मैच में 18,814 दर्शक मौजूद रहे, जो महिला T20 वर्ल्ड कप के किसी भी ग्रुप स्टेज मुकाबले में सबसे ज्यादा उपस्थिति का नया रिकॉर्ड है. इससे पहले यह रिकॉर्ड भी भारत-पाकिस्तान मैच के नाम था, जब दुबई में 2024 में खेले गए मुकाबले में 15,935 दर्शक पहुंचे थे.
9- भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत के बाद टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई. उन्होंने सबसे पहले भारतीय फैंस का धन्यवाद किया और कहा कि जिस तरह से दर्शकों ने टीम का समर्थन किया, वह बेहद खास है. कप्तान ने Smriti Mandhana और Deepti Sharma के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि जब भी टीम को जरूरत होती है, दोनों खिलाड़ी जिम्मेदारी उठाने के लिए हमेशा तैयार रहती हैं.
10- हरमनप्रीत ने कहा कि शुरुआत में टीम ने खुद पर थोड़ा दबाव बना लिया था, लेकिन बाद में बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने स्थिति को संभाला और अपनी रणनीति के मुताबिक स्कोर खड़ा किया. पिच और परिस्थितियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा था। शुरुआती दबाव के बाद टीम ने धैर्य रखा और मैच को अपने नियंत्रण में लिया.
फील्डिंग को लेकर क्या बोलीं हरमनप्रीत कौर?
फील्डिंग को लेकर हरमनप्रीत कौर ने कहा कि क्रिकेट में हर कैच और हर गेंद महत्वपूर्ण होती है. शुरुआत में कुछ गलतियां हुईं, लेकिन बाद में खिलाड़ियों ने हर गेंद पर अपना पूरा प्रयास किया, जिससे टीम को फायदा मिला. वहीं, रिचा घोष की बल्लेबाजी पर पूछे गए सवाल पर हरमनप्रीत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर फैसला उनके हाथ में होता तो वह उन्हें पहली गेंद पर ही बल्लेबाजी के लिए भेज देतीं, लेकिन रिचा की टीम में एक खास भूमिका है और वह उसे अच्छी तरह निभा रही हैं.
कप्तान ने यह भी कहा कि टूर्नामेंट के हर लीग मैच का अपना महत्व है, क्योंकि अंत में नेट रन रेट भी काफी अहम भूमिका निभा सकता है. इसलिए हर जीत टीम के लिए जरूरी है. मैच के अंत में उन्हें थोड़ा लंगड़ाते हुए देखा गया था, जिस पर उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह ठीक हैं और चिंता की कोई बात नहीं है.




