T20 WC 2026: संजू सैमसन के टीम से बाहर रहने का गौतम गंभीर ने बताया कारण, जीत के बाद पढ़ें कसीदे
सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर भी संजू के कसीदे पढ़ते नजर आए. वहीं मैच के बाद गंभीर ने बताया कि आखिर क्यों उनको प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा जा रहा था?
Sanju Samson
T20 World Cup 2026, Sanju Samson: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 1 मार्च को ईडन गार्डन्स से लेकर पूरे भारत में एक ही नाम गूंज रहा है वो है संजू सैमसन. जिस खिलाड़ी को लगातार प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा जा रहा था उसने बल्ले से ऐसा धमाल मचाया कि अब हर कोई संजू सैमसन का मुरीद हो गया है.
वेस्टइंडीज के साथ खेले गए करो या मरो के मैच में संजू ने महज 50 गेंदों पर नाबाद 97 रनों की पारी खेलकर टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई. सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर भी संजू के कसीदे पढ़ते नजर आए. वहीं मैच के बाद गंभीर ने बताया कि आखिर क्यों उनको प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा जा रहा था?
संजू को लेकर क्या बोले गंभीर?
वेस्टइंडीज पर टीम इंडिया की जीत के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने संजू सैमसन को लेकर कहा कि "संजू सैमसन ने टी20 इंटरनेशनल में 3 शतक जड़े हैं. हमें हमेशा से ही पता था कि उनका टैलेंट क्या है. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उनका बल्ला नहीं चल रहा था ऐसे में उनका ब्रेक लेना बहुत जरूरी था लेकिन हमें पता था जब भी हमें जरूरत होगी वो आएंगे और डिलीवर करेंगे. संजू एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी है और वो ऐसे समय में टीम के लिए खड़े हुए हैं जब टीम को सबसे ज्यादा जरूरत थी." गंभीर के इस बयान से साफ है कि टीम मैनेजमेंट को सैमसन की क्षमता पर पूरा भरोसा था.
संजू क्यों हुए थे टीम से बाहर?
वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के साथ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली थी, इस सीरीज में संजू सैमसन टीम इंडिया का हिस्सा थे, लेकिन बल्ले से खराब प्रदर्शन के चलते उन्होंने काफी निराश किया. इसके बाद संजू को वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर रखा गया था.
इसके बाद अभिषेक शर्मा की तबीयत खराब हुई और संजू को प्लेइंग इलेवन में मौका मिला. वर्ल्ड कप से पहले संजू के बल्ले से न्यूजीलैंड सीरीज में 5 मैचों में महज 46 रन ही निकले थे. लेकिन अब महज 3 मैचों में उन्होंने 143 रन बना दिए हैं. जो सेमीफाइनल से पहले टीम इंडिया के लिए अच्छा संकेत है.




