Begin typing your search...

8 छक्के, 10 चौके और 33 गेंद में शतक- ईडन गार्डन्स में आया Finn Allen का तूफान, 12.5 ओवर में 173 रन बनाकर न्यूजीलैंड फाइनल में

T20 World Cup 2026 में कोलकाता के Eden Gardens में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज Finn Allen ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में टूर्नामेंट का सबसे तेज शतक जड़ दिया. इस दौरान उन्होंने 8 छक्के और 10 चौके लगाए.

8 छक्के, 10 चौके और 33 गेंद में शतक- ईडन गार्डन्स में आया Finn Allen का तूफान, 12.5 ओवर में 173 रन बनाकर न्यूजीलैंड फाइनल में
X

South Africa vs New Zealand Match Highlights: तारीख 4 मार्च, दिन बुधवार और कोलकाता का ईडन गार्डन्स स्टेडियम... जिस समय पूरा भारत रंगों के त्योहार होली को मना रहा है, इसी दौरान T20 World Cup 2026 में चौकों और छक्कों की जो सुनामी आई, उसने दक्षिण अफ्रीका की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को धोकर रख दिया. न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों ने जो विस्फोटक पारी खेली, उसकी गूंज कई सालों तक सुनाई देती रहेगी. मार्को यान्सन के एक ही ओवर में फिन एलन ने 4, 6,6, 4 लगाते हुए टी-20 वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक ठोक दिया. उनसे पहले वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल ने 47 गेंद में 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में शतक जड़ा था.

फिन एलन की 33 गेंद की इस पारी में 8 छक्के और 10 चौके शामिल रहे... और स्ट्राइक रेट 303 का रहा. वहीं, टिम साइफर्ट ने भी 33 गेंद में 2 छक्के और 7 चौके लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 176 के करीब रहा. यही वजह है कि साउथ अफ्रीका को न्यूजीलैंड ने 9 विकेट से करारी शिकस्त दी और अहमदाबाद में खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल का टिकट पक्का कर लिया. साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रन बनाए थे, जिसे न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवर में ही हासिल कर लिया. रचिन रविंद्र 11 गेंद में 13 रन बनाकर नाबाद रहे.

फिन एलन की तूफानी सेंचुरी के दम पर न्यूजीलैंड की टीम दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है. इस मैच में उसने 84 रन का बेस्ट पावरप्ले स्कोर बनाया तो महज 7.5 ओवर में स्कोर बोर्ड पर 100 रन टांग दिए. एलन से पहले न्यूजीलैंड के किसी भी बल्लेबाज ने टी-20 वर्ल्ड कप में 33 गेंद में शतक नहीं जड़ा था.

ICC T20 WC में लगातार सबसे ज़्यादा जीत

  • 12* - इंडिया (2024-2026)
  • 8 - साउथ अफ्रीका (2024)
  • 8 - ऑस्ट्रेलिया (2022-2024)
  • 7 - साउथ अफ्रीका (2024) - आज लगातार जीत का सिलसिला खत्म हुआ
  • 7 - इंग्लैंड (2010-2012)
  • 7 - इंडिया (2012-2014)

T20 WC में NZ के लिए शतक

  • 123 - ब्रेंडन मैकुलम बनाम BAN, पल्लेकेले, 2012
  • 104 - ग्लेन फिलिप्स बनाम SL, सिडनी, 2022
  • 100* - फिन एलन बनाम SA, कोलकाता, 2026

फिन एलन ने 33 गेंद में 100 रन बनाकर क्या रिकॉर्ड बनाया?

  • T20WC में सबसे तेज़
  • T20I में किसी फुल-मेंबर टीम के खिलाफ़ सबसे तेज़
  • सभी T20I में जॉइंट तीसरा सबसे तेज़
  • FM टीमों के किसी बैटर के लिए जॉइंट सबसे तेज़, सिकंदर रजा के साथ गाम्बिया, नैरोबी (2024)

सबसे तेज T20I शतक (गेंदों के हिसाब से)

  • 27 - साहिल चौहान (एस्टोनिया) बनाम साइप्रस, एपिस्कोपी, 2024
  • 29 - मुहम्मद फहद (तुर्की) बनाम बुल्गारिया, सोफिया, 2025
  • 33 - फिन एलन (NZ) बनाम SA, कोलकाता, 2026
  • 33 - जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (NAM) बनाम NEP, कीर्तिपुर, 2024
  • 33 - सिकंदर रजा (ZIM) बनाम गाम्बिया, नैरोबी, 2024

T20 WC में पिछला सबसे तेज़ शतक: 2016 में वानखेड़े में क्रिस गेल द्वारा ENG के खिलाफ 47 गेंदों में

साउथ अफ्रीका की तरफ से किसने कितने रन बनाए?

कप्तान एडेन मार्करम ने 18, क्विंटन डी कॉक ने 10, रयान रिकेलटन ने 0, डेवाल्ड ब्रेविस ने 34, डेविड मिलर ने 6, ट्रिस्टन स्टब्स ने 29, कॉर्बिन बॉश ने 2 और कैगिसो रबाडा ने 0 रन बनाए. मार्को यान्सन 30 गेंद में 55 रन और केशव महाराज 1 गेंद में 1 रन बनाकर नाबाद रहे. न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी, रचिन रविंद्र और कोलि मैक्कांची ने 2-2 विकेट चटकाए. जबकि लॉकी फर्ग्युसन और जेम्स नीशम को 1-1 विकेट मिला.

फिन एलन ने प्लेयर ऑफ द मैच बनने पर क्या कहा?

  • प्लेयर ऑफ द मैच बने Finn Allen ने सेमीफाइनल में धमाकेदार शतक के बाद कहा कि यह उनके करियर की बेहतरीन पारियों में से एक है. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “हां, यह पारी निश्चित तौर पर मेरी सबसे खास पारियों में शामिल रहेगी. मेरा फोकस सिर्फ सही पोज़िशन में आने और टीम के लिए मजबूत प्रदर्शन करने पर था.”
  • ओपनिंग पार्टनर Tim Seifert के साथ रणनीति पर उन्होंने बताया कि शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाने की योजना थी. उन्होंने कहा, “हम सीधा खेलना चाहते थे और उन्हें शुरुआत में ही बैकफुट पर धकेलना चाहते थे. जब टिम्मी उस तरह खेल रहे हों तो मेरे लिए काम आसान हो जाता है. मैं इंतजार कर सकता हूं कि गेंद मेरे एरिया में आए और फिर शॉट लगा सकूं. उनकी बल्लेबाजी ने हमें शानदार शुरुआत दिलाई.”
  • जब उनसे पूछा गया कि लगातार स्ट्राइक मिलने पर लय कैसे बनाए रखते हैं, तो एलन ने कहा कि सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में ऊर्जा बनाए रखना आसान होता है. उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए बहुत बड़ा मैच था. हम दोनों एक-दूसरे से लगातार संवाद करते रहे- चाहे स्ट्राइक पर हों या नहीं, बस ध्यान यही था कि सीधा खेलें और गेंद को जोर से हिट करें। हम दोनों ने मैदान पर हर पल का आनंद लिया।”
  • पिच और परिस्थितियों के अनुसार बदलाव पर एलन ने कहा कि तैयारी और अभ्यास अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा, “हर विकेट के मुताबिक खुद को ढालना जरूरी है. यहां काली मिट्टी की पिच थी और वर्ल्ड कप से पहले भारत सीरीज में हमें ऐसे विकेट पर खेलने का अनुभव मिला था. उस सीरीज से मिली जानकारी हमारे लिए काफी उपयोगी रही.”
  • फाइनल में पहुंचने पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा, “अच्छा लग रहा है, लेकिन अभी काम बाकी है. इस जीत के सकारात्मक पहलुओं को साथ लेकर हम थोड़ी खुशी जरूर मनाएंगे, लेकिन असली लक्ष्य रविवार का फाइनल जीतना है.”
टी-20 वर्ल्‍ड कपक्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख