भारत ने कभी नहीं खेला फुटबॉल वर्ल्ड कप, एक बार क्वालीफाई होने के बाद भी क्यों नहीं हुआ शामिल?
एक समय ऐसा भी आया था जब भारत फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर चुका था. हैरानी की बात यह है कि भारतीय टीम ने विश्व कप में जगह तो बना ली थी, लेकिन मैदान पर उतरने से पहले ही टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया.
FIFA World Cup
FIFA World Cup 2026: दुनिया का सबसे बड़ा फुटबॉल महाकुंभ फीफा विश्व कप 2026 का आगाज 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने जा रहा है. इस बार टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक होगा, क्योंकि पहली बार 48 टीमें विश्व चैंपियन बनने की दौड़ में उतरेंगी लेकिन करोड़ों भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए एक बार फिर निराशा की बात यह है कि भारत इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होगा.
हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि एक समय ऐसा भी आया था जब भारत फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर चुका था. हैरानी की बात यह है कि भारतीय टीम ने विश्व कप में जगह तो बना ली थी, लेकिन मैदान पर उतरने से पहले ही टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया. यह फैसला आज भी भारतीय फुटबॉल इतिहास के सबसे बड़े छूटे हुए अवसरों में गिना जाता है.
कब किया था भारत ने क्वालीफाई?
यह कहानी 1950 फीफा विश्व कप से जुड़ी है, जिसकी मेजबानी ब्राजील कर रहा था. उस दौर में विश्व कप के लिए क्वालीफिकेशन प्रक्रिया आज की तरह लंबी और जटिल नहीं थी. द्वितीय विश्व युद्ध के बाद दुनिया धीरे-धीरे सामान्य हो रही थी और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल का ढांचा भी अभी विकास के दौर में था.
भारत को अपने क्वालीफाइंग ग्रुप में बर्मा, इंडोनेशिया और फिलीपींस के साथ रखा गया था लेकिन आर्थिक और यात्रा संबंधी चुनौतियों के चलते तीनों देशों ने प्रतियोगिता से अपना नाम वापस ले लिया. इसके बाद भारत बिना एक भी क्वालीफाइंग मुकाबला खेले सीधे विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर गया. आज तक यही एकमात्र अवसर है जब भारतीय फुटबॉल टीम ने आधिकारिक रूप से फीफा विश्व कप में जगह बनाई थी.
किस वजह से नहीं खेला था भारत?
कई दशकों तक यह धारणा बनी रही कि भारत को विश्व कप में खेलने की अनुमति इसलिए नहीं मिली क्योंकि भारतीय खिलाड़ी जूते पहनने के बजाय नंगे पैर खेलना पसंद करते थे. इस कहानी को बल इसलिए मिला क्योंकि 1948 लंदन ओलंपिक में भारतीय टीम ने फ्रांस के खिलाफ नंगे पैर खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था. उस मैच ने दुनिया का ध्यान भारतीय खिलाड़ियों की ओर आकर्षित किया था.
लेकिन वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग थी. 1950 में फीफा के नियमों में कहीं भी यह उल्लेख नहीं था कि खिलाड़ियों के लिए फुटबॉल बूट पहनना अनिवार्य है. इसका सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि भारत ने 1952 हेलसिंकी ओलंपिक में भी बिना किसी आपत्ति के नंगे पैर खेलना जारी रखा. यानी विश्व कप से हटने का फैसला जूतों या ड्रेस कोड से जुड़ा हुआ नहीं था.
AIFF ने क्यों लिया था ये फैसला?
दरअसल, उस समय अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) और सरकारी खेल अधिकारियों की प्राथमिकताएं अलग थीं। उनके लिए फीफा विश्व कप की तुलना में ओलंपिक खेल ज्यादा महत्वपूर्ण माने जाते थे. सीमित संसाधनों और बजट को देखते हुए अधिकारियों ने ब्राजील में विश्व कप खेलने के बजाय 1952 ओलंपिक की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया. इसी सोच ने भारत को फुटबॉल इतिहास के सबसे बड़े मंच से दूर कर दिया.
क्या वास्तव में पैसों की कमी थी?
दिलचस्प बात यह है कि बाद में सामने आई रिपोर्टों ने इस धारणा पर भी सवाल खड़े किए कि भारत विश्व कप में सिर्फ आर्थिक कारणों से नहीं गया. बताया जाता है कि फीफा और भारत के कुछ राज्य फुटबॉल संघ यात्रा और अन्य खर्चों में सहायता करने के लिए तैयार थे. इसके बावजूद महासंघ की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया और निर्णय लगातार टलता रहा.
उस समय भारतीय फुटबॉल का ढांचा आज जितना पेशेवर नहीं था. देश में खेले जाने वाले कई घरेलू मुकाबले अंतरराष्ट्रीय मानक के 90 मिनट के बजाय 70 मिनट तक ही सीमित रहते थे. अधिकारियों को आशंका थी कि भारतीय खिलाड़ी लंबे और कठिन मुकाबलों में यूरोप तथा दक्षिण अमेरिका की मजबूत टीमों के सामने शारीरिक रूप से कमजोर पड़ सकते हैं.
आखिरी समय में लिया गया बड़ा फैसला
विश्व कप शुरू होने से कुछ ही दिन पहले भारत ने फीफा को सूचित कर दिया कि वह टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेगा. आधिकारिक तौर पर तैयारी के लिए पर्याप्त समय न मिलना और संचार संबंधी समस्याओं को इस फैसले का कारण बताया गया लेकिन इसके साथ ही भारतीय फुटबॉल इतिहास का एक सुनहरा अध्याय शुरू होने से पहले ही समाप्त हो गया.
7 दशक बाद भी बाहर है भारत
1950 विश्व कप से हटने का निर्णय आज भी खेल इतिहास की सबसे चर्चित घटनाओं में गिना जाता है. इसके बाद सात दशक से अधिक समय गुजर चुके हैं, लेकिन भारत दोबारा कभी फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका. अब जब 2026 विश्व कप में रिकॉर्ड 48 टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं, तब 1950 की यह कहानी एक बार फिर चर्चा में है.




