Begin typing your search...

सताएगा फोन हैक होने का डर! साइबर क्राइम पर बनीं हैं ये 6 फिल्में, खुल जाएगी डिजिटल दुनिया की पोल

इंटरनेट और सोशल मीडिया की चमकदार दुनिया के पीछे छिपे खतरों को समझना चाहते हैं तो ये 6 भारतीय साइबर क्राइम फिल्में जरूर देखें. AI, डेटा लीक, हैकिंग और ऑनलाइन फ्रॉड पर आधारित ये कहानियां आपको सोचने पर मजबूर कर देंगी.

सताएगा फोन हैक होने का डर! साइबर क्राइम पर बनीं हैं ये 6 फिल्में, खुल जाएगी डिजिटल दुनिया की पोल
X
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय6 Mins Read

Updated on: 8 Jun 2026 6:00 PM IST

क्या आपको भी लगता है कि आपका फोन और लैपटॉप पूरी तरह सुरक्षित है? क्या आप भी बिना सोचे-समझे किसी भी लिंक पर क्लिक कर देते हैं या सोशल मीडिया पर अपनी पूरी जिंदगी लाइव कर रहे हैं? अगर हां, तो थोड़ा रुकिए. आज का हमारा डिजिटल युग जितना आसान है, उतना ही खतरनाक भी. इंटरनेट की इसी डार्क साइड (Dark Side) को दिखाने के लिए भारतीय फिल्ममेकर्स ने कुछ ऐसी बेहतरीन फिल्में बनाई हैं, जिन्हें देखकर शायद आप अपना वाई-फाई बंद करने पर मजबूर हो जाएं. डेटा चोरी से लेकर एआई (AI) के खतरों और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग तक, ये फिल्में आपको अंदर तक हिला देंगी. चलिए नजर डालते हैं नेटफ्लिक्स (Netflix), अमेज़न प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) और ज़ी5 (ZEE5) पर मौजूद 6 ऐसी बेहतरीन भारतीय साइबर अपराध फिल्मों पर, जिन्हें आपको वीकेंड पर जरूर देखना चाहिए.

1. कंट्रोल - नेटफ्लिक्स

स्टारकास्ट: अनन्या पांडे, विहान समत

अगर आप सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और हर छोटी-बड़ी बात शेयर करने के शौकीन हैं, तो यह फिल्म आपके लिए एक बड़ा वेक-अप कॉल है. यह एक 'स्क्रीनलाइफ' थ्रिलर है, जिसकी पूरी कहानी लैपटॉप और फोन की स्क्रीन पर चलती है. नेला और जो एक मशहूर इन्फ्लुएंसर कपल हैं. जब जो, नेला को धोखा देता है, तो नेला गुस्से में आकर अपने डिजिटल पास्ट को मिटाने के लिए 'CTRL' नाम के एक एआई ऐप का सहारा लेती है. लेकिन कहानी तब खौफनाक मोड़ लेती है जब वो एआई ऐप धीरे-धीरे उसकी पूरी असल जिंदगी को ही कंट्रोल करने लगता है.

2. ऑपरेशन जावा - ज़ी5

स्टारकास्ट: बालू वर्गीस, लुकमान अवारन

यह फिल्म किसी काल्पनिक कहानी पर नहीं, बल्कि कोच्चि की साइबर सेल में दर्ज हुए असली साइबर क्राइम के मामलों पर आधारित है. कहानी दो बेरोजगार इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अस्थाई इंटर्न के रूप में पुलिस की साइबर टीम से जुड़ते हैं. फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे ऑनलाइन फ्रॉड, पायरेसी और डिजिटल आइडेंटिटी थेफ्ट जैसी घटनाएं आम लोगों की जिंदगी बर्बाद कर देती हैं. अगर आपको जमीनी हकीकत से जुड़ी रियलिस्टिक फिल्में पसंद हैं, तो इसे बिल्कुल मिस न करें. मूल रूप से यह मलयालम भाषा में बनी है लेकिन इसका हिंदी डब उपलब्ध है.

3. इरुम्बु थिरै - अमेज़न प्राइम वीडियो

स्टारकास्ट: विशाल, अर्जुन सरजा, सामंथा रुथ प्रभु

भाषा: तमिल (हिंदी डब: 'द रिटर्न ऑफ अभिमन्यु')

क्या हमारा पर्सनल डेटा वाकई पर्सनल है? इसी सवाल का करारा जवाब देती है यह धमाकेदार एक्शन-टेक्नो थ्रिलर फिल्म. एक मिलिट्री ऑफिसर अपनी बहन की शादी के लिए फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोन लेता है, लेकिन अचानक उसके बैंक अकाउंट से सारे पैसे गायब हो जाते हैं. जब वह इस स्कैम की गहराई में जाता है, तो उसका सामना 'व्हाइट डेविल' नाम के एक शातिर विलेन से होता है, जो डार्क वेब के जरिए पूरे देश का डेटा बेच रहा होता है. तमिल भाषा में बनी यह फिल्म 'द रिटर्न ऑफ अभिमन्यु' के नाम से हिंदी डब में मिल जाएगी.

4. सी यू सून - अमेज़न प्राइम वीडियो

स्टारकास्ट: फहद फासिल, रोशन मैथ्यू, दर्शना राजेंद्रन

कोविड लॉकडाउन के दौरान बनी यह फिल्म भारतीय सिनेमा के सबसे बेहतरीन प्रयोगों में से एक है. इसकी पूरी शूटिंग सिर्फ आईफोन, वेबकैम और कंप्यूटर स्क्रीन्स के जरिए की गई है. जिमी को ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर एक लड़की (अनु) से प्यार हो जाता है. सब कुछ ठीक चल रहा होता है कि अचानक अनु एक रहस्यमयी वीडियो छोड़कर गायब हो जाती है. जिमी का कजिन केविन, जो कि एक साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट है, अनु को खोजने के लिए डिजिटल सबूतों को खंगालना शुरू करता है. जैसे-जैसे वो फाइल्स खोलता है, ऑनलाइन ट्रैफिकिंग और डार्क सीक्रेट्स की ऐसी परतें खुलती हैं कि आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे. मलयालम भाषा में बनी यह हिंदी डब मौजूद नहीं है. लेकिन इसे सबटाइटल्स के साथ देखा जा सकता है.

5. हैक्ड - ज़ी5

स्टारकास्ट: हिना खान, रोहन शाह

डिजिटल दुनिया में 'जुनून' और 'सनक' किस हद तक तबाही मचा सकती है, विक्रम भट्ट की यह फिल्म इसी को बयां करती है. यह कहानी है एक 19 साल के शातिर हैकर लड़के की, जिसे अपने से बड़ी उम्र की एक कामकाजी महिला से एकतरफा प्यार हो जाता है. जब महिला उसे दुत्कार देती है, तो वह बदला लेने के लिए उसका फोन, सोशल मीडिया, ईमेल और यहां तक कि घर के सारे स्मार्ट गैजेट्स हैक कर लेता है. यह फिल्म सिखाती है कि किसी अजनबी को अपने डिजिटल स्पेस में एंट्री देना कितना खतरनाक हो सकता है. यह हिंदी भाषा में उपलब्ध है.

6. टेक केयर गुड नाइट - अमेज़न प्राइम वीडियो

स्टारकास्ट: सचिन खेडेकर, महेश मांजरेकर, इरावती हर्षे

अक्सर माना जाता है कि साइबर क्राइम का शिकार सिर्फ युवा होते हैं, लेकिन यह फिल्म उस मिथक को तोड़ती है और बुजुर्गों या कम तकनीक जानने वाले लोगों की बेबसी को दिखाती है. एक सीधा-साधा नौकरीपेशा इंसान जो तकनीक की भागदौड़ से दूर रहने के लिए समय से पहले रिटायरमेंट ले लेता है. लेकिन एक दिन अचानक उसे पता चलता है कि एक साइबर फ्रॉड के जरिए उसकी जिंदगी भर की पूरी कमाई साफ हो चुकी है. इसके बाद शुरू होती है साइबर क्राइम इंस्पेक्टर्स की मदद से उस अदृश्य चोर को पकड़ने की जंग. यह एक बेहद इमोशनल और आंखें खोल देने वाली फिल्म है.

अगला लेख