ENG vs IND ODI Series से भी क्या बाहर रहेंगे Hardik Pandya और Virat Kohli? सामने आया बड़ा अपडेट
इंग्लैंड के खिलाफ अगले महीने से भारत को तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है. ये मैच इंग्लैंड में खेले जाएंगे, लेकिन उससे पहले विराट कोहली और हार्दिक पांड्या की चोट ने टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
हार्दिक पांड्या और विराट कोहली
Hardik Pandya Virat Kohli Injury Update: भारत और इंग्लैंड के बीच अगले महीने 14 जुलाई से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है. इस सीरीज के लिए टीम इंडिया का चयन होना अभी बाकी है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या हार्दिक पांड्या और विराट कोहली इस सीरीज में खेलेंगे या नहीं. आइए, इन सारे सवालों के जवाब जानते हैं...
बताया जाता है कि हार्दिक पांड्या इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज से बाहर हो गए हैं. वहीं, विराट कोहली के खेलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि वे इस सीरीज में खेल सकते हैं.
हार्दिक पांड्या क्यों वनडे सीरीज से बाहर होंगे?
हार्दिक पांड्या का अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना लगभग तय माना जा रहा था. वे बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी पहुंच गए थे. हालांकि, उन्हें जांच और रिहैबिलिटेशन के दौरान फिर से चोट लग गई. उनके काड्रिसेप्स में फिर सें खिंचाव आ गया. इस वजह से वे सीरीज से कुछ दिन पहले ही बाहर हो गए.
इससे पहले, आईपीएल 2026 में भी हार्दिक पांड्या कुछ मैचों में नहीं खेले थे. अब काड्रिसेप्स में खिंचाव की वजह से वे इंग्लैंड दौरे से भी बाहर हो गए हैं.
क्या 2027 वर्ल्ड कप का हिस्सा होंगे हार्दिक पांड्या?
हार्दिक पांड्या के इंग्लैंड दौरे से बाहर होने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या वे 2027 वनडे वर्ल्ड कप की टीम का हिस्सा होंगे. इसका जवाब है- हां. हार्दिक जैसे स्टार ऑलराउंडर को बाहर करना आसान नहीं है. हार्दिक ने कई मौकों पर टीम को जीत दिलाई. 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में उनकी गेंदबाजी को कोई भला कैसे भूल सकता है.
हार्दिक 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम मैनेजमेंट की पहली पसंद हैं. उनका फिट रहना बेहद जरूरी है. यही वजह है कि मैनेजमेंट उन्हें लेकर किसी भी तरह का कोई भी जोखिम नहीं उठाना चाहता. इसीलिए उन्हें इंग्लैंड दौरे से आराम दिया गया है.
क्या विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में खेलेंगे?
सबसे बड़ा सवाल विराट कोहली को लेकर है कि क्या वे इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा होंगे, क्योंकि वे हैमस्ट्रिंग में चोट लगने की वजह से अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए थे. कोहली को लेकर बड़ा अपडेट यह है कि वे 22 जून को बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट देंगे.इस टेस्ट का नतीजा तय करेगा कि वे इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलेंगे या नहीं. कोहली को आईपीएल फाइनल के दौरान चोट लगी थी.
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैच कब-कब खेले जाएंगे?
तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच 14 जुलाई, दूसरा 16 जुलाई और तीसरा व आखिरी मैच 19 जुलाई को खेला जाएगा. ये मैच बर्मिंघम, कार्डिफ और लंदन में खेले जाएंगे.




