Begin typing your search...

Kantara में महफिल लुटने वाली Actress Rukmini Vasanth फेक बिकिनी वीडियो पर भड़कीं- 3 आरोपी गिरफ्तार- VIDEO

कन्नड़ अभिनेत्री रुक्मिणी वसंत की AI से बनाई गई फर्जी तस्वीरें और वीडियो वायरल करने के आरोप में बेंगलुरु पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया. जानिए पूरा मामला.

Kantara में महफिल लुटने वाली Actress Rukmini Vasanth फेक बिकिनी वीडियो पर भड़कीं- 3 आरोपी गिरफ्तार- VIDEO
X
( Image Source:  rukmini_vasanth-instagram )

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक जहां लोगों की जिंदगी को आसान बना रही है, वहीं इसका गलत इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ रहा है. ताजा मामला कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री रुक्मिणी वसंत से जुड़ा है.

जिनकी फर्जी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के आरोप में बेंगलुरु पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. यह मामला एक बार फिर इस बात की चेतावनी बनकर सामने आया है कि AI तकनीक का दुरुपयोग किसी की निजी जिंदगी और प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है.

कैसे सामने आया मामला?

रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेत्री को पता चला कि सोशल मीडिया पर उनकी कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं. दावा किया जा रहा था कि ये तस्वीरें किसी फिल्म की शूटिंग से जुड़ी हैं, लेकिन जांच में सामने आया कि ये कंटेंट AI तकनीक की मदद से तैयार किया गया था. अभिनेत्री ने साफ किया कि वायरल हो रही सामग्री पूरी तरह फर्जी है और उसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है. इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस से शिकायत दर्ज कराई.


पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

शिकायत मिलने के बाद बेंगलुरु साइबर क्राइम पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान तीन लोगों की पहचान की गई, जिन पर कथित तौर पर फर्जी तस्वीरें और वीडियो बनाने और उन्हें ऑनलाइन फैलाने का आरोप है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल कथित रूप से AI आधारित कंटेंट तैयार करने और प्रसारित करने में किया गया था. सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

जांच का दायरा बढ़ा

साइबर क्राइम अधिकारी अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इस पूरे नेटवर्क में और लोग भी शामिल थे. जांच एजेंसियां यह जानने में जुटी हैं कि फर्जी तस्वीरें और वीडियो कितने प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किए गए और उन्हें कितने लोगों तक पहुंचाया गया. विशेषज्ञों का कहना है कि डीपफेक और AI मॉर्फिंग तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल ने साइबर अपराध की नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं. खासकर फिल्मी सितारों और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को ऐसे मामलों का अधिक सामना करना पड़ रहा है.


अभिनेत्री ने पहले ही दी थी चेतावनी

गिरफ्तारियों से पहले अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर लोगों को आगाह किया था. उन्होंने कहा था कि इंटरनेट पर प्रसारित हो रही तस्वीरें पूरी तरह मनगढ़ंत हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति की छवि खराब करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल बेहद गंभीर मामला है और इसे हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए.

करियर में व्यस्त हैं अभिनेत्री

विवाद के बीच अभिनेत्री अपने आगामी बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा में हैं. वह जल्द ही Yash के साथ फिल्म Toxic में नजर आएंगी. इसके अलावा निर्देशक Prashanth Neel की फिल्म Dragon में भी उनकी अहम भूमिका बताई जा रही है, जिसमें Jr. NTR मुख्य भूमिका में हैं. वहीं अभिनेता Dhanush की आगामी फिल्म D56 से भी उनका नाम जोड़ा जा रहा है.

कौन हैं रुक्मिणी वसंत?

दक्षिण भारतीय सिनेमा की उभरती हुई स्टार रुक्मिणी वसंत आज कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा हैं. अपनी दमदार एक्टिंग, प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस और अलग तरह के किरदारों के दम पर उन्होंने कम समय में दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है. हाल ही में वह ऋषभ शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'कांतारा: चैप्टर 1' में राजकुमारी कनकौती की भूमिका को लेकर सुर्खियों में रही हैं.

रुक्मिणी का फिल्मी सफर 2019 में कन्नड़ फिल्म 'बिरबल ट्रायोलॉजी' से शुरू हुआ था, लेकिन उन्हें असली लोकप्रियता 2023 की चर्चित रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'सप्त सागरदाचे एलो' से मिली. इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने खूब सराहा, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर क्रिटिक्स बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया.

फिल्मों के अलावा रुक्मिणी की पृष्ठभूमि भी बेहद प्रेरणादायक है. वह एक सैन्य परिवार से आती हैं. उनके पिता कर्नल वसंत वेणुगोपाल भारतीय सेना के वीर अधिकारी थे, जिन्हें 2007 में जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में आतंकवादियों से लड़ते हुए शहीद होने के बाद अशोक चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया था. कर्नाटक के पहले अशोक चक्र विजेता के रूप में उनका नाम आज भी सम्मान के साथ लिया जाता है.

अभिनय के प्रति अपने जुनून को पेशेवर रूप देने के लिए रुक्मिणी ने लंदन की प्रतिष्ठित रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट (RADA) से एक्टिंग की पढ़ाई की. मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि और शानदार अभिनय कौशल की बदौलत वह आज दक्षिण भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित युवा अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं.

अगला लेख