IND vs AFG 3rd ODI: Gurnoor Brar ने डेब्यू सीरीज में रचा इतिहास, Prasidh Krishna का 5 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में मोहम्मद नबी को क्लीन बोल्ड कर गुरनूर बराड़ ने प्रसिद्ध कृष्णा का 5 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. अब वे भारत की ओर से डेब्यू सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन गए हैं.
IND vs AFG 3rd ODI: अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में भारत के तेज गेंदबाज Gurnoor Brar ने इतिहास रच दिया. वे अब तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन गए हैं. उनके नाम अब 7 विकेट हो गए हैं. इस तरह उन्होंने प्रसिद्ध कृष्णा का 5 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया.
गुरनूर बराड़ ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि मोहम्मद नबी को क्लीन बोल्ड कर हासिल की. नबी को बराड़ ने अपने आठवें ओवर की पहली गेंद पर आउट किया, जो मैच का 38वां ओवर था.
प्रसिद्ध कृष्णा का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
गुरनूर बराड़ ने प्रसिद्ध कृष्णा का 5 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. कृष्णा ने अपने डेब्यू सीरीज में मार्च 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ 6 विकेट चटकाए थे. बराड़ ने पहले और दूसरे मैच में 3-3 विकेट चटकाए थे.
प्रसिद्ध कृष्णा की घातक गेंदबाजी
प्रसिद्ध कृष्णा ने तीसरे वनडे में अफगानिस्तान के खिलाफ घातक गेंदबाजी की. उन्होंने 8.2 ओवर गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर 5 विकेट चटकाए. इस दौरान उन्होंने 2 मेडन ओवर फेंके. कृष्णा ने पारी के 10 ओवरों के अंदर ही 4 विकेट चटका दिए. ऐसा लग रहा था कि वे मोहम्मद सिराज के श्रीलंका के खिलाफ 2023 में लिए गए 5 विकेट का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया. कृष्णा से पहले, जवागल श्रीनाथ, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, सिराज और अर्शदीप सिंह 4 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं.
वनडे में भारत के लिए शुरुआती 10 ओवरों में 4 या उससे ज़्यादा विकेट
- 5 - मोहम्मद सिराज बनाम श्रीलंका, कोलंबो RPS, 2023
- 4 - जवागल श्रीनाथ बनाम श्रीलंका, जोहान्सबर्ग, 2003
- 4 - भुवनेश्वर कुमार बनाम श्रीलंका, पोर्ट ऑफ स्पेन, 2013
- 4 - जसप्रीत बुमराह बनाम इंग्लैंड, द ओवल, 2022
- 4 - मोहम्मद सिराज बनाम श्रीलंका, तिरुवनंतपुरम, 2023
- 4 - अर्शदीप सिंह बनाम दक्षिण अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2023
- 4 - प्रसिद्ध कृष्णा बनाम अफ़गानिस्तान, चेन्नई, 2026
हशमतुल्लाह शहीदी और अजमतुल्लाह उमरजई के बीच शतकीय साझेदारी
हशमतुल्लाह शहीदी और अजमतुल्लाह उमरजई के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी देखने को मिली. दोनों ने 114 गेंद में 105 रन जोड़े. उमरजई 56 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 2 छक्के और 5 चौके शामिल हैं. रहमनुल्लाह गुरबाज 5, इब्राहिम जादरान 11, रहमत शाह 5, डारविश रसूली 1, नबी 21, राशिद खान 5, अल्लाह गजनफर 1 और फरीद अहमद मलिक 0 रन बनाकर आउट हुए. अफगानिस्तान की पूरी टीम 44.2 ओवर में 218 रन पर सिमट गई.
हशमतुल्लाह शहीदी ने जड़ा अपना पहला वनडे शतक
अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने भारत के खिलाफ अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा. यह कारनाम उन्होंने 128 गेंद में किया. उनकी इस शानदार पारी में 13 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. शहीदी 131 गेंद में 128 रन बनाकर आउट हुए.
भारत की प्लेइंग 11
यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा.




