55 चौके, 8 छक्के! कौन हैं Akshara Gupta, जिन्होंने 126 गेंद में ठोका तिहरा शतक? Vaibhav Sooryavanshi से है खास कनेक्शन
बिहार की युवा क्रिकेटर अक्षरा गुप्ता ने महिला अंडर-19 क्रिकेट में इतिहास रचते हुए सिर्फ 126 गेंदों में नाबाद 306 रन ठोक दिए. उनकी इस तूफानी पारी से रक्सौल टीम ने 450 रन बनाए और 329 रन से शानदार जीत दर्ज की.
अक्षरा गुप्ता और वैभव सूर्यवंशी
Who is Akshara Gupta: बिहार की धरती से एक और युवा सितारे ने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है. जहां IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में पहचान बनाई थी, वहीं अब महिला क्रिकेट में अक्षरा गुप्ता ने ऐसा कारनामा कर दिया है, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है.
बिहार महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में रक्सौल की ओर से खेलते हुए 19 साल की अक्षरा गुप्ता ने नाबाद 306 रन की ऐतिहासिक पारी खेली. उन्होंने सिर्फ 126 गेंदों में यह तिहरा शतक जड़ा, जिसमें 55 चौके और 8 छक्के शामिल रहे.
16 गेंद में फिफ्टी, 34 गेंद में शतक
- अक्षरा की बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने महज 16 गेंदों में अर्धशतक और सिर्फ 34 गेंदों में शतक पूरा कर लिया.
- इसके बाद भी उनका बल्ला नहीं रुका और उन्होंने गेंदबाजों पर पूरी तरह दबदबा बनाते हुए नाबाद 306 रन ठोक दिए.
- उनकी इस पारी की बदौलत रक्सौल की टीम ने 40 ओवर में 450 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में विपक्षी टीम सिर्फ 121 रन पर सिमट गई और अक्षरा की टीम ने मुकाबला 329 रन से जीत लिया.
- अक्षरा की इस पारी को महिला घरेलू क्रिकेट की सबसे यादगार पारियों में शामिल किया जा रहा है. उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता, टाइमिंग और लंबे समय तक क्रीज पर टिके रहने की क्षमता साफ दिखाई दी.
कौन हैं अक्षरा गुप्ता?
अक्षरा गुप्ता बिहार के रक्सौल, पूर्वी चंपारण से आती हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने करीब 8 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था. शुरुआती दौर में सुविधाओं की कमी के बावजूद परिवार के सहयोग से उन्होंने घर पर बने प्रैक्टिस नेट में मेहनत जारी रखी. उनके पिता राज किशोर शाह चिकन की दुकान चलाते हैं, जबकि मां रीना देवी गृहिणी हैं. परिवार ने अक्षरा के क्रिकेट सपने को पूरा करने के लिए लगातार उनका साथ दिया.
2024 में अक्षरा का चयन बिहार की अंडर-19 महिला टीम में हुआ था और कम उम्र में ही उन्हें टीम की जिम्मेदारी भी मिली. अब यह तिहरा शतक उनके करियर का ऐसा पड़ाव बन गया है, जिसने उन्हें भारतीय महिला क्रिकेट के भविष्य के सितारों की सूची में ला खड़ा किया है.




