Begin typing your search...

IPL में 'ओए अंधेरे' वाली कमेंट पर छिड़ा था विवाद, क्या उसके बाद अर्शदीप-तिलक के बिगड़ गए रिश्ते? PBKS खिलाड़ी ने खोला राज

आईपीएल 2026 के दौरान अर्शदीप सिंह को तिलक वर्मा पर ओए अंधेरे वाली कमेंट करने को लेकर काफी सवाल उठे थे. अब इस मामले पर प्रभसिमरन सिंह ने अपनी राय सामने रखी है.

Arshdeep Singh andhere comment Tilak Varma
X

Arshdeep Singh andhere comment Tilak Varma

( Image Source:  X/ X/ @ImshikharNegi, @DeshiBeast35 )

आईपीएल 2026 के दौरान पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबले से पहले सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था. वीडियो में पंजाब किंग्स के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा को 'ओए अंधेरा' कहते हुए सुना गया था. वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और कई यूजर्स ने इस टिप्पणी को नस्लीय टिप्पणी करार देते हुए अर्शदीप की आलोचना शुरू कर दी थी.

इस विवाद के बाद अर्शदीप सिंह को लेकर कई तरह की चर्चाएं होने लगीं. यहां तक कि ऐसी खबरें भी सामने आईं कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें व्लॉगिंग गतिविधियां बंद करने की सलाह दी है. हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था. अब इस पूरे मामले पर पंजाब किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

तिलक-अर्शदीप पर क्या बोले प्रभसिमरन?

प्रभसिमरन सिंह ने इनसाइडस्पोर्ट से बातचीत के दौरान अर्शदीप और तिलक वर्मा के रिश्ते को लेकर महत्वपूर्ण बात कही. उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों खिलाड़ियों के बीच काफी अच्छी दोस्ती है और लोग इस मामले को अनावश्यक रूप से बढ़ा रहे हैं. उन्होंने कहा "अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा बहुत अच्छे दोस्त हैं. वे एक-दूसरे के साथ कुछ भी कर सकते हैं. यह हम पर भी निर्भर करता है कि हम निजी मामलों को कैसे लेते हैं. दोनों ने साथ में बहुत क्रिकेट खेला है, इसलिए लोगों को यह मामला उन पर ही छोड़ देना चाहिए."

क्या विवाद का अर्शदीप पर पड़ा असर?

प्रभसिमरन सिंह ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर हुई आलोचना का अर्शदीप सिंह के मानसिक संतुलन या खेल पर कोई असर नहीं पड़ा है. उन्होंने बताया "नहीं (अर्शदीप प्रभावित नहीं हुए). उनके चरित्र की यही खूबी है कि वे उतार-चढ़ाव दोनों में एक जैसे रहते हैं. हर कोई जानता है कि वे कितने मेहनती हैं. अब, उनके निजी जीवन की घटनाओं के आधार पर उनके क्रिकेट प्रदर्शन का आकलन करना गलत होगा."

इंस्टाग्राम से हटाई थी पोस्ट

विवाद के बीच अर्शदीप सिंह एक और वजह से चर्चा में आ गए थे. भारतीय तेज गेंदबाज ने अचानक अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से बड़ी संख्या में पोस्ट और रील्स हटा दीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं. रिपोर्ट्स के अनुसार, अर्शदीप ने अपने अकाउंट से लगभग 200 पोस्ट और रील्स हटा दिए, जिसके बाद उनकी प्रोफाइल पर केवल 44 पोस्ट ही दिखाई देने लगीं.

अर्शदीप की इंस्टाग्राम प्रोफाइल से हटाई गई सामग्री में कई लोकप्रिय और वायरल पोस्ट भी शामिल थीं. इनमें भारत की चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीत के जश्न के दौरान विराट कोहली के साथ बनाई गई उनकी चर्चित रील भी शामिल थी, जिसे क्रिकेट फैंस ने काफी पसंद किया था.

अगला लेख