नोएडा की सोसाइटी में बड़ा हादसा, बेसमेंट पार्किंग में तेज रफ्तार कार ने मां-बेटी को कुचला; CCTV में कैद हुई घटना
नोएडा के सेक्टर-79 स्थित महागुन मिराबेला सोसाइटी में एक दर्दनाक हादसे ने निवासियों को झकझोर कर रख दिया. देर रात बेसमेंट पार्किंग में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं.
Mahagun Mirabella Society Basement Accident
नोएडा के सेक्टर-79 स्थित महागुन मिराबेला सोसाइटी में एक दर्दनाक हादसे ने निवासियों को झकझोर कर रख दिया. देर रात बेसमेंट पार्किंग में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार को पार्किंग क्षेत्र में तेज गति से आते और मां-बेटी को टक्कर मारते देखा जा सकता है.
हादसे के बाद सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग में वाहनों की गति को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं कर रहा था, जिसके चलते यह गंभीर दुर्घटना हुई. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है.
कब हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, सोसाइटी निवासी अरुण शर्मा रविवार रात करीब 11 बजे अपनी पत्नी कृतिका शर्मा और दोनों बेटियों के साथ कार से सामान उतारकर अपने फ्लैट की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बेसमेंट पार्किंग के एक मोड़ से तेज गति में आई होंडा अमेज कार ने कृतिका शर्मा और उनकी छोटी बेटी को टक्कर मार दी. घटना इतनी अचानक हुई कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कार सीधे मां-बेटी को अपनी चपेट में लेती चली गई.
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद महिला और उसकी बेटी कार के नीचे फंस गईं. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और करीब चार मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को वाहन के नीचे से बाहर निकाला. इसके बाद घायल मां-बेटी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया.
कैसी है दोनों की हालत?
परिजनों के अनुसार, पांच वर्षीय बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. हालांकि कृतिका शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि हादसे में उनकी कई पसलियां टूट गई हैं. इसके अलावा पेट और कंधे में भी गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों को उनकी सर्जरी करनी पड़ी और फिलहाल उनका इलाज जारी है.
क्या बोले सोसाइटी निवासी?
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि बेसमेंट पार्किंग क्षेत्र में वाहनों की अधिकतम गति सीमा "10 किलोमीटर प्रति घंटा" निर्धारित है. इसके बावजूद हादसे के समय कार की रफ्तार लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है. लोगों का आरोप है कि चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाया, जिससे यह गंभीर दुर्घटना हुई. घटना के बाद सोसाइटी में पार्किंग सुरक्षा मानकों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है.




