Begin typing your search...

पहली मुलाकात में प्यार का वो 'इलेक्ट्रिक शॉक' और फिर राजीव गांधी की हरकत, जिसने सोनिया को रुला दिया

सोनिया गांधी की किताब में राजीव गांधी के साथ कैम्ब्रिज के दिनों का खास किस्सा है. जानिए मे बॉल से पहले राजीव के गुस्से और सोनिया के आंसुओं की पूरी कहानी.

पहली मुलाकात में प्यार का वो इलेक्ट्रिक शॉक और फिर राजीव गांधी की हरकत, जिसने सोनिया को रुला दिया
X

हर लव स्टोरी की तरह सोनिया गांधी और राजीव गांधी की प्रेम कहानी के कई ऐसे किस्से हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं. आइए, स्टेट मिरर के जरिए मैं आपको वो कहानी सुनाता हूं, जिसे रेयर लोग ही जानते होंगे. लव स्टोरी का कहानी यह है कि पहली मुलाकात में राजीव को देखकर सोनिया को ऐसा लगा था, जैसे उन्हें इलेक्ट्रिक शॉक लग गया हो. धीरे-धीरे दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्यार में बदल गया. लेकिन प्यार में हमेशा सब कुछ अच्छा नहीं होता. कभी कभार कुछ अप्रत्याशित भी होता, जो न केवल चौंकाता है बल्कि रुलाता भी है. सोनिया गांधी के राजीव से प्यार के शुरुआती चरणों में भी कुछ ऐसा ही हुआ जो अमूमन हर लव स्टोरी में देखने और सुनने को मिलते हैं.

दरअसल, हुआ यह कि दोनों की लव स्टोरी में एक ऐसा मौका भी आया, जब राजीव के गुस्से ने सोनिया की आंखों में आंसू ला दिए. बात इतनी बढ़ गई कि राजीव ने सोनिया के चेहरे पर एक कार्ड के टुकड़े फेंक दिए और वहां से चले गए. बाद में वही राजीव वापस लौटे और उन्होंने कुछ ऐसे शब्द कहे कि सोनिया का गुस्सा और दुख दोनों कम हो गए.

सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'Belonging: A Journey of Love' में राजीव के साथ बिताए शुरुआती दिनों के कई दिलचस्प और भावनात्मक किस्से साझा किए हैं. इनमें कैम्ब्रिज में आयोजित होने वाले मे बॉल का किस्सा भी शामिल है. यह घटना बताती है कि राजीव आमतौर पर शांत स्वभाव के थे, लेकिन समय की पाबंदी को लेकर बेहद गंभीर थे.

कैम्ब्रिज में कैसे बढ़ रही थी राजीव और सोनिया की नजदीकी?

सोनिया गांधी अपनी किताब में बताती हैं कि कैम्ब्रिज में पढ़ाई के दौरान उनकी जिंदगी में कई नए अनुभव जुड़ रहे थे. स्कूल में पढ़ाने के तरीके ने उनके भीतर छिपी खूबियों को निखारा था. वह पूरे उत्साह के साथ अपनी कक्षाओं में जाने लगी थीं. उनकी एक रिपोर्ट में लिखित काम को मुहावरेदार, धाराप्रवाह और हास्य से भरपूर बताया गया था. मौखिक रूप से भी उनकी तारीफ की गई थी.

वीकेंड पर स्कूल की तरफ से लंदन घूमने जाने का कार्यक्रम बनता था. इन यात्राओं के दौरान सोनिया ने पहली बार स्पेनिश क्लासिकल गिटार के मशहूर कलाकार आंद्रेस सेगोविया को सुना और अपना पहला संगीत नाटक 'माई फेयर लेडी' देखा. इसके अलावा वह राजीव के साथ भी लंदन जाती थीं. वहां दोनों राजीव के दोस्तों से मिलते, किंग्स रोड पर घूमते और किसी कैफे में बैठकर वक्त बिताते थे.

उन दिनों किंग्स रोड युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय था. वहां का फैशन, लोगों का पहनावा और संगीत का माहौल सोनिया को काफी आकर्षित करता था. सोनिया बताती हैं कि उस दौर में बीटल्स, मिक जैगर और रोलिंग स्टोन्स का जबरदस्त क्रेज था. पार्टियों में ट्विस्ट और शेक जैसे डांस का चलन था.

राजीव को संगीत, खासकर जैज पसंद था. हालांकि, वह डांस करने में काफी शर्माते थे. सोनिया के मुताबिक, डांस फ्लोर पर वह उनसे बिल्कुल अलग थे. सोनिया को डांस पसंद था, जबकि राजीव इससे दूर रहना पसंद करते थे. बहुत जिद करने पर ही वह धीमे गानों पर डांस करते थे.

मे बॉल को लेकर क्यों थी इतनी तैयारी?

सोनिया बताती हैं कि कैम्ब्रिज में अकादमिक वर्ष के आखिर में मे बॉल का आयोजन होता था. यह पूरी रात चलने वाला एक पारंपरिक समारोह था. विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए यह साल के सबसे खास आयोजनों में से एक था.

इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए काफी पहले से तैयारियां करनी पड़ती थीं. महंगे टिकट खरीदने होते थे. प्री-बॉल डिनर के लिए टेबल बुक करनी पड़ती थी और अगली सुबह नाश्ते के लिए भी सीटें आरक्षित करानी होती थीं. इसके अलावा पहनावे और कार्यक्रम से जुड़े कई नियम थे.

सोनिया की परेशानी यह थी कि वह समय की पाबंदी को लेकर उतनी गंभीर नहीं थीं. वह खुद इसे अपनी इटैलियन आदत बताती हैं. उनके दक्षिणी यूरोपीय दोस्तों के बीच भी तय समय से देर से पहुंचना कोई असामान्य बात नहीं थी. लेकिन राजीव का स्वभाव इससे बिल्कुल अलग था. वह समय पर पहुंचने को लेकर बेहद गंभीर रहते थे.

सोनिया के देर से तैयार होने पर क्यों भड़क गए राजीव?

मे बॉल के दिन राजीव अपने कुछ दोस्तों के साथ सोनिया को लेने पहुंचे. लेकिन वहां पहुंचकर उन्होंने जो देखा, उससे वह हैरान रह गए. सोनिया ने अभी तक तैयार होना भी शुरू नहीं किया था. उनका इवनिंग गाउन तक प्रेस नहीं हुआ था.

सोनिया के मुताबिक, राजीव को उनके देर से तैयार होने की बात बिल्कुल पसंद नहीं आई. उन्होंने पहले भी राजीव को समय पर न पहुंचने को लेकर नाराज होते देखा था, लेकिन उस दिन उनका गुस्सा कुछ अलग ही था.

राजीव का चेहरा अचानक पीला पड़ गया. उनके हाथ कांपने लगे. उन्होंने अपनी जेब से मे बॉल का निमंत्रण कार्ड निकाला और उसे चार टुकड़ों में फाड़ दिया. इसके बाद उन्होंने वे टुकड़े सोनिया के चेहरे पर फेंक दिए और वहां से बाहर निकल गए.

सोनिया के लिए यह सब चौंकाने और हताश करने वाला था. उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि अचानक ऐसा क्या हो गया. कुछ ही देर में वहां अफरा-तफरी मच गई. राजीव के दोस्त उन्हें रोकने और वापस लाने की कोशिश करने लगे. कुछ दोस्त उन्हें समझाने के लिए पीछे भागे. दूसरी तरफ सोनिया रो रही थीं. उनके साथी किराएदार भी आसपास जमा हो गए और उन्हें शांत कराने की कोशिश करने लगे.

सोनिया ने इस पूरे घटनाक्रम को किसी फिल्म के दृश्य जैसा बताया है. एक तरफ राजीव के दोस्त उन्हें मनाने में लगे थे, दूसरी तरफ सोनिया की आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे.

आखिर कैसे वापस लौटे राजीव और क्या कहा सोनिया से?

कुछ देर बाद राजीव अपने दो दोस्तों के साथ वापस आ गए. वह डिनर जैकेट पहने हुए थे और थोड़े अस्त-व्यस्त लग रहे थे, लेकिन अब शांत हो चुके थे.

राजीव सोनिया के सामने आए और उन्होंने कहा, "हम दोनों की गलती है, सोनिया. अब तैयार हो जाओ; चलो भूल जाते हैं कि क्या हुआ."

राजीव की इस बात के बाद सोनिया ने तुरंत कोई जवाब नहीं दिया. वह अभी भी उस घटना से आहत थीं और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि क्या कहें. इस बीच हॉल में रखी एक छोटी टेबल के पास दोस्तों ने फटे हुए निमंत्रण कार्ड को टेप से जोड़ने की कोशिश शुरू कर दी.

सोनिया जल्दी-जल्दी तैयार हुईं. उनकी आंखें अब भी लाल और सूजी हुई थीं. इसके बाद वह राजीव और उनके दोस्तों के साथ बाहर निकल गईं. हालांकि, सोनिया के मन में अभी भी यह सवाल था कि राजीव को इतना गुस्सा क्यों आया था.

फटे हुए कार्ड की वजह से मे बॉल के गेट पर क्या हुआ?

राजीव और सोनिया के लिए मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई थीं. मे बॉल में प्रवेश के लिए काफी सख्त नियम थे. पहनावे से लेकर व्यवहार और तौर-तरीकों तक हर चीज का ध्यान रखा जाता था. ऐसे में निमंत्रण कार्ड का फटा होना बड़ी परेशानी बन सकता था.

दोस्तों ने कार्ड को टेप से जोड़ तो दिया था, लेकिन उन्हें डर था कि प्रवेश द्वार पर इसे देखकर आयोजक उन्हें अंदर जाने से रोक सकते हैं.

आखिरकार सभी ट्रिनिटी गेट पहुंचे. वहां प्रवेश के दौरान राजीव का कार्ड अलग कर लिया गया. गेट पर मौजूद व्यक्ति ने कार्ड की हालत देखकर उनसे सवाल किया कि वह ऐसा कार्ड लेकर क्यों आए हैं. क्या उन्हें पता नहीं था कि इस तरह का कार्ड स्वीकार नहीं किया जा सकता?

उस समय राजीव को शर्मिंदगी महसूस हुई. उन्होंने पूरी सच्चाई बताने के बजाय बात को थोड़ा बदलकर पेश किया. गेट पर मौजूद व्यक्ति शायद उनकी ईमानदारी से प्रभावित हुआ और उसने उन्हें अंदर जाने की अनुमति दे दी. हालांकि, साथ में दोस्ताना अंदाज में चेतावनी भी दी.

एक मुस्कान ने कैसे बदल दिया सोनिया का मूड?

गेट पर प्रवेश की अनुमति मिलते ही राजीव ने राहत की सांस ली. उन्होंने सोनिया की तरफ देखा और उन्हें एक बड़ी-सी मुस्कान दी. सोनिया लिखती हैं कि राजीव की उस मुस्कान ने तुरंत उनका मूड बदल दिया.

इसके बाद दोनों ने दोस्तों के साथ पूरी रात मे बॉल में बिताई. उन्होंने पार्टी का खूब आनंद लिया और दिन की शुरुआत में हुई नाराजगी पीछे छूट गई.

सोनिया के मुताबिक, उस दिन की घटना से दोनों ने समय की पाबंदी का सबक सीखा, जिसे वे कभी नहीं भूले. राजीव का गुस्सा, सोनिया के आंसू, फटे हुए निमंत्रण कार्ड और फिर उनकी मुस्कान- यह पूरा वाकया उनकी प्रेम कहानी का ऐसा हिस्सा बन गया, जिसमें प्यार के साथ रिश्तों की छोटी-छोटी नोकझोंक भी दिखाई देती है.

Sonia Gandhiस्टेट मिरर स्पेशल
अगला लेख