माइक किसने बंद किया? मंच पर बोलने नहीं दिया तो CM धामी पर बरसे MLA हरीश धामी, पोडियम तोड़ा, कुर्सियां फेंकी; मारपीट और गाली-गलौज का VIDEO
उत्तराखंड के जौलजीबी मेले में माइक बंद होने पर कांग्रेस विधायक हरीश धामी भड़क गए. CM पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधा, पोडियम तोड़ा और कुर्सियां फेंकी. VIDEO वायरल.
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में प्रसिद्ध जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में शनिवार को जमकर हंगामा हुआ. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी को मंच पर संबोधन का मौका नहीं मिलने से विवाद खड़ा हो गया. आरोप है कि जब विधायक ने बोलना शुरू किया तो उनका माइक बंद कर दिया गया.
इससे नाराज हरीश धामी ने मंच पर ही विरोध जताना शुरू कर दिया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि विधायक ने माइक फेंक दिया और मंच पर रखी कुर्सियां भी फेंकने लगे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
माइक बंद होने पर भड़के कांग्रेस विधायक, CM धामी पर साधा निशाना
जानकारी के मुताबिक, जौलजीबी मेले के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे. इसी दौरान स्थानीय विधायक हरीश धामी को मंच से अपनी बात रखने का मौका नहीं मिलने पर नाराजगी बढ़ गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जाने के बाद विधायक ने विरोध जताना शुरू किया.
वायरल वीडियो में हरीश धामी कहते सुनाई दे रहे हैं, 'मुख्यमंत्री जी, आपको धाकड़ तो सुना था, लेकिन आप क्षेत्रीय विधायक की बात सुने बिना यहां से भाग गए.' इसके बाद उन्होंने मंच से ही सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ नाराजगी जाहिर की.
बताया जा रहा है कि जब विधायक संबोधन कर रहे थे, तभी उनका माइक बंद कर दिया गया. इसके बाद उन्होंने गुस्से में माइक फेंक दिया. वीडियो में वह मंच पर हंगामा करते और कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल करते भी दिखाई दे रहे हैं.
समर्थकों ने भी किया हंगामा, पोडियम तोड़ने का आरोप
विधायक के विरोध के बाद उनके समर्थक भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया. आरोप है कि कुछ समर्थकों ने मंच पर चढ़कर पोडियम तोड़ दिया और कुर्सियां फेंकीं. कार्यक्रम के साउंड सिस्टम से जुड़े कर्मचारियों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं. हालांकि, घटना को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
2027 में CM धामी के खिलाफ प्रचार करने की चुनौती
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर राजनीतिक हमला भी बोला. उन्होंने 2022 में जनता से किए गए वादों का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने क्षेत्र की समस्याओं और स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं को नजरअंदाज किया है.
विधायक ने मुख्यमंत्री को 2027 के विधानसभा चुनाव में राजनीतिक चुनौती देते हुए कहा कि वह जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, वहां उनके खिलाफ प्रचार करेंगे. इस घटना के बाद जौलजीबी मेले का उद्घाटन कार्यक्रम राजनीतिक विवाद में बदल गया है. अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस और बीजेपी समर्थकों के बीच भी बहस छिड़ गई है.




