छठ पूजा 2026: 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य, जानें पटना-दिल्ली समेत प्रमुख शहरों में सूर्यास्त का समय और महत्व
Chhath Puja 2026: 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा. जानें पटना, दिल्ली, लखनऊ समेत प्रमुख शहरों में सूर्यास्त का समय और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने का महत्व.
15 नवंबर को छठ महापर्व का तीसरा दिन है. इस दिन डूबते हुए सूर्य को सांध्य अर्घ्य देने का विशेष महत्व होता है. 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य दिया जाएगा. आइए जानते हैं संध्या अर्घ्य का महत्व, पूजा का समय और इस दिन की जाने वाली प्रमुख परंपराओं के बारे में.
संध्या अर्घ्य का समय- 15 नवंबर 2026
छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं. इस परंपरा को संध्या अर्घ्य कहा जाता है. इस दिन व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी, तालाब या किसी अन्य जलाशय के किनारे पहुंचते हैं. वहां बांस के सूप और दउरा में पूजा की सामग्री, फल, ठेकुआ, नारियल और गन्ना आदि रखकर सूर्यदेव की आराधना की जाती है. सूर्यास्त के समय जल और दूध से उन्हें अर्घ्य दिया जाता है.
छठ पूजा सांध्य अर्घ्य का समय
- पटना: शाम 05:01 बजे
- लखनऊ: शाम 05:16 बजे
- दिल्ली: शाम 05:27 बजे
- इंदौर: शाम 05:43 बजे
- मुंबई: शाम 06:00 बजे
छठ पूजा में संध्या अर्घ्य का क्या है महत्व?
छठ पूजा में डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा का विशेष धार्मिक महत्व है. इस दिन व्रती जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना करते हैं. धार्मिक मान्यता है कि संध्या के समय सूर्यदेव अपनी पत्नी प्रत्यूषा के साथ होते हैं. इस दौरान उन्हें अर्घ्य अर्पित करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है.मान्यता के अनुसार, जो श्रद्धालु डूबते सूर्य की आराधना करते हैं, उन्हें अगले दिन उगते सूर्य को भी अर्घ्य अवश्य देना चाहिए. धार्मिक ग्रंथों में सूर्यदेव के तीन स्वरूप बताए गए हैं. सुबह के समय उन्हें ब्रह्मा स्वरूप, दोपहर में विष्णु स्वरूप और संध्या काल में शिव स्वरूप माना जाता है.
ऐसी मान्यता है कि संध्या अर्घ्य देने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और व्यक्ति को आर्थिक, सामाजिक, मानसिक व शारीरिक सुख की प्राप्ति होती है. छठ पूजा का संबंध विशेष रूप से संतान की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली से भी जोड़ा जाता है. यही वजह है कि इस पर्व में उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य की उपासना भी पूरी श्रद्धा से की जाती है.




