Punjab Da Crorepati: क्या है ये क्विज, कैसे पूछे जाएंगे सवाल और कौन-कौन ले सकता है हिस्सा? जानें FAQ
Punjab Da Crorepati Quiz: पंजाब सरकार की क्विज प्रतियोगिता में जीतें 1 करोड़ रुपये. जानिए उम्र सीमा, योग्यता, इनाम, राउंड और रजिस्ट्रेशन की पूरी जानकारी.
क्या पंजाब के इतिहास, संस्कृति और सामान्य ज्ञान के सवालों का जवाब देकर आप करोड़पति बन सकते हैं? पंजाब सरकार युवाओं के लिए ऐसा ही एक खास मौका लेकर आई है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार, 14 नवंबर को 'पंजाब दा करोड़पति' (Punjab Da Crorepati) नाम से एक क्विज प्रतियोगिता शुरू करने का ऐलान किया. इस प्रतियोगिता के विजेता को 1 करोड़ रुपये का नकद इनाम मिलेगा. कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर होने वाली इस प्रतियोगिता में पंजाब के इतिहास, भाषा, संस्कृति, भूगोल, गणित और सरकारी योजनाओं से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. इसमें 15 से 30 साल तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे. प्रतियोगिता कुल 11 राउंड में होगी, जिनमें 9 ऑनलाइन और 2 ऑफलाइन आयोजित किए जाएंगे. जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ग्रैंड फिनाले में पहुंचने का मौका मिलेगा. लेकिन इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए क्या योग्यता चाहिए, रजिस्ट्रेशन कैसे होगा और किसे कितना इनाम मिलेगा? FAQ से जानिए पूरी जानकारी.
पंजाब दा करोड़पति क्विज से जुड़े सवाल
यह पंजाब सरकार की ओर से शुरू की गई ज्ञान आधारित क्विज प्रतियोगिता है. इसमें युवाओं से पंजाब के इतिहास, संस्कृति, भाषा, भूगोल, गणित और शासन व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. इसका आयोजन कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर किया जाएगा.
प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले के विजेता को 1 करोड़ रुपये मिलेंगे. वहीं, चार रनर-अप को 10-10 लाख रुपये दिए जाएंगे. इसके अलावा कुल 10,000 प्रतिभागियों को पुरस्कार देने की घोषणा की गई है.
इस प्रतियोगिता में 15 से 30 साल तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे. इसके लिए दो आयु वर्ग बनाए गए हैं- स्कूल ग्रुप: 15 से 18 साल. यूथ ग्रुप: 18 साल से अधिक और 30 साल तक.
प्रतिभागियों को निर्धारित आयु सीमा और प्रतियोगिता की पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी. सरकारी अधिसूचना के मुताबिक, पंजाब के शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले दूसरे राज्यों के छात्र भी निर्धारित शर्तों के तहत हिस्सा ले सकते हैं.
इस प्रतियोगिता में कुल 11 राउंड होंगे. इनमें 9 राउंड ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से और दो राउंड ऑफलाइन आयोजित किए जाएंगे. दसवें राउंड में 23 जिलों के प्रतिभागियों के बीच मुकाबला होगा.
इसमें पंजाब का इतिहास, पंजाबी भाषा, संस्कृति, भूगोल, गणित, पंजाबियत और राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. प्रश्न बैंक में करीब 50 हजार सवाल होने की जानकारी दी गई है.
सरकार प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पोर्टल और डिजिटल व्यवस्था तैयार कर रही है. रजिस्ट्रेशन, दस्तावेजों के सत्यापन और प्रतियोगिता की तारीखों से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी घोषित होनी बाकी है.




