मनचाहा प्यार, वशीकरण, बच्चे न होना जैसे पोस्टर ट्रेन में लगाने वाला गिरफ्तार, ऐसे खुली 'बंगाली बाबा' की पोल
मुंबई में रेलवे प्रशासन की सतर्कता के चलते नकली बाबा के पोस्टर लगाकर अवैध प्रचार करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.
Fake bengali baba poster
मुंबई में रेलवे प्रशासन की सतर्कता के चलते नकली बाबा के पोस्टर लगाकर अवैध प्रचार करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. इंडियन रेलवे की सेंट्रल रेलवे और वेस्टर्न रेलवे की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई सीक्रेट सूचना के आधार पर की. मामला मुंबई के रे रोड इलाके से जुड़ा है, जहां रेलवे परिसर में बिना अनुमति पोस्टर चिपकाकर प्रचार किया जा रहा था.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन वरिष्ठ डीएससी/बीबी के निर्देश पर चलाया गया. जांच के दौरान सामने आया कि रेलवे की संपत्ति का इस्तेमाल व्यावसायिक लाभ के लिए अवैध रूप से किया जा रहा था, जो सुरक्षा और नियमों दोनों का उल्लंघन है.
कैसे हुई छापेमारी?
रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर रे रोड स्थित मीरा अली दरगाह, दारुखाना इलाके में छापा मारा. इस कार्रवाई में एसआईपीएफ/जी.के. राय (आईटी सेल), सेंट्रल रेलवे के एएसआई पी.के. मिश्रा, एसआईपीएफ/एस. के. सोनी और वेस्टर्न रेलवे की संयुक्त टीम शामिल थी. छापेमारी के दौरान एमडी नज़ीर अंदारी के बेटे एमडी रज़ुल को मौके से करीब 15,000 रुपये मूल्य के पोस्टरों के साथ पकड़ा गया.
क्या रेलवे से ली थी अनुमति?
जांच में सामने आया कि ये पोस्टर रेलवे परिसर में चिपकाकर कथित ‘बाबा’ के नाम पर प्रचार-प्रसार और व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए लगाए गए थे. पूछताछ में एमडी रज़ुल ने स्वीकार किया कि उसने रेलवे प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली थी और अवैध रूप से परिसर का उपयोग किया. इसके बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.
क्या अन्य लोग भी हैं शामिल?
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पोस्टर छपवाने और रेलवे के डिब्बों में चिपकाने में अन्य लोग भी शामिल थे. प्रिंटिंग एजेंसी के लेन-देन और पोस्टर पेस्टिंग नेटवर्क की जांच जारी है. अधिकारियों ने संकेत दिया है कि इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल नियमों के पालन के लिए नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी जरूरी थी. बिना अनुमति पोस्टर लगाना और व्यावसायिक गतिविधियां चलाना रेलवे परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है.





