'गले के गहनों पर पड़ी नजर और खत्म हो गई जिंदगी', व्हीलचेयर पर बैठे पति के सामने 69 साल की पत्नी की घोंटकर हत्या, पल में सब खत्म
बेंगलुरु के नेलमंगला में 69 वर्षीय महिला की उसके घर में हत्या कर 100 ग्राम से अधिक सोना लूट लिया गया. पुलिस ने CCTV और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को छह घंटे में गिरफ्तार कर लिया.
गले में चमकते गहनों को देखकर शायद किसी के मन में कभी यह ख्याल नहीं आता कि वही चमक किसी की जिंदगी बुझा देगी. बेंगलुरु के नेलमंगला में 69 साल की शोभा के साथ यही हुआ. जिस घर में वह पिछले 12 वर्षों से अपने ब्रेन स्ट्रोक से जूझ रहे पति की सेवा में दिन-रात लगी थीं, उसी घर में उनके सामने इंसानियत का कत्ल हो गया. व्हीलचेयर पर बैठा लाचार पति कुछ समझ पाता, उससे पहले पड़ोसी पानी मांगने के बहाने अंदर घुसा और लालच में अंधा होकर उनकी गला घोंटकर हत्या कर दी.
सोचिए, उस पल को एक बेबस पति, जो खुद चल फिर नहीं सकता, अपनी जीवनसंगिनी को बचाने की कोशिश भी नहीं कर पाया. 100 ग्राम सोने की कीमत शायद बाजार तय कर सकता है, लेकिन उस एक पल में टूटा भरोसा, उजड़ा सहारा और खत्म हुई 69 साल की जिंदगी की कीमत कौन लगाएगा? यह सिर्फ एक लूट या हत्या की खबर नहीं, बल्कि उस दर्द की कहानी है जिसमें लालच ने रिश्तों, भरोसे और इंसानियत को मात दे दी. यह दर्द उस समय और बढ़ जाता जब दंपत्ति का कोई संतान न हो.
बेंगलुरु में सनसनीखेज वारदात
दरअसल, यह घटना कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी इलाके नेलमंगला इलाके की है. घर में एक 69 वर्षीय महिला की उसके घर के अंदर गला घोंटकर हत्या कर दी गई. घटना के वक्त उसका पति, जो 12 साल पहले ब्रेन स्ट्रोक के बाद से व्हीलचेयर पर है, घर में ही मौजूद था. बेबस पति के सामने पड़ोसी ने उसके 69 साल की पत्नी की हत्या कर दी.
पानी मांगने के बहाने घर में घुसा आरोपी
बेंगलुरु पुलिस के अनुसार 36 वर्षीय आरोपी शिवकुमार पड़ोसी है. वह पानी मांगने के बहाने घर में दाखिल हुआ. महिला के पहने हुए सोने के गहनों पर उसकी नजर पड़ी. शाम करीब 4 बजे जब महिला घर लौटी, आरोपी ने चाकू से हमला किया और बाद में गला घोंट दिया. वारदात के बाद वह 100 ग्राम से ज्यादा सोने के गहने लेकर फरार हो गया.
पीड़िता कौन थी?
मृतका की पहचान शोभा के रूप में हुई है. वह अपने पति की अकेली देखभाल करती थी, जो 12 साल पहले आए ब्रेन स्ट्रोक के बाद से बिस्तर पर हैं. दंपति के कोई संतान नहीं थी और वे नेलमंगला इलाके में रहते थे.
6 घंटे में पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी
कर्नाटक की राजधानी की नेलमंगला टाउन पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के CCTV फुटेज खंगाले. टाउन पुलिस इंस्पेक्टर भरत गौड़ा ने बताया कि CCTV एनालिसिस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया. चोरी की ज्वेलरी भी बरामद कर ली गई है.
कर्ज चुकाने के लिए रची थी साजिश
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह भारी कर्ज में डूबा था. कर्ज चुकाने के लिए उसने लूट की योजना बनाई. जब महिला ने विरोध किया तो उसने उसकी हत्या कर दी.
क्या पहले भी कर चुका है ऐसे अपराध?
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले किसी अन्य आपराधिक मामले में शामिल रहा है या नहीं, यह तो जांच में सामने आएगा. फिलहाल, यह घटना बुजुर्ग दंपतियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी पकड़ा गया, लेकिन इस वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है.





