Begin typing your search...

CJP प्रोटेस्ट की आंच धर्मेंद्र प्रधान के परिवार तक पहुंची, बेटी को बंद करना पड़ा इंस्टाग्राम अकाउंट; क्यों यूजर्स के निशाने पर हैं नैमिषा?

CJP आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बेटी नैमिषा प्रधान ने विदेश में पढ़ाई को लेकर सोशल मीडिया पर बढ़ते विरोध के बाद अपना अकाउंट बंद कर दिया. वहीं, धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया और संसद में चर्चा की पेशकश दोहराई.

Dharmendra pradhan daughter naimisha social media account disabled
X

Dharmendra Pradhan की बेटी Naimisha 

( Image Source:  instagram.com/dpradhanbjp )

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का दिल्ली के जंतर-मंतर में आंदोलन जारी है. बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं. वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. इसी बीच, सोशल मीडिया पर मंत्री की बेटी नैमिषा प्रधान को निशाना बनाया जाने लगा, जिसकी वजह से नैमिषा ने अपना सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर दिया.

दरअसल, नैमिषा प्रधान ने अमेरिका के मैसाचुसेट्स स्थित एक विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ लॉ (LLM) की पढ़ाई पूरी की है. आंदोलन के दौरान कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके पुराने पोस्ट और अकाउंट खोज निकाले और विदेश में पढ़ाई को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए. कई पोस्ट में दावा किया गया कि जब देश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, तब शिक्षा मंत्री की बेटी का विदेश में पढ़ना विरोधाभासी संदेश देता है.

नैमिषा के खिलाफ कार्रवाई की मांग

विवाद यहीं नहीं रुका. कुछ यूजर्स ने उस विश्वविद्यालय के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी जाकर 'Dharmendra Pradhan Resign' जैसे कमेंट किए और नैमिषा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. हालांकि, यह भी सामने आया कि उन्होंने वर्ष 2023 में अपनी LLM की पढ़ाई पूरी कर ली थी.

क्या बोले सोशल मीडिया यूजर्स?

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं दो हिस्सों में बंटी नजर आईं. एक वर्ग ने शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए उनकी बेटी को भी आलोचना का हिस्सा बनाया, जबकि दूसरे वर्ग ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि के परिवार को राजनीतिक विवाद में घसीटना उचित नहीं है. कई लोगों ने स्पष्ट कहा कि सवाल सरकार और मंत्री से पूछे जाने चाहिए, न कि उनके परिवार से.

क्या करती हैं नैमिषा प्रधान?

नैमिषा प्रधान यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) में पब्लिक पॉलिसी एसोसिएट के तौर पर काम कर रही हैं. इसके साथ ही, वह कला के फील्ड में भी अपनी अलग पहचान बना रही हैं. नैमिषा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से संबंधित लेडी श्री राम कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में बीए किया है. इसके बाद उन्होंने ओपी जिंदल ग्लोबल लॉ स्कूल से एलएलबी किया. फिर विदेश से LLM की डिग्री हासिल की.

धर्मेंद्र प्रधान ने CJP आंदोलन पर क्या कहा?

इसी बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने CJP आंदोलन पर पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर छात्रों के मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार संसद में NEET समेत छात्रों के सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष ने बहस के बजाय टकराव का रास्ता चुना.

प्रधान ने कहा कि छात्रों को केवल आक्रोश नहीं, बल्कि जवाब, सुधार और जवाबदेही मिलनी चाहिए. सरकार इसी दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है.

अगला लेख